उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने जयपुर के ईपी मिराज सिनेमा में आयोजित फिल्म ‘कृष्णावतारम’ की विशेष स्क्रीनिंग में हिस्सा लिया। इस अवसर पर फिल्म में भगवान श्रीकृष्ण की भूमिका निभाने वाले अभिनेता सिद्धार्थ और सत्यभामा की भूमिका निभाने वाली अभिनेत्री संस्कृति भी मौजूद रहीं। स्क्रीनिंग के दौरान जनप्रतिनिधियों, सामाजिक हस्तियों, उद्योग जगत से जुड़े लोगों और बड़ी संख्या में लोगों ने भी फिल्म का अवलोकन किया। फिल्म देखने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि उन्हें पहले से ही बताया गया था कि ‘कृष्णावतारम’ एक अच्छी फिल्म है, लेकिन फिल्म देखने के बाद यह उनकी अपेक्षाओं से भी कहीं अधिक प्रभावशाली और शानदार लगी। उन्होंने कहा कि फिल्म का निर्देशन बेहद सुंदर है। कलाकारों की अभिनय क्षमता भी शानदार है। मुझे लगता है कि यह फिल्म हर व्यक्ति को अपने परिवार के साथ जाकर देखनी चाहिए। इसमें मनोरंजन के साथ-साथ भारतीय संस्कृति, धर्म और जीवन मूल्यों को समझने का अवसर भी मिलता है। दिया कुमारी ने कहा कि वर्तमान समय में लोगों के पास धार्मिक और सांस्कृतिक विषयों को विस्तार से जानने का समय कम होता जा रहा है, ऐसे में ‘कृष्णावतारम’ जैसी फिल्में समाज को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करती हैं। उन्होंने कहा कि फिल्म के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनके आदर्शों और उनकी शिक्षाओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया है। दिया कुमारी ने कहा कि फिल्म केवल धार्मिक कथा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह महिला सशक्तिकरण और महिला उत्थान का भी मजबूत संदेश देती है। उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं की भूमिका, सम्मान और उनकी शक्ति को जिस तरह फिल्म में दर्शाया गया है, वह दर्शकों को सकारात्मक सोच के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं के बारे में जितना कहा जाए उतना कम है। पूरी फिल्म में ऐसे कई प्रसंग हैं, जिनसे दर्शकों को बहुत कुछ सीखने, समझने और जानने का अवसर मिलेगा। यह फिल्म सिर्फ मनोरंजन नहीं बल्कि एक प्रेरणादायक अनुभव है। दिया कुमारी ने फिल्म के सभी कलाकारों के अभिनय की सराहना करते हुए कहा कि प्रत्येक कलाकार ने अपने किरदार को जीवंत बनाने में पूरी मेहनत की है। उन्होंने फिल्म के निर्देशन, प्रस्तुति, तकनीकी पक्ष और निर्माण टीम की भी प्रशंसा की और फिल्म की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। विशेष स्क्रीनिंग के दौरान जयपुर सांसद मंजू शर्मा, जयपुर जिला प्रमुख राम चोपड़ा, भाजपा जिला अध्यक्ष अमित गोयल, आदर्श नगर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा नेता रवि नैय्यर, किशनपोल विधानसभा क्षेत्र से भाजपा नेता चंद्र मनोहर बटवाड़ा, ईपी के जनरल मैनेजर अरुण टाक सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Source link

