श्रावस्ती जिले के इकौना थाना क्षेत्र में मोहनीपुर स्थित भारत पेट्रोल पंप पर बीते बृहस्पतिवार डीजल-पेट्रोल को लेकर हुए हंगामे के बाद NH-730 पर सड़क जाम करने के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। इस घटना में शांति व्यवस्था भंग करने, अवरोध उत्पन्न करने और यातायात बाधित करने के आरोप में दर्जनों नामजद व कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। यह हंगामा बीते बृहस्पतिवार को पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता को लेकर उपभोक्ताओं के बढ़ते आक्रोश के कारण शुरू हुआ था। प्रदर्शन ने जल्द ही उग्र रूप ले लिया था, जिसके बाद आक्रोशित लोगों ने मोहनीपुर भारत पेट्रोल पंप के सामने NH-730 को जाम कर दिया था। इस जाम के कारण करीब एक घंटे तक हाईवे पर आवागमन पूरी तरह ठप रहा। भीषण गर्मी में सैकड़ों वाहन चालक, बाइक सवार और पैदल यात्री फंसे रहे, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा था। सूचना मिलते ही इकौना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस की कड़ी मशक्कत के बाद जाम हटवाया गया और हाईवे पर यातायात सामान्य बहाल हो सका। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक मार्ग बाधित करना और शांति भंग करना गंभीर अपराध है, और ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी समस्या को लेकर शांति बनाए रखें और अपनी बात रखने के लिए वैधानिक तथा संवाद के माध्यमों का उपयोग करें।पुलिस ने बताया कि इस प्रकरण की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ आगे भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Source link
डीजल-पेट्रोल को लेकर हाईवे जाम करने वालों पर FIR: मोहनीपुर पेट्रोल पंप पर हंगामे के बाद पुलिस ने खुलवाया था रास्ता – Shravasti News
RELATED ARTICLES

