Monday, December 1, 2025
Homeराज्यबिहारगयाजी जिले में ओवरऑल 68.52% मतदान: 10 सीटों पर 125 प्रत्याशी,...

गयाजी जिले में ओवरऑल 68.52% मतदान: 10 सीटों पर 125 प्रत्याशी, 14 नवंबर को होगी काउंटिंग; टाउन सीट पर सबसे कम 59.45 फीसदी वोटिंग – Gaya News


बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे फेज के तहत आज गयाजी जिले की 10 विधानसभा सीटों पर मंगलवार को मतदान शांतिपूर्ण एवं स्वच्छ वातावरण में संपन्न हो गया। पूरे जिले में शाम 6 बजे तक 68.52 प्रतिशत मतदान हुआ। हालांकि, फाइनल आंकड़ा अभी आना बाकी है। जिले के 29 लाख

.

पुरुष वोटर्स की संख्या 15 लाख, 63 हजार, 126 जबकि महिला मतदाताओं की संख्या 14 लाख, 06 हजार, 273 है। वहीं, थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या 36 है। इस बार 50 हजार 969 नए यानी फर्स्ट टाइम वोटर रजिस्टर्ड किए गए हैं। जिले में 3866 मतदान केंद्र बनाए गए थे।

विधानसभा वाइज वोटिंग प्रतिशत

विधानसभा शाम 6 बजे दोपहर 3 बजे दोपहर 1 बजे सुबह 11 बजे
अतरी 63.60 58.21 47.71 32.05
इमामगंज 66.68 61.88 51.39 34.68
गया टाउन 59.45 52.30 39.09 11.14
गुरूआ 71.02 66.73 55.91 37.99
टिकारी 69.75 64.37 53.38 35.59
बाराचट्‌टी 73.14 66.97 54.10 36.91
बेलागंज 73.21 65.86 52.77 35.28
बोधगया 69.97 64.36 52.21 34.65
वजीरगंज 66.23 60.40 48.82 32.83
शेरघाटी 72.17 66.24 53.77 35.36

जिले में 125 प्रत्याशियों में से कुल 6 महिला प्रत्याशी

गयाजी जिले की 10 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ रहे कुल 125 प्रत्याशियों में से सिर्फ 6 महिला प्रत्याशी चुनावी मैदान में थीं। इनमें से 3-3 महिला कैंडिडेट एनडीए और महागठबंधन से थे। इमामगंज और बेलागंज से एनडीए की प्रत्याशी दीपा मांझी और मनोरमा देवी चुनावी ताल ठोंक रही थी। इनके अलावा, बाराचट्टी विधानसभा सीट से एनडीए की कैंडिडेट ज्योति देवी चुनावी मैदान में थीं।

वहीं, इमामगंज से दीपा मांझी के मुकाबले महागठबंधन सीट से ऋतु प्रिया चौधरी, जबकि बाराचट्टी विधानसभा सीट से ज्योति देवी के मुकाबले तनुश्री चुनावी मैदान में थीं। वहीं, अतरी विधानसभा सीट से महागठबंधन से वैजयंती देवी चुनावी ताल ठोंक रही थीं।

चुनावी मैदान में कौन-कौन से बड़े चेहरे

गयाजी नगर सीट से बीते 8 बार से विधायक चुने जा रहे डॉ. प्रेम कुमार 9वीं बार चुनाव मैदान में थे। वे एनडीए के भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे थे। यदि जीतते हैं तो उनका नाम गिनीज बुक में दर्ज हो जाएगा।

इमामगंज से दीपा मांझी एनडीए में शामिल HAM पार्टी के टिकट पर चुनावी मैदान में थे। दीपा मांझी केंद्रीय मंत्री और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी की बहू हैं। दीपा मांझी पिछले साल हुए उपचुनाव में जीत कर पहली बार विधायक बनी थीं। अब एक बार फिर चुनाव मैदान में हैं।

टिकारी विधानसभा सीट से अनिल कुमार चुनाव लड़ रहे थे। वे पूर्व मंत्री भी रह चुके हैं। बीते दिनों उन पर चुनाव प्रचार के दौरान जानलेवा हमला हुआ था। उस हमले में उनका एक हाथ भी टूटा था।

बेलागंज से मनोरमा देवी भी एनडीए में शामिल जदयू के टिकट पर चुनाव लड़ रही थीं। मनोरमा देवी बिहार विधानसभा चुनाव में महिला उम्मीदवारों में सबसे अमीर हैं। मनोरमा देवी की कुल संपत्ति 75 करोड़ से अधिक बताई जा रही है। वे बेलागंज से एमएलसी भी रह चुकी हैं।

अलायंस में कितनी सीटों पर कौन?

