Last Updated:
Idli Dosa Batter Trick: इडली और डोसा का बैटर आप बेकिंग सोडा और ईनो के बिना भी तैयार कर सकते हैं. इसके लिए आपको बैटर को 6-7 घंटे कवर करके रखने की भी जरूरत नहीं. फटाफट फर्मेंटेशन का जबरदस्त तरीका यहां जानिए.
इडली-डोसा साउथ इंडियन कुजीन का अहम हिस्सा है. सिर्फ स्वाद ही नहीं फर्मेंटेड होने के कारण सेहत के नजरिए से भी इसे खाना पसंद किया जाता है. हालांकि इनका स्वाद और मुलायम बनावट काफी हद तक बैटर के सही तरीके से फर्मेंट होने पर निर्भर करती है. आमतौर पर इडली और डोसा का बैटर तैयार होने में 6 से 7 घंटे या उससे भी अधिक समय लग सकता है. लेकिन जब अचानक इडली या डोसा बनाने का मन हो जाए और बैटर फर्मेंट न हुआ हो, तो परेशानी बढ़ जाती है.
ऐसे समय में कुछ आसान किचन टिप्स काम आते हैं, जिनकी मदद से बैटर को जल्दी फर्मेंट करने में सहायता मिल सकती है. हालांकि, इसमें कोई दोराय नहीं कि नेचुरल तरीके से फर्मेंट किया गया बैटर स्वाद और सेहत दोनों के लिए बेहतर माना जाता है, लेकिन जरूरत पड़ने पर ट्रिक्स यूज करना भी जरूरी है. आइए जानते हैं इडली और डोसा बैटर को जल्दी फर्मेंट करने के कुछ आसान उपाय.
प्रेशर कुकर की मदद लें
अगर आपके पास समय कम है, तो बैटर को एक बर्तन में निकालकर उसमें स्वादानुसार नमक मिला लें. अब एक प्रेशर कुकर को हल्का गर्म करें और उसके अंदर बैटर वाला बर्तन रख दें. कुकर का ढक्कन बंद कर दें और सीटी भी लगी रहने दें. इसे लगभग 5 मिनट तक धीमी आंच पर गर्म करें और फिर गैस बंद कर दें. इसके बाद बैटर को करीब एक घंटे तक कुकर के अंदर ही रहने दें. गर्म वातावरण के कारण बैटर जल्दी फर्मेंट होने में मदद मिल सकती है.
सही बर्तन का चुनाव करें
बैटर को स्टोर करने के लिए प्लास्टिक के बर्तनों की बजाय मिट्टी या स्टेनलेस स्टील के बर्तनों का उपयोग करना बेहतर माना जाता है. ये बर्तन बैटर के लिए अनुकूल वातावरण बनाए रखने में मदद करते हैं, जिससे फर्मेंटेशन की प्रक्रिया बेहतर हो सकती है. खासतौर पर स्टील के बर्तन में बैटर रखना एक अच्छा विकल्प माना जाता है.
इन चीजों को मिलाएं
यदि बैटर को जल्दी तैयार करना हो, तो उसमें थोड़ा सेंधा नमक, आधा चम्मच दही, एक चौथाई चम्मच चीनी और एक चौथाई चम्मच नींबू का रस मिला सकते हैं. सभी सामग्री को अच्छी तरह मिलाकर बर्तन को ढक दें. इसके बाद इसे किसी गर्म जगह, जैसे गैस स्टोव के आसपास, रख दें. इससे बैटर अपेक्षाकृत जल्दी तैयार हो सकता है.
ध्यान रखने वाली बात
ये सभी तरीके केवल इमरजेंसी या समय की कमी होने पर ही अपनाने चाहिए. प्राकृतिक रूप से 4 से 7 घंटे में फर्मेंट किया गया बैटर स्वाद, बनावट और पाचन के लिए अधिक लाभदायक माना जाता है. इसलिए बेहतर परिणाम के लिए पहले से योजना बनाकर बैटर तैयार करना सबसे अच्छा विकल्प है.
About the Author

शारदा सिंह मध्यप्रदेश की रहने वाली हैं. उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपना सफर शुरू किया. उनके पास डिजिटल मीडिया और लाइफस्टाइल पत्रक…और पढ़ें

