तेल अवीव/तेहरान/वॉशिंगटन डीसी5 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
इजराइली सेना के पूर्व प्रमुख हर्जी हलेवी के फोन से लीक तस्वीरें।
ईरान से जुड़े हंदाला हैकर ग्रुप ने दावा किया है कि उसने इजराइली सेना के पूर्व प्रमुख हर्जी हलेवी के फोन और दूसरे डिवाइस हैक किए थे।
हैकर ग्रुप का कहना है कि वह कई सालों से चुपचाप उनके सिस्टम में घुसा था। इस दौरान उसने हजारों फोटो और वीडियो इकट्ठा किए। उसे इजराइल की सीक्रेट मीटिंग, सेना के ठिकाने और कई अहम अंदरूनी जानकारी मिलती रहीं।
ग्रुप ने कुछ फोटो और वीडियो जारी किए हैं। इनमें हलेवी अलग-अलग सैन्य ठिकानों पर जाते, मीटिंग करते और अधिकारियों से बात करते दिखते हैं। कुछ तस्वीरें उनकी निजी जिंदगी से जुड़ी हैं, जिनमें परिवार की फोटो और पहचान पत्र जैसी चीजें शामिल हैं।
इन लीक में कुछ ऐसी मुलाकातें सामने आई हैं जिनके बारे में पहले सार्वजनिक जानकारी नहीं थी, जैसे जॉर्डन और कतर में हुई बैठकें। हालांकि, अभी तक इस मामले पर इजराइली सेना और हलेवी की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
हर्जी हलेवी के फोन से लीक तस्वीरें…

लीक तस्वीर में हलेवी प्लेन के अंदर लैपटॉप पर कुछ काम कर रहे हैं।

हर्जी हलेवी खाड़ी देश के नेताओं के साथ मीटिंग करते हुए।

हर्जी हलेवी और उनकी पत्नी शरोन हलेवी की तस्वीर।
ईरान जंग से जुड़े आज के पांच बड़े अपडेट्स..
- अमेरिका का सख्त रुख- अमेरिका ने कहा है कि अभी हमले रोके हैं, लेकिन जरूरत पड़ी तो ईरान पर फिर से हमला कर सकते हैं।
- ईरान को भारी नुकसान- अमेरिका के मुताबिक, ईरान के सैन्य ठिकानों पर हजारों हमले हुए और उसे कई साल पीछे धकेल दिया गया।
- सीजफायर पर कन्फ्यूजन- लेबनान ने पाकिस्तान से पूछा है कि वो सीजफायर में शामिल है या नहीं इसकी पुष्टि की जाए।
- ईरान का आरोप- ईरान ने कहा कि अमेरिका ने सीजफायर की 3 शर्तें तोड़ दी हैं, इसलिए अब भरोसा करना मुश्किल है।
- होर्मुज स्ट्रेट में खतरा- ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट में बिछी बारूदी सुरंगों से बचने के लिए जहाजों को नया रास्ता बताया है।
लेबनान में इजराइली हमलों से एक दिन में 254 मौतें
इजराइली सेना ने बुधवार को लेबनान में सैकड़ों मिसाइलों से हमला किया, जिसमें 254 लोगों की मौत हो गई। लेबनान की सिविल डिफेंस एजेंसी के मुताबिक, इस एयर स्ट्राइक में कम से कम 1,165 लोग घायल हुए। इसके बाद देश में राष्ट्रीय शोक घोषित किया गया है।।
ईरान जंग से जुड़ी 5 तस्वीरें…

इजराइल ने बुधवार को लेबनान में सैकड़ों हमले किए। इनसे राजधानी बेरुत में कई इमारतें तबाह हो गईं।
लेबनान के बआबदा इलाके में बुधवार को इजराइल के हमले के बाद धुआं उठता हुआ।

