बसंतगढ़ जंगल में रविवार दोपहर को एक युवक का शव मिला है।
सिरोही के पिंडवाड़ा थाना क्षेत्र के बसंतगढ़ जंगल में रविवार दोपहर को एक युवक का शव मिला है। युवक की पहचान खाड़ी फली निवासी भीरमाराम पुत्र तेरसा राम के रूप में हुई है। वह पिछले दो दिनों से लापता था।
.
शव की हालत क्षत-विक्षत है। कमर के नीचे का हिस्सा पूरी तरह से गायब था। प्राथमिक जांच में तेंदुए या किसी अन्य वन्य जीव के हमले की आशंका जताई जा रही है। घटनास्थल पर युवक का मोबाइल फोन और चप्पल भी बरामद हुए हैं।
सूचना मिलते ही आबू-पिंडवाड़ा विधायक समाराम गरासिया और पिंडवाड़ा डीएसपी भंवरलाल चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की। शव को पिंडवाड़ा सरकारी अस्पताल की मॉर्चुरी में भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार मौत के कारण का पता मेडिकल बोर्ड से पोस्टमर्टम होने के बाद उसकी रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

