डूंगरपुर के सागवाड़ा थाना क्षेत्र के गोवाड़ी गांव में हरे पेड़ों की अवैध कटाई और लकड़ियों के परिवहन का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने मौके पर छापा मारकर हरी लकड़ियों से भरा एक ट्रक और लकड़ियां लोड करने में इस्तेमाल की गई क्रेन को जब्त किया है। इस मामले में ट्रक ड्राइवर को भी हिरासत में लिया गया है। डीएसटी प्रभारी पुलिस निरीक्षक मदनलाल के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस को सूचना मिली थी कि क्षेत्र में विभिन्न प्रजातियों के हरे पेड़ों की अवैध कटाई कर उनकी लकड़ियों को गुजरात तस्करी के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। सूचना के आधार पर डीएसटी टीम ने मौके पर दबिश दी, जहां क्रेन की सहायता से हरी लकड़ियां ट्रक में भरी जा रही थीं। पुलिस ने गुजरात नंबर के ट्रक को लकड़ियों सहित और क्रेन को जब्त कर लिया। कार्रवाई के दौरान ट्रक ड्राइवर शंकरलाल पुत्र रंगाजी रोट, निवासी गरियाता, थाना चितरी को हिरासत में लिया गया। जब्त किए गए ट्रक, क्रेन और हिरासत में लिए गए ड्राइवर को अग्रिम कार्रवाई के लिए सागवाड़ा थाना पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया है। साथ ही, मामले की जानकारी वन विभाग को भी दी गई है। पुलिस ने बताया कि पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाले तत्वों और हरे पेड़ों की अवैध कटाई करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। डीएसटी टीम में प्रभारी मदनलाल के साथ मोहनपाल सिंह, मगन, जितेंद्र और अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
Source link

