Last Updated:
मेडिकल कॉलेजों में दाखिले के वास्ते वर्ष 2026 के लिए नीट-यूजी का आयोजन तीन मई को हुआ था, लेकिन प्रश्नपत्र लीक होने के आरोपों पर इस परीक्षा को गत 12 मई को रद्द कर दिया गया था. सरकार ने सीबीआई को ‘अनियमितताओं’ की व्यापक जांच करने का निर्देश दिया.
सात मई की शाम को पता चला था कि नीट परीक्षा के पेपर लीक हुए थे. (फाइल फोटो)
नई दिल्ली. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) को मजबूत और अधिक जवाबदेह बनाने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. केंद्र सरकार की कैबिनेट की नियुक्ति समिति (ACC) ने NTA में दो नए जॉइंट डायरेक्टर की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है. इन नियुक्तियों को एजेंसी में सख्त निगरानी व्यवस्था लागू करने और प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने की बड़ी कवायद के तौर पर देखा जा रहा है. राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) प्रश्नपत्र लीक होने के कारण इस वक्त एनटीए पर सवाल उठाए जा रहे हैं.
नियुक्त अधिकारियों में 2013 बैच के IRS (इनकम टैक्स) अधिकारी आकाश जैन और 2013 बैच के IA&AS (इंडियन ऑडिट एंड अकाउंट्स सर्विस) अधिकारी आदित्य राजेंद्र भोजगढिया शामिल हैं. सरकार का मानना है कि इन दोनों अधिकारियों के अनुभव से NTA की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और प्रभावी बनाया जा सकेगा.
आकाश जैन को लेटरल शिफ्ट के आधार पर NTA में नियुक्त किया गया है. उनका कार्यकाल 4 दिसंबर 2029 तक रहेगा. वहीं आदित्य राजेंद्र भोजगढिया की नियुक्ति भी एजेंसी में वित्तीय और प्रशासनिक निगरानी को मजबूत करने के उद्देश्य से की गई है.
सूत्रों के मुताबिक, हाल के वर्षों में परीक्षा प्रबंधन, पेपर लीक और प्रशासनिक कमियों को लेकर NTA लगातार सवालों के घेरे में रही है. ऐसे में केंद्र सरकार अब एजेंसी के भीतर सख्त आंतरिक मॉनिटरिंग सिस्टम लागू करने पर जोर दे रही है. माना जा रहा है कि यह कदम NTA में व्यापक सुधार और संस्थागत पुनर्गठन की शुरुआत है.
सरकार का कहना है कि ये नियुक्तियां केवल पद भरने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि एजेंसी को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने की रणनीति का हिस्सा हैं. प्रशासनिक चुनौतियों और स्टाफ की कमी को दूर करने के लिए आने वाले समय में NTA में और भी बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं.
नीट-स्नातक भारत के 551 शहरों और विदेशों में 14 केंद्रों पर आयोजित की गई थी. देश भर में राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित इस परीक्षा के लिए लगभग 23 लाख अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था. एनटीए के अनुसार, परीक्षा आयोजित होने के चार दिन बाद सात मई की शाम को कथित अनियमितताओं की सूचना प्राप्त हुई. एनटीए ने बताया कि स्वतंत्र सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए अगली सुबह ही यह सूचना केंद्रीय एजेंसियों को भेज दी गई थी.
About the Author

रवि सिंह News 18 India में कार्यरत हैं. पिछले 20 वर्षों से इलेक्ट्रानिक मीडिया में सक्रिय हैं. उनकी मुख्य रूप से रेलवे,स्वास्थ्य,शिक्षा मंत्रालय,VHP और राजनीतिक गतिविधियों पर पकड़ है. अयोध्या में मंदिर की कवरेज…और पढ़ें