ईरान में बुधवार को लवन आइलैंड पर स्थित एक तेल रिफाइनरी पर हमला किया गया।

लेबनान के बेरूत के दक्षिणी इलाके में बुधवार को इजराइली हमलों के बाद एक आदमी टूटी हुई इमारत को देखते हुए।
लेबनान की राजधानी बेरूत में बुधवार को इजराइल के कई हवाई हमलों के बाद धुआं उठता हुआ।
ईरान जंग से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
लाइव अपडेट्स
5 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
लेबनान सरकार ने इजराइल से सीधे बातचीत की मांग की
लेबनान सरकार ने इजराइल के साथ सीधे बातचीत की बात कही है। यह मांग ऐसे समय आई है जब पिछले कुछ हफ्तों में इजराइल ने लेबनान पर भारी हमले किए हैं।
हालांकि, हिजबुल्लाह पहले ही कह चुका है कि वह इजराइल से बातचीत नहीं करेगा, खासकर जब उस पर हमले हो रहे हों। ऐसे में बातचीत होती है, तो उसमें हिजबुल्लाह शामिल नहीं होगा।
20 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
नेतन्याहू का भ्रष्टाचार केस फिर शुरू होगा
इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के खिलाफ चल रहा भ्रष्टाचार का मामला फिर शुरू होगा। अदालत ने कहा है कि रविवार से सुनवाई दोबारा शुरू होगी। नेतन्याहू पर रिश्वत, धोखाधड़ी और भरोसा तोड़ने जैसे आरोप हैं, लेकिन वे इन आरोपों से इनकार करते हैं।
ईरान के साथ युद्ध के दौरान इजराइल में आपातकाल लगा था, जिससे अदालत का काम प्रभावित हुआ था। अब हालात सामान्य होने पर कोर्ट ने कहा है कि सुनवाई पहले की तरह रविवार से बुधवार तक चलेगी।
36 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
एयरलाइंस को 24 अप्रैल तक मिडिल ईस्ट से दूर रहने की सलाह
यूरोप की एविएशन सेफ्टी एजेंसी ने एयरलाइंस को सलाह दी है कि वे 24 अप्रैल तक मिडिल ईस्ट के ऊपर से उड़ान न भरें।
लगातार संघर्ष की वजह से हवाई यात्रा पर बड़ा असर पड़ा है। कई फ्लाइट्स रद्द हो रही हैं और ईंधन की कीमतें भी तेजी से बढ़ी हैं।
44 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
दावा- ईरान युद्ध में अब तक 3000 से ज्यादा लोगों की मौत
ईरान के एक अधिकारी के अनुसार, अमेरिका और इजराइल के हमलों में अब तक 3000 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। उन्होंने मीडिया को बताया कि कई शवों की पहचान करना मुश्किल हो रहा है और अभी भी जांच जारी है।
54 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
एक्सपर्ट बोलीं- इस्लमाबाद वार्ता से पहले अमेरिका की साख दांव पर
संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान की पूर्व राजदूत मलीहा लोधी ने कहा है कि 10 मार्च को इस्लामाबाद वार्ता से पहले अमेरिका की साख दांव पर है। उन्होंने कहा कि अमेरिका और ट्रम्प को यह तय करना होगा कि इजराइल कोई ऐसा कदम न उठाए जिससे बातचीत खराब हो जाए।
उन्होंने यह भी साफ किया कि पाकिस्तान सिर्फ बातचीत करवाने वाला देश है, असली फैसला अमेरिका और ईरान को ही करना है।
02:10 PM9 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
अमेरिका बोला- जरूरत पड़ी तो ईरान पर फिर हमला करेंगे
अमेरिकी सेना की मिडिल ईस्ट कमांड (सेंट्रल कमांड) ने कहा कि ईरान को इस युद्ध में बड़ा नुकसान हुआ है। इसे कई पीढ़ियों का सैन्य झटका माना जा सकता है।
उनके मुताबिक, अमेरिका और उसके साथियों ने ईरान के सैन्य ठिकानों पर 13,000 से ज्यादा हमले किए। इन हमलों में हथियार बनाने वाले कारखाने, ड्रोन साइट और डिफेंस सिस्टम को भारी नुकसान पहुंचा।
सेंट्रल कमांड ने कहा कि अभी युद्धविराम चल रहा है, इसलिए हमले फिलहाल रोके गए हैं। लेकिन अमेरिकी सेना अभी भी इलाके में मौजूद है और जरूरत पड़ी तो फिर कार्रवाई कर सकती है।
02:00 PM9 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
EU ने होर्मुज में टोल लगाने का विरोध किया
यूरोपियन यूनियन (EU) ने कहा कि होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने के लिए कोई फीस या टोल नहीं लगना चाहिए। यह रास्ता पूरी दुनिया के लिए जरूरी है और सभी जहाजों को बिना किसी रोक टोक के यहां से गुजरने की आजादी मिलनी चाहिए। अंतरराष्ट्रीय कानून भी यही कहता है।

