उदयपुर में जिप लाइन राइड के दौरान दो टूरिस्ट 70 फीट ऊंचाई पर फंस गए। नीचे सड़क पर वाहन गुजर रहे थे। यह देख दोनों की सांसें अटक गईं। जान बचाने के लिए चिल्लाने लगे। पहले से वहां मौजूद रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुंची और ढाई मिनट में दोनों का सुरक्षित व
.
मामला पिछोला झील के किनारे का बुधवार शाम 6 बजे का है। इसका वीडियो सामने आया है। जिसमें जिप लाइन के बीच में टूरिस्ट लटके नजर आ रहे हैं। पर्यटक गुजरात के रहने वाले थे। संचालक कहना है कि अचानक मौसम बदलने और तेज हवा के कारण ऐसा हुआ।
भास्कर टीम गुरुवार को जिप लाइन गई और पूरा मामला जाना। संचालक ने मॉकड्रिल भी करवाकर दिखाई कि किस तरह राइडर को जिप लाइन में भेजा जाता है और कैसे राइडर के फंसने पर रेस्क्यू किया जाता है।
पिछोला झील के पास दूधतलाई स्थित जिप लाइन के बीच में लटके टूरिस्ट और रेस्क्यू टीम का सदस्य।
गुजरात से आए थे चार दोस्त
पिछोला झील के पास रोप-वे के सामने दूधतलाई स्थित जिप लाइन है। इसके संचालक शरद अग्रवाल ने बताया- दीनदयाल पार्क से माणिक्यलाल वर्मा पार्क के बीच जिप लाइन राइड करवाते हैं। इस राइड की कुल दूरी 630 मीटर है, जिसे पार करने में केवल 45 सेकेंड लगते हैं।
संचालक ने बताया- बुधवार शाम को गुजरात के चार पर्यटक सुनील,अल्पेश,ऋत्विक और सुमित जिप लाइन राइड करने आए थे।
तेज हवा चलने पर फंसे
दीनदयाल पार्क से दो-दो के समूह में दोस्त जिप लाइन पर सवार हुए थे। एक ग्रुप को जिप लाइन के दूसरे छोर माणिक्यलाल वर्मा पार्क पहुंचना था। इससे करीब 20 मीटर पहले ही अचानक तेज हवा चलने लगी। जिससे वे जिप लाइन के बीच में अटक गए। इससे दोनों घबरा गए और जान बचाने के लिए चिल्लाने लगे।
इसके बाद रेस्क्यू टीम के सदस्य उनके पास पहुंचे और ढाई मिनट में दोनों को रेस्क्यू कर दीनदयाल पार्क वाले प्वाइंट पर वापस लेकर आए। अग्रवाल ने बताया कि ऐसी स्थिती में हमारी रेस्क्यू टीम हमेशा अलर्ट रहती है और राइडर के पास पहुंचकर पास वाले पॉंइट पर रेस्क्यू कर लेकर जाती है।
भास्कर टीम जिप लाइन गई इस दौरान संचालक ने मॉकड्रिल भी करवाकर दिखाई। देखिए-मॉकड्रिल के PHOTO

राइडर को हेलमेट पहनाकर और कमर पर बेल्ट बांधकर जिप लाइन के लिए भेजा जाता है।

राइडर के जिप लाइन के बीच में फंसने पर रेस्क्यू टीम का सदस्य उसे वापस लेने जाता हुआ।

राइडर्स की पूरी सुरक्षा का ध्यान रखते हुए और सेफ्टी बेल्ट बांधकर ही रवाना किया जाता है।
8 माह पहले शुरू हुई जिप लाइन
- दूधतलाई वाले इस प्वाइंट पर 14 अक्टूबर 2025 को जिप लाइन का शुभारंभ किया गया था।
- अंदरूनी शहर में पहली बार दूधतलाई पर इस जिप लाइन को शुरू किया गया है।
- प्रति यात्री 400 रुपए टिकट है। 8 महीने से चल रही इस जिप लाइन पर महीने में औसत करीब 600 यात्री आते हैं। सीजन के समय यह संख्या डबल हो जाती है।
उदयपुर में चीरवा-अंबेरी में भी है जिप लाइन
- उदयपुर में वैसे नाथद्वारा रोड पर भी जिप लाइन संचालित है। वहां पर चीरवा स्थित फूलों की घाटी और पुरोहितों का तालाब के पास जैव विविधता पार्क में भी जिप लाइन कराई जाती है।
- संचालन वन सुरक्षा एवं प्रबंध समितियां करती हैं।

