मोकामा के पूर्व विधायक बाहुबली अनंत सिंह आज सुबह 9 बजे पटना के अपने आवास से मोकामा के लिए निकलेंगे।
.
वह एनएच-31 से बख्तियारपुर, अथमलगोला और बाढ़ होते हुए मोकामा जाएंगे। बख्तियारपुर से ही लोग उनके स्वागत के लिए माला लेकर सड़कों पर खड़े रहेंगे।
बाढ़ के दाहौर और भुवनेश्वरी चौक के पास उनका स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वह मोकामा विधानसभा क्षेत्र जाएंगे।
परशुराम स्थान में करेंगे पूजा अर्चना
एनएच किनारे रहने वाले ढीबर, रैली, पंडारक, मेकरा, सुल्तानपुर, बरहपुर और शिवनार गांव के लोग भी उनका स्वागत करेंगे। मोकामा पहुंचकर वह सुप्रसिद्ध परशुराम स्थान में पूजा अर्चना करेंगे।
इसके बाद मोकामा, हाथीदह, मरांची होते हुए बाहापर तक जाएंगे। वहां वह लोगों से मुलाकात करेंगे। फिर बड़हिया मां महारानी मंदिर में आशीर्वाद लेकर काफिले के साथ अपने पैतृक गांव नदावां पहुंचेंगे।
जेल से बाहर निकलने पर समर्थकों ने अनंत सिंह को माला पहनाई।
गौरतलब है कि हाईकोर्ट से मंगलवार को अनंत सिंह को मोकामा गोलीकांड मामले में जमानत मिली थी। बुधवार को वह जेल से बाहर निकले और काफिले के साथ पटना स्थित अपने आवास पहुंचे थे।
बाहुबली अनंत सिंह बुधवार शाम करीब साढ़े 4 बजे पटना की बेऊर जेल से बाहर निकले थे। 7 महीने बाद वे जेल से बाहर आए। अनंत सिंह 3 करोड़ की लैंड क्रूजर से अपने घर के लिए निकले। उनके साथ समर्थकों का हुजूम भी रहा।
जेल से बाहर निकलते ही अनंत सिंह ने कहा- ‘मैं नीतीश कुमार जी की पार्टी JDU से चुनाव लड़ूंगा। उन्होंने बिहार का बहुत विकास किया है। नीतीश जी अभी 25 साल और रहेंगे। कौन क्या कह रहा है उससे हमको मतलब नहीं है। विरोधी कभी किसी की तारीफ करते हैं क्या।’
मंगलवार को मोकामा शूटआउट केस में जेल में बंद पूर्व विधायक अनंत सिंह को पटना हाईकोर्ट से जमानत मिली थी। अनंत सिंह ने अपने X पर लिखा है कि 7 अगस्त को पटना से मोकामा जाएंगे। इसके लिए पोस्टर भी जारी किया गया है।
अनंत सिंह के जेल से बाहर निकलने की तस्वीरें देखिए…

3 करोड़ की लैंड क्रूजर से अनंत सिंह घर के लिए निकले।

जेल के बाहर पूर्व विधायकों के समर्थकों की भीड़ देखी गई।

