कोटा शहर पुलिस ने अपराध और मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ऑपरेशन गरुड़व्यूह के तहत रेलवे कॉलोनी थाना पुलिस ने 54 किलो 940 ग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि अनंतपुरा थाना पुलिस ने हनी ट्रैप और अपहरण के मामले में पांच हजार रुपये के इनामी आरोपी को दबोच लिया है। सिटी एसपी तेजस्विनी गौतम ने बताया कि रेलवे कॉलोनी थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक भारी मात्रा में डोडा चूरा लेकर ट्रेन से पंजाब जाने की तैयारी में हैं। पुलिस ने टीटीई विश्राम गृह के पास दोनों को दो ट्रॉली बैग और दो हैंड बैग के साथ पकड़ा। पूछताछ में उनकी पहचान पंजाब के बठिंडा निवासी गगनदीप उर्फ गगन (20) और आकाशदीप सिंह (19) के रूप में हुई। तलाशी लेने पर दोनों के बैगों से कुल 54 किलो 940 ग्राम अफीम डोडा चूरा बरामद हुआ। जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी चित्तौड़गढ़ और आसपास के क्षेत्रों से सस्ते दामों में डोडा चूरा खरीदकर पंजाब में महंगे दामों में बेचते थे। पुलिस ने दोनों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। वहीं, अनंतपुरा थाना पुलिस ने हनी ट्रैप, अपहरण और लूट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे पांच हजार रुपये के इनामी आरोपी अजय मीणा उर्फ बिड्डू (22) को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर एक व्यक्ति को लोन दिलाने का झांसा देकर युवती के माध्यम से बुलाने, झूठे दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर अपहरण करने और एटीएम से 95 हजार रुपये निकलवाने का आरोप है।
Source link

