भील प्रदेश विद्यार्थी मोर्चा (बीपीवीएम) ने सोमवार को राजकीय विधि कॉलेज डूंगरपुर के प्रिंसिपल को एक ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन छात्रवृत्ति पोर्टल पर कॉलेज का नाम दर्ज न होने के विरोध में दिया गया। संगठन ने मांग की है कि छात्रवृत्ति योजना के पोर्टल में कॉलेज का नाम जल्द से जल्द जोड़ा जाए, ताकि विद्यार्थियों को इसका फायदा मिल सके। ज्ञापन में बताया गया कि राजकीय विधि कॉलेज शुरू होने के बाद से अब तक इसका नाम छात्रवृत्ति पोर्टल पर दर्ज नहीं किया गया है। इस कारण कई छात्र-छात्राएं छात्रवृत्ति योजना के लाभ से वंचित हैं। विद्यार्थियों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनकी पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। बीपीवीएम पदाधिकारियों ने प्रिंसिपल से इस समस्या का जल्द समाधान करने और पोर्टल पर कॉलेज का नाम अपडेट करवाने की मांग की। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ, तो विद्यार्थियों के हित में आंदोलन किया जाएगा। इस अवसर पर बीपीवीएम के जिला संयोजक तुषार परमार, जिला महासचिव कल्पेश रोत, धनराज भमात, राहुल डामोर, लीला सिमरन खराड़ी, प्रकाश डामोर, आकाश मीणा, मनीष खाट, रवि खराड़ी, अनिल अहारी और बंसीलाल सहित कई छात्र-छात्राएं मौजूद थे।
Source link

