Last Updated:
Deoghar Street Food: देवघर में दार्जिलिंग स्टाइल मोमोज का स्वाद लोगों को खूब भा रहा है. जहां हर शाम सिटी स्टाइल मॉल के सामने भीड़ लगती है. खास चटनी और किफायती कीमत ने इस स्टॉल को फूड लवर्स की पहली पसंद बना दिया है. जानें लोकेशन.
देवघर: शाम होते ही अक्सर लोगों का मन कुछ चटपटा और स्वादिष्ट खाने का करने लगता है. कोई चाट की तरफ भागता है, तो कोई समोसे या पानीपुरी का मजा लेने निकल पड़ता है. ऐसे में अगर आप मोमोज खाने के शौकीन हैं, तो देवघर में एक ऐसी जगह है, जहां का स्वाद आपको जरूर पसंद आएगा. सिटी स्टाइल मॉल के सामने लगने वाला यह छोटा सा मोमोज स्टॉल इन दिनों लोगों के बीच काफी चर्चा में है. यहां के मोमोज का स्वाद इतना खास है कि दूर-दूर से लोग इसे खाने के लिए पहुंचते हैं.
2009 में दार्जिलिंग से देवघर आयी थी डोलमा तलंग
इस स्टॉल को चलाने वाली डोलमा तलंग की कहानी भी काफी दिलचस्प है. उन्होंने लोकल 18 के संवाददाता से बात करते हुए कहा कि वह दार्जिलिंग से अपने बच्चों के साथ देवघर आई थीं. शुरुआत में उन्होंने अपनी रोजी-रोटी के लिए एक ब्यूटी पार्लर खोला, लेकिन बाद में अपनी आमदनी बढ़ाने के लिए उन्होंने शाम के समय मोमोज बेचने का काम शुरू किया. धीरे-धीरे उनके बनाए मोमोज लोगों को इतने पसंद आने लगे कि आज उनकी दुकान पर हर शाम अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिलती है.
खास दार्जिलिंग स्टाइल मे त्यार होता है मोमोस
डोलमा तलंग अपने मोमोज को खास दार्जिलिंग स्टाइल में तैयार करती हैं. यही वजह है कि इनके स्वाद में एक अलग ही खासियत देखने को मिलती है. सबसे खास बात यह है कि ये मोमोज मैदा से नहीं बल्कि पीसे हुए चावल से बनाए जाते हैं. जो इन्हें हल्का और हेल्दी बनाता है. इसके अंदर भरी जाने वाली स्टफिंग में अदरक, शिमला मिर्च, प्याज, लहसुन और घर के बने खास मसालों का इस्तेमाल किया जाता है, जिससे इसका स्वाद और भी लाजवाब हो जाता है.
खास हरी चटनी के साथ परोसी जाती है कई तरह के मोमोस
यहां आपको एक नहीं बल्कि चार तरह के मोमोज मिलते हैं. वेज, नॉनवेज, पनीर और सोयाबीन मोमोज हर एक का स्वाद अलग और खास होता है. इसके अलावा, इस स्टॉल पर प्याज और आलू के पकौड़े भी मिलते हैं, जिन्हें खास चटनी के साथ परोसा जाता है. खासतौर पर यहां की हरी चटनी लोगों को बहुत पसंद आती है, जो तीखी होने के साथ-साथ स्वाद में बेहद लाजवाब होती है. इसके साथ लाल चटनी भी दी जाती है, जो खाने का मजा और बढ़ा देती है.
35 रुपए से शुरु होते है मोमोस
अगर कीमत की बात करें तो यहां के मोमोज काफी किफायती हैं. वेज मोमोज 35 रुपए में मिलते हैं. नॉनवेज मोमोज की कीमत 70 रुपए है. पनीर मोमोज 50 रुपए और सोयाबीन मोमोज 45 रुपए में मिल जाते हैं. कम कीमत में इतना अच्छा स्वाद मिलना ही इस स्टॉल की सबसे बड़ी खासियत है. डोलमा तलंग हर दिन शाम 5 बजे अपनी दुकान लगाती हैं. रात 10 बजे तक ग्राहकों को गर्म-गर्म मोमोज खिलाती हैं. अगर आप भी देवघर में हैं. कुछ अलग और स्वादिष्ट खाना चाहते हैं, तो टावर चौक के पास सिटी स्टाइल मॉल के सामने जरूर पहुंचे. इस खास मोमोज का स्वाद लें. यहां का स्वाद एक बार चख लिया, तो बार-बार आने का मन जरूर करेगा.
About the Author
मैंने अपने 12 वर्षों के करियर में इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम किया है। मेरा सफर स्टार न्यूज से शुरू हुआ और दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर डिजिटल और लोकल 18 तक पहुंचा। रिपोर्टिंग से ले…और पढ़ें

