अलवर के सदर थाना क्षेत्र के ऊंटवाल गांव में जनगणना ड्यूटी पर जाते समय नौगांवा क्षेत्र के रब्बाका गांव के स्कूल में कार्यरत थर्ड ग्रेड टीचर की मौत हो गई। टीचर ड्यूटी जाते समय रेलवे पटरी को पार कर रहा था। तभी ट्रेन आ गई। हड़बड़ाहट में ट्रेन की पटरी पार करते समय गिर गया। जिसके सिर में चोट लगी। निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। ऊंटवाल निवासी 57 वर्षीय मुंशीराम मेघवाल गुरुवार सुबह जनगणना कार्य के लिए पैदल पास के गांव जा रहे थे। रेलवे लाइन के समीप अचानक ट्रेन आने पर वह घबरा गए और संतुलन खो बैठे। रेलवे लाइन के किनारे पड़े पत्थरों पर गिर गए, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट लग गई।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें उपचार के लिए अलवर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मुंशीराम मेघवाल नौगांवा क्षेत्र के रब्बाका गांव स्थित राजकीय विद्यालय में थर्ड ग्रेड टीचर के पद पर कार्यरत थे। उनके तीन पुत्र हैं, जो विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं।
घटना की सूचना मिलने पर शिक्षा विभाग में भी शोक की लहर दौड़ गई। सदर थाना पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की तथा शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
Source link

