Last Updated:
एयर इंडिया (Air India) की बेंगलुरु से दिल्ली जा रही फ्लाइट AI2802 में उड़ान के दौरान हल्की आग लगने की घटना सामने आई है. हालांकि, विमान सुरक्षित तरीके से लैंड कर गया और सभी यात्री व क्रू सदस्य पूरी तरह सुरक्षित बताए गए हैं. एयर इंडिया ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा है कि मामले की जांच की जा रही है और संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर काम किया जा रहा है.
एयर इंडिया इसके कारणों की जांच कर रही है. (सांकेतिक तस्वीर)
नई दिल्ली. एयर इंडिया (Air India) की एक घरेलू उड़ान में गुरुवार को उड़ान के दौरान हल्की आग लगने की जानकारी सामने आई है. यह घटना बेंगलुरु से दिल्ली जा रही फ्लाइट AI2802 में हुई. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, विमान बाद में सुरक्षित तरीके से लैंड कर गया और किसी यात्री या क्रू सदस्य को कोई नुकसान नहीं पहुंचा. एयर इंडिया ने इस घटना पर आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा कि कंपनी मामले से अवगत है और फिलहाल पूरी जानकारी जुटाई जा रही है. एयरलाइन ने साफ किया कि विमान सुरक्षित रूप से उतर चुका है और सभी यात्री व क्रू सदस्य सुरक्षित हैं.
एयर इंडिया (Air India) की तरफ से जारी बयान में कहा गया, “हमें फ्लाइट AI2802 से जुड़ी घटना के बारे में पता चला है. विमान सुरक्षित रूप से लैंड कर चुका है और सभी यात्री व क्रू सदस्य सुरक्षित हैं.” कंपनी ने आगे कहा, “हम फिलहाल अतिरिक्त जानकारी जुटा रहे हैं और संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं. जैसे-जैसे अधिक जानकारी उपलब्ध होगी, आगे की अपडेट साझा की जाएंगी.”
जांच में जुटी एयरलाइन और अधिकारी
फिलहाल, एयर इंडिया ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि आग किस हिस्से में लगी थी और इसकी वजह क्या रही. शुरुआती स्तर पर तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है. विमानन सुरक्षा से जुड़े अधिकारी भी पूरे मामले की समीक्षा कर रहे हैं. हाल के महीनों में विमानन सुरक्षा को लेकर कई घटनाओं के बाद एयरलाइंस और नियामक एजेंसियां अतिरिक्त सतर्कता बरत रही हैं. ऐसे मामलों में आमतौर पर विमान के सिस्टम, वायरिंग, इलेक्ट्रिकल यूनिट और केबिन उपकरणों की विस्तृत जांच की जाती है.
कल भी हुई थी दुर्घटना
एयर इंडिया की एक अन्य उड़ान के साथ बुधवार को भी दुर्घटना हुई थी. दिल्ली से बेंगलुरु जा रही फ्लाइट AI2651 की लैंडिंग के दौरान बेंगलुरु एयरपोर्ट पर टेल स्ट्राइक की घटना हुई. एयरलाइन के मुताबिक, विमान सुरक्षित तरीके से उतर गया और सभी यात्री व क्रू सामान्य रूप से बाहर निकल गए. जानकारी के मुताबिक, यह घटना उस समय हुई जब एक बड़ा वाइड बॉडी विमान उड़ान भर चुका था और उसकी वजह से बने वेक टर्बुलेंस के कारण एयर इंडिया (Air India) के एयरबस A321 विमान को एहतियातन गो अराउंड करना पड़ा. इसी दौरान टेल स्ट्राइक की घटना हुई.
About the Author

मैं जय ठाकुर, न्यूज18 हिंदी में सीनियर सब-एडिटर के तौर पर अपनी सेवाएं दे रहा हूं. मेरा मुख्य काम बिजनेस की पेचीदा खबरों को आसान भाषा में लोगों तक पहुंचाना है. फिर चाहे वह शेयर बाजार की हलचल हो, देश की इकोनॉमी क…और पढ़ें

