बीजेपी के फायर ब्रांड नेता और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने आज एक बार फिर लालू यादव के परिवार पर जोरदार तंज कसा है। उन्होंने कहा है कि यह सब स्तरहीन लोग हैं। चरवाहा विद्यालय खोलने वाले को क्या पता कि विकास क्या होता है, इनको तो शर्म होनी चाहिए।
.
आज देर शाम बेगूसराय में गिरिराज सिंह ने कहा कि लालू यादव के खानदान को विकास से कोई मतलब नहीं रहा है। मुख्यमंत्री के लिए जिस तरह के शब्द का प्रयोग किया गया, प्रधानमंत्री के लिए जिस तरह के शब्द का प्रयोग किया, वह शब्द कम से कम अपने ऊपर देखना चाहिए।
15 साल आपने भी काम किया, क्या किया, चरवाहा विद्यालय खोला। नरेंद्र मोदी एवं नीतीश कुमार मेडिकल कॉलेज खोल रहे हैं, क्या तुलना कर रहा है यह लोग।
सदर अस्पताल में गिरिराज सिंह।
वज्रपात से मौत की सूचना पर पहुंचे अस्पताल
दरअसल, अपने संसदीय क्षेत्र बेगूसराय के भ्रमण पर आए गिरिराज सिंह आज भगवानपुर में वज्रपात से दो लोगों की मौत की जानकारी मिलते ही सदर अस्पताल पहुंचे। परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दिया और डॉक्टर को तुरंत पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया।
उन्होंने परिजनों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है। इसी दौरान गिरिराज सिंह ने सदर अस्पताल के विभिन्न व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि भगवानपुर में आज वज्रपात से एक बेटा और एक बेटी की मौत हुई। काफी दुखद घटना है।
ऑक्सीजन प्लांट को ठीक कराया जाएगा
बेगूसराय सदर अस्पताल में बहुत बड़े प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है। पहली बार बिहार सरकार और केंद्र सरकार दोनों मिलकर अस्पताल के जीर्णोद्धार के लिए काम कर रहे हैं। इन्फ्रास्ट्रक्चर की बहुत बड़ी जरूरत है, जो हो रहा है। ऑक्सीजन प्लांट काम नहीं कर रहा है, उसके लिए हमने ईडी (हेल्थ) से बातचीत की है।
ईडी हेल्थ ने कहा है कि पूरे बिहार में कोरोना काल में जो ऑक्सीजन प्लांट लगा, वह केंद्र से आया हो या राज्य से आया हो, जहां भी खराब है, सब को ठीक कराया जाएगा। बेगूसराय सदर अस्पताल में जो ऑक्सीजन प्लांट खराब है, लेकिन बलिया और तेघड़ा अस्पताल में ठीक है। कोरोना बढ़ रहा है, उसके मद्देनजर ही ऑक्सीजन प्लांट पर चर्चा किया है।