अशोकनगर कृषि उपज मंडी में मंगलवार को मक्का के कम दाम मिलने से किसानों ने हंगामा कर दिया। किसान मंडी गेट पर इकट्ठा हुए और सड़क पर बैठकर जाम लगा दिया। उनका कहना था कि कम कीमत से उन्हें नुकसान हो रहा है।
.
किसानों ने बताया कि मक्का की नीलामी ₹1000–₹1100 प्रति क्विंटल से शुरू की जा रही है और अधिकतम ₹1300–₹1400 प्रति क्विंटल तक ही बोली लग रही है। किसानों के मुताबिक यह कीमत उनके खर्च और मेहनत के हिसाब से बेहद कम है।
नमी जांचने वाली मशीनों पर भी सवाल उठाए
किसानों ने आरोप लगाया कि मक्का की नमी मापने वाली मशीनें अलग-अलग रीडिंग दिखा रही हैं। किसानों का कहना है कि सूखे मक्का को भी गीला बताकर खरीद कम दामों में की जा रही है।
पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा
हंगामे की सूचना पर कोतवाली TI रवि प्रताप चौहान, यातायात TI स्नेहा ठाकुर और देहात TI भुवनेश शर्मा पुलिस बल के साथ पहुंचे। वहीं नायब तहसीलदार और मंडी प्रशासन के अधिकारी भी किसानों से बात करने पहुंचे।
प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
किसानों की मांग- न्यूनतम बोली ₹1500 से शुरू हो
किसानों ने कहा कि नवंबर में आने वाला मक्का सूखा रहता है, फिर भी उसे गीला बताकर कीमत घटाई जा रही है। उन्होंने मांग की कि बोली कम से कम ₹1500 प्रति क्विंटल से शुरू की जाए और नमी जांचने वाली मशीनों का उपयोग बंद किया जाए।
अधिकारियों ने किसानों की मांगों पर विचार करने का भरोसा दिया। इसके बाद किसानों ने चक्का जाम खत्म किया। मौके पर देर तक भीड़ बनी रही।

