किशनगंज पुलिस और बिहार STF की संयुक्त टीम ने कुर्लीकोट थाना क्षेत्र के कौआभीठा (वार्ड-19) से ब्राउन शुगर और हथियारों की तस्करी में शामिल तीन तस्करों को दबोच लिया। इस अभियान में भारी मात्रा में ब्राउन शुगर, एक देशी कट्टा और जिंदा कारतूस जब्त किए गए है
.
सूत्रों के अनुसार, किशनगंज के एसपी सागर कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र में तस्करों का नेटवर्क सक्रिय है और बड़ी मात्रा में ब्राउन शुगर की खेप आने वाली है। इसके बाद एसटीएफ के सहयोग से एक विशेष टीम गठित की गई और त्वरित कार्रवाई की गई।
कौआभीठा स्थित ठिकाने पर छापेमारी, तीन पकड़े गए
पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कौआभीठा, वार्ड नंबर-19 में छापेमारी की और तीन लोगों को मौके से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार तस्करों की पहचान इस प्रकार है, तहसीन रजा, सुभान आलम उर्फ आर्यन, साजिद आलम तीनों कौआभीठा, कुर्लीकोट थाना क्षेत्र के निवासी हैं और तीनों सैदुर रहमान के पुत्र बताए जाते हैं।
“ब्राउन शुगर और अवैध हथियार बेचते हैं”, पूछताछ में स्वीकारोक्ति
पूछताछ में तीनों आरोपियों ने ब्राउन शुगर और हथियार की सप्लाई करने की बात स्वीकार की।पुलिस ने उनकी निशानदेही पर कुल जब्ती की—
- 390.96 ग्राम ब्राउन शुगर
- एक देशी कट्टा
- एक जिंदा कारतूस
- एक खोखा
- लोहे का ब्लेड (नशा काटने के लिए उपयोग में)
एक आरोपी का आपराधिक इतिहास, पहले भी पकड़ा जा चुका है। गिरफ्तार आरोपियों में सुभान आलम उर्फ आर्यन पहले भी जेल जा चुका है। उसके खिलाफ गलगलिया थाना क्षेत्र में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज है।
- कांड संख्या – 84/24
- धारा – NDPS एक्ट
- तारीख – 27 अक्टूबर 2024
एक बार फिर उसके पकड़े जाने से पुलिस की थ्योरी मजबूत हुई है कि यह पूरा गिरोह लंबे समय से सक्रिय था।
कुल दो नए केस दर्ज, आगे भी हो सकती है और गिरफ्तारी
इस कार्रवाई के बाद कुर्लीकोट थाना में दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई हैं —
- कांड संख्या 60/25
- कांड संख्या 61/25
तीनों के खिलाफ NDPS एक्ट और Arms Act के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब इनके नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है। कई और तस्करों की गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।
नशा और हथियार तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता
थाना अध्यक्ष ने कहा, यह बरामदगी किशनगंज जिले में नशीले पदार्थों और अवैध हथियारों के प्रसार के खिलाफ एक बड़ी सफलता है। आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