जिले की 10 विधानसभा सीटों पर एनडीए में शामिल भाजपा 3, जदयू एक, HAM 4 और लोजपा 2 विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ रही थी। गयाजी नगर विधानसभा सीट से भाजपा के प्रेम कुमार, वजीरगंज से भाजपा के वीरेंद्र सिंह, बेलागंज से जदयू की मनोरमा देवी, टिकारी से हम के अनिल कुमार, इमामगंज से हम की दीपा मांझी, बाराचट्टी से हम की ज्योति मांझी, अतरी से हम के रोमित कुमार, शेरघाटी से लोजपा के उदय सिंह, बोधगया से लोजपा के श्यामदेव पासवान और गुरुआ से भाजपा के उपेंद्र दांगी चुनावी मैदान में थे।

वहीं, महागठबंधन की ओर से राजद 8 जबकि कांग्रेस 2 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ रही थी। वजीरगंज से कांग्रेस के अवधेश सिंह, गयाजी नगर विधानसभा सीट से कांग्रेस के मोहन श्रीवास्तव, जबकि बेलागंज से राजद के विश्वनाथ, टिकारी से राजद के अजय दांगी, गुरुआ से राजद के विनय कुमार, इमामगंज से राजद की ऋतु प्रिया चौधरी, बाराचट्टी से राजद की तनुश्री, शेरघाटी से राजद के प्रमोद वर्मा, बोधगया से राजद के कुमार सर्वजीत और अतरी से राजद की वैजयंती देवी चुनावी मैदान में थे।

अब जान लीजिए, किस विधानसभा सीट पर कौन आमने-सामने?

गयाजी नगर विधानसभा सीट

गयाजी नगर सीट एनडीए से भाजपा के डॉ. प्रेम कुमार और महागठबंधन से कांग्रेस प्रत्याशी मोहन श्रीवास्तव के बीच कड़ी टक्कर है। प्रेम कुमार गया नगर विधानसभा सीट से वर्तमान में विधायक हैं। इसके अलावा वे नीतीश कुमार की सरकार में मंत्री भी हैं।

प्रेम कुमार का मुकाबला महागठबंधन के प्रत्याशी और कांग्रेस नेता अखौरी ओंकारनाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव से हैं। इस सीट पर जन सुराज के उम्मीदवार धीरेंद्र अग्रवाल भी चुनावी मैदान में हैं। धीरेंद्र अग्रवाल झारखंड के चतरा लोकसभा से सांसद भी रहे हैं।

बोधगया विधानसभा सीट

महागठबंधन से राजद प्रत्याशी कुमार सर्वजीत और एनडीए से लोजपा प्रत्याशी श्यामदेव पासवान आमने सामने हैं। महागठबंधन उम्मीदवार और राजद नेता कुमार सर्वजीत फिलहाल इस सीट से विधायक हैं। उनका मुकाबला एनडीए कैंडिडेट और लोजपा रामविलास के नेता श्यामदेव पासवान से है।

एनडीए और महागठबंधन के दोनों प्रत्याशियों को जन सुराज के कैंडिडेट लक्ष्मण मांझी भी टक्कर देंगे। लक्ष्मण मांझी हम पार्टी के नेता थे, जिन्हें चुनाव के ठीक पहले पार्टी ने अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण बाहर का रास्ता दिखाया था।

बाराचट्टी विधानसभा सीट

एनडीए से हम पार्टी के प्रत्याशी ज्योति मांझी और महागठबंधन से राजद प्रत्याशी तनुश्री आमने-सामने हैं। ज्योति देवी फिलहाल, बाराचट्टी विधानसभा सीट से विधायक हैं। ज्योति देवी केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की समधन हैं।

