जमुई सांसद और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता अरुण भारती ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भारत रत्न दिए जाने की मांग का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि यदि नीतीश कुमार को भारत रत्न देने की मांग उठती है, तो उनकी पार्टी इसका पूरा समर्थन करेगी।
.
राज्य को ‘जंगल राज’ से निकालकर विकास के रास्ते पर लाए
सांसद भारती ने कहा कि बिहार को ‘जंगल राज’ से निकालकर विकास के रास्ते पर लाने का सबसे बड़ा श्रेय नीतीश कुमार को जाता है। उन्होंने अपने कार्यकाल में बिहार की छवि को बदला है और विकास, कानून-व्यवस्था तथा सुशासन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। ऐसे में उन्हें भारत रत्न जैसी सर्वोच्च उपाधि दिया जाना बिल्कुल उचित होगा।
जमुई सांसद अरुण भारती ने की बैठक।
निशांत पर बोले- युवा हैं यदि राजनीति में आते हैं तो अच्छी बात
नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार के राजनीति में आने के सवाल पर अरुण भारती ने कहा कि निशांत युवा हैं और यदि वे राजनीति में आते हैं तो यह अच्छी बात होगी। उन्होंने युवाओं को आगे आकर राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित किया।
केसी त्यागी द्वारा नीतीश कुमार को भारत रत्न देने की मांग को लेकर जदयू में उठे विवाद पर अरुण भारती ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि वे किसी दूसरी पार्टी के आंतरिक मामले पर टिप्पणी नहीं करेंगे, लेकिन उनकी पार्टी का स्पष्ट मत है कि नीतीश कुमार को भारत रत्न मिलना चाहिए।
कहा-तेजस्वी को जनता के मुद्दे को सदन में उठाना चाहिए
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के विदेश दौरे से लौटने पर सांसद भारती ने उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता होने के नाते उनकी भूमिका बेहद गंभीर है। उन्हें सदन में उपस्थित होकर जनता की समस्याओं, सरकार की कमियों और विपक्ष के मुद्दों को मजबूती से उठाना चाहिए।
रोहिणी आचार्य के ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद ने इसे एक पारिवारिक मामला बताया और इस पर टिप्पणी करना अनुचित समझा। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि राजनीति में कई बार लोग अपनी ही विरासत को नुकसान पहुंचाते हैं।

श्रद्धांजलि देते सांसद।
बंगाल चुनाव और पार्टी विस्तार को लेकर उन्होंने कहा कि इस संबंध में राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान को सुझाव दिए गए हैं और जो भी निर्देश मिलेगा, पार्टी उसका पालन करेगी।
बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियों को सहयोग करना सभी की जिम्मेदारी है। सबूतों से छेड़छाड़ गलत है और इससे जनता में गलत संदेश जाता है।लैंड फॉर जॉब मामले पर उन्होंने कहा कि यह कानूनी प्रक्रिया है और जिसने भी भ्रष्टाचार किया होगा, उस पर कार्रवाई होगी।
दोषी को सजा मिलेगी और निर्दोष को डरने की जरूरत नहीं है।गौरतलब है कि सांसद अरुण भारती शनिवार को जमुई पहुंचने के बाद मीडिया से बातचीत कर रहे थे।

