अगर आपका कुछ मीठा खाने का मन है और घर में मिठाई नहीं रखी है, तो अब परेशान होने की जरूरत नहीं है. आप अपनी रसोई में मौजूद कुछ सामान्य सामग्रियों की मदद से बेहद स्वादिष्ट सूजी का हलवा तैयार कर सकते हैं. खास बात यह है कि इस हलवे को बनाने में न तो ज्यादा समय लगता है और न ही किसी महंगी सामग्री की जरूरत पड़ती है. महज 10 से 15 मिनट में तैयार होने वाला सूजी का हलवा बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी को खूब पसंद आता है.
इसका स्वाद इतना लाजवाब होता है कि एक बार खाने के बाद बार-बार खाने का मन करता है.भारतीय घरों में सूजी का हलवा काफी लोकप्रिय मिठाई है. त्योहार हो, कोई धार्मिक कार्यक्रम हो, घर में मेहमानों का आगमन हो या फिर अचानक मीठा खाने की इच्छा हो, हर मौके पर सूजी का हलवा आसानी से बनाया जाता है.खासकर सर्दियों के मौसम में गर्मागर्म सूजी का हलवा खाने का अलग ही आनंद होता है
सूजी का हलवा बनाने का आसान तरीका
सूजी का हलवा बनाने की विधि के बारे में बातचीत करते हुए मुस्कान ने बताया कि इसे तैयार करना बेहद आसान है. इसके लिए सबसे पहले आपको एक कढ़ाई लेनी होगी. कढ़ाई को गैस पर रखकर उसमें जरूरत के अनुसार रिफाइंड तेल या घी डालें. जब तेल या घी गर्म हो जाए, तो उसमें सूजी डाल दें. इसके बाद धीमी आंच पर सूजी को लगातार चलाते हुए भूनना शुरू करें.
सूजी को भूनते समय इस बात का विशेष ध्यान रखना जरूरी है कि वह कढ़ाई के तले में चिपके नहीं. इसलिए उसे लगातार चलाते रहना चाहिए. जब सूजी का रंग धीरे-धीरे बदलकर सुनहरा होने लगे और उसमें से अच्छी खुशबू आने लगे, तो समझ जाइए कि सूजी अच्छी तरह भुन चुका है.
चीनी का घोल तैयार करने का तरीका
सूजी भून जाने के बाद अब बारी आती है चीनी का घोल तैयार करने की. इसके लिए एक अलग बर्तन में जरूरत के अनुसार पानी गर्म करें. पानी गर्म होने के बाद उसमें स्वादानुसार चीनी डाल दें. अब चम्मच की मदद से पानी को चलाते रहें, जिससे चीनी अच्छी तरह घुल जाए.
हलवे में चीनी की मात्रा अपने स्वाद के अनुसार कम या ज्यादा रख सकते हैं. अगर आपको ज्यादा मीठा पसंद है, तो चीनी की मात्रा थोड़ी बढ़ा सकते हैं. वहीं, कम मीठा पसंद करने वाले लोग इसमें चीनी की मात्रा कम रख सकते हैं.जब पानी में चीनी पूरी तरह घुल जाए, तो इसे भुनी हुई सूजी में मिलाने के लिए तैयार रखें.
इस तरह तैयार करें स्वादिष्ट सूजी का हलवा
मुस्कान ने बताया कि जब सूजी अच्छी तरह भुन जाए और चीनी का घोल भी तैयार हो जाए, तब गर्म पानी को धीरे-धीरे भुनी हुई सूजी में डालें. पानी डालते समय कढ़ाई में मिश्रण को लगातार चलाते रहें. ऐसा करने से सूजी में गांठें नहीं पड़ेंगी और हलवा अच्छी तरह तैयार होगा.
इसके बाद कुछ देर तक हलवे को लगातार चलाते हुए पकाएं. धीरे-धीरे सूजी पानी को सोखने लगेगी और मिश्रण गाढ़ा होने लगेगा. इसी दौरान हलवे का स्वाद और बनावट बेहतर होने लगती है.हलवे को पकाते समय गैस की आंच मध्यम रखें.
नारियल, काजू और बादाम डालने से बढ़ जाएगा स्वाद
सूजी का हलवा स्वादिष्ट बनाने के लिए उसमें सूखे मेवों का इस्तेमाल भी किया जा सकता है. मुस्कान के मुताबिक हलवे में नारियल, काजू और बादाम डालने से इसका स्वाद और बेहतर हो जाता है.
इसके लिए सबसे पहले काजू और बादाम को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. नारियल को भी बारीक काटकर रख लें. अब तैयार हो रहे हलवे में इन सभी सामग्रियों को डालकर अच्छी तरह मिला दें.सभी सामग्रियों को मिलाने के बाद हलवे को कुछ मिनट तक और पकाएं. जब हलवा अच्छी तरह तैयार हो जाए, तो गैस बंद कर दें. अब आपका स्वादिष्ट सूजी का हलवा परोसने के लिए तैयार है.