ज्योति देवी का मुकाबला महागठबंधन कैंडिडेट और राजद की नेता तनुश्री कुमारी से है। दोनों महिला कैंडिडेट को जन सुराज के उम्मीदवार हेमंत कुमार भी टक्कर देंगे।

इमामगंज विधानसभा सीट

एनडीए से हम की प्रत्याशी दीपा मांझी व राजद प्रत्याशी ऋतु प्रिया चौधरी आमने सामने हैं। दीपा कुमारी केंद्रीय मंत्री और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी की बहू हैं। पिछले साल हुए विधानसभा उपचुनाव में उन्हें इमामगंज से जीत हासिल हुई थी और वे पहली बार विधायक बनी थी।

दीपा मांझी का मुकाबला महागठबंधन प्रत्याशी और राजद नेता ऋतु प्रिया चौधरी से है। दोनों महिला उम्मीदवारों को जन सुराज के प्रत्याशी डॉक्टर अजीत कुमार भी टक्कर देंगे।

शेरघाटी विधानसभा सीट

महागठबंधन से राजद प्रत्याशी प्रमोद वर्मा और एनडीए से लोजपा (रामविलास) के उदय कुमार आमने-सामने हैं। लेकिन यहां जन सुराज के पवन किशोर और निर्दलीय प्रत्याशी भगत यादव भी रेस में बने हुए हैं।

गुरुआ विधानसभा सीट

महागठबंधन से राजद प्रत्याशी विनय कुमार व एनडीए से भाजपा के उपेंद्र सिंह आमने सामने हैं। इनके अलावा, यहां से जन सुराज के उम्मीदवार संजीव श्याम सिंह भी चुनावी मैदान में हैं। संजीव श्याम सिंह पूर्व एमएलसी हैं।

टिकारी विधानसभा सीट

एनडीए से हम प्रत्याशी अनिल कुमार और महागठबंधन से राजद के अजय दांगी आमने सामने हैं। यहां से जन सुराज के प्रत्याशी शशि कुमार भी चुनावी मैदान में हैं।

बेलागंज विधानसभा सीट

एनडीए से जदयू प्रत्याशी मनोरमा देवी और राजद प्रत्याशी विश्वनाथ यादव आमने सामने हैं। इन दोनों नेताओं का मुकाबला जन सुराज के शहाबुद्दीन से भी है।

वजीरगंज विधानसभा सीट

महागठबंधन से कांग्रेस प्रत्याशी अवधेश सिंह और भाजपा प्रत्याशी वीरेंद्र सिंह आमने सामने चल रहे हैं। दोनों के बीच कड़ी टक्कर है। इनके अलावा, जन सुराज के कैंडिडेट संतोष कुमार और तेज प्रताप यादव की पार्टी जनशक्ति जनता दल के प्रत्याशी प्रेम कुमार भी चुनावी मैदान में हैं।

अतरी विधानसभा सीट

एनडीए से हम के प्रत्याशी रोमित कुमार और महागठबंधन से राजद प्रत्याशी वैजयंती देवी आमने सामने हैं। इसके अलावा, जन सुराज के उम्मीदवार शैलेंद्र सिंह और जनशक्ति जनता दल के उम्मीदवार अविनाश कुमार सोनू भी चुनावी मैदान में हैं।

गयाजी जिले में 16 मतदान बूथ अति संवेदनशील

जिले में 16 बूथ अति संवेदशील के रूप में चिह्नित किए गए थे। 16 में से 14 इमामगंज विधानसभा और 2 बाराचट्टी विधानसभा में थे। ये दोनों विधानसभा अति नक्सल प्रभावित क्षेत्र हैं। बताया गया है कि पहली बार अति संवेदशील बूथों पर ही मतदान कराया जा रहा है। इससे पहले चुनाव के दौरान सभी चिह्नित अति संवेदनशील बूथों को दूसरे पास के सुरक्षित गांव में शिफ्ट किया जाता था ताकि किसी प्रकार की परेशानी न हो।



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments