शहडोल जिले में इन दिनों कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के कारण जनजीवन व यातायात प्रभावित हो रहा है। इसी बीच, उमरिया-अनूपपुर नेशनल हाईवे-43 पर सड़क हादसा टल गया। घने कोहरे के कारण एक कार निर्माणाधीन अधूरे पुल पर चढ़ गई।
.
घटना सोहागपुर थाना क्षेत्र के ठीक सामने हुई। घने कोहरे के कारण सड़क ठीक से दिखाई नहीं दी और तेज रफ्तार कार सीधे अधूरे पुल पर जा चढ़ी। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि कार सवार लोगों को मामूली चोटें आई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह पुल कई वर्षों से निर्माणाधीन है और अब तक पूरा नहीं हो सका है। हाईवे से पुल की ओर जाने के लिए मिट्टी की पिचिंग की गई है, जिससे हाईवे और पुल की सड़क का स्तर लगभग एक जैसा हो गया है। इसी भ्रम के कारण वाहन चालक अक्सर दुर्घटना का शिकार होते हैं।
सूचना बोर्ड के बिना अधूरा पुल बना हादसों का कारण
हैरानी की बात यह है कि निर्माण एजेंसी ने न तो कोई सूचना पटल लगाया है और न ही चेतावनी के लिए सांकेतिक बोर्ड। स्थानीय निवासी निलेश कुशवाहा ने बताया कि इस अधूरे पुल के आसपास पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें लोगों की जान तक जा चुकी है।
इस समस्या को लेकर सीएम हेल्पलाइन और जिला प्रशासन में कई बार शिकायतें की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। हादसे में शामिल वाहन मालिक अब्दुल हुसैन ने बताया कि वे रात में महेंद्रगढ़ से दियापीपर जा रहे थे। घने कोहरे के कारण उन्हें सड़क का अंदाजा नहीं लग पाया और पुल व हाईवे के बीच कोई स्पष्ट संकेत न होने से कार सीधे पुल पर चढ़ गई।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और यातायात विभाग से जल्द सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।