01:44 PM9 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
इजराइल बोला- हिजबुल्लाह पर हमले जारी रखेंगे
इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि उनका देश हिजबुल्लाह पर हमले जारी रखेगा। उन्होंने कहा कि जहां जरूरत होगी, वहां कार्रवाई की जाएगी और जब तक उत्तरी इलाके के लोगों की सुरक्षा पूरी तरह बहाल नहीं हो जाती, तब तक हमले चलते रहेंगे।
01:34 PM9 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
लेबनान बोला- हम सीजफायर में शामिल हैं या नहीं, PAK पुष्टि करे
लेबनान के प्रधानमंत्री नवाफ सलाम ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से फोन पर बात करके पूछा कि ईरान के साथ लागू सीजफायर में लेबनान शामिल है या नहीं। पाकिस्तान इस बात की पुष्टि करे।
यह मांग ऐसे समय पर आई है जब एक दिन पहले इजराइल के हमलों में लेबनान में 200 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी। लेबनान चाहता है कि अगर सीजफायर लागू है, तो उस पर भी लागू हो, ताकि आगे हमले न हों।
नवाफ सलाम ने पाकिस्तान की तारीफ भी की और कहा कि सीजफायर कराने में उसकी बड़ी भूमिका रही है। साथ ही उन्होंने कहा कि अब यह पक्का कर दिया जाए कि लेबनान भी इस समझौते का हिस्सा है।
वहीं, इजराइल और अमेरिका पहले ही कह चुके हैं कि यह सीजफायर लेबनान पर लागू नहीं होता। इजराइल ने साफ कहा है कि वह लेबनान में अपने हमले जारी रखेगा।
01:10 PM9 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
UAE ने ईरान से बिना शर्त होर्मुज खोलने को कहा
अबू धाबी की तेल कंपनी के प्रमुख सुल्तान अल जाबेर ने ईरान से मांग की है कि वह होर्मुज स्ट्रेट को बिना किसी शर्त के खोल दे।
उन्होंने कहा कि यह रास्ता किसी एक देश का नहीं है, बल्कि पूरी दुनिया के लिए जरूरी है। इसे दबाव बनाने के लिए इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए।
12:54 PM9 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरानी हैकर्स ने पूर्व इजराइली आर्मी चीफ का फोन हैक किया, प्राइवेट वीडियोज लीक
ईरान से जुड़े हंदाला नाम के एक हैकर ग्रुप ने दावा किया है कि उसने इजराइली सेना के पूर्व प्रमुख हर्जी हलेवी के फोन और दूसरे डिवाइस हैक कर लिए थे।
हैकर ग्रुप का कहना है कि वह कई सालों से चुपचाप उनके सिस्टम में घुसा हुआ था और इस दौरान उसने हजारों फोटो और वीडियो इकट्ठा किए। उनका दावा है कि उन्हें इजराइल की सीक्रेट मीटिंग, सेना के ठिकाने और अंदर की कई अहम जानकारी मिलती रही।
ग्रुप ने कुछ फोटो और वीडियो भी जारी किए हैं। इनमें हलेवी को अलग अलग सैन्य ठिकानों पर जाते, मीटिंग करते और अधिकारियों से बात करते हुए देखा जा सकता है। कुछ तस्वीरें उनकी निजी जिंदगी से भी जुड़ी बताई जा रही हैं, जिसमें उनके परिवार की फोटो और पहचान पत्र जैसी चीजें भी शामिल हैं।
इन लीक में कुछ ऐसी मुलाकातें भी सामने आई हैं जिनके बारे में पहले कभी सार्वजनिक तौर पर जानकारी नहीं थी, जैसे जॉर्डन और कतर में हुई बैठकें। हालांकि, अभी तक इस मामले पर इजराइली सेना और हलेवी की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
12:46 PM9 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
नेतन्याहू ने इजराइली लोगों के धैर्य की तारीफ की
इजराइल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू अपने देश के लोगों की तारीफ की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर कहा कि इजराइली नागरिक बेहतरीन देश के लोग हैं।
उन्होंने कहा कि जब आप सुरक्षित कमरों और शेल्टर में बैठकर धैर्य और हिम्मत दिखा रहे थे, तब हमने मिलकर बड़ी कामयाबी हासिल की। हमारे सैनिक जो मोर्चे पर लड़ रहे हैं और आप लोग घर पर रहकर सहयोग कर रहे हैं।
12:24 PM9 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान बोला- अमेरिका ने सीजफायर की 3 शर्तें तोड़ीं
ईरान ने अमेरिका पर सीजफायर की तीन अहम शर्तें तोड़ने का आरोप लगाया है। ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बाकेर गालिबाफ ने कहा कि अमेरिका ने 10-पॉइंट प्रस्ताव की बुनियादी शर्तों का उल्लंघन किया है।
ईरान ने साफ कहा है कि जिस आधार पर बातचीत होनी थी, वही पहले ही टूट चुका है। ऐसे में अब बातचीत या सीजफायर तर्कसंगत नहीं रह गया है।
वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि जब तक ईरान के साथ हुआ समझौता पूरी तरह लागू नहीं होता, तब तक अमेरिकी सेना ईरान के आसपास तैनात रहेगी।
ट्रम्प ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट कर चेतावनी दी कि अगर समझौते का पालन नहीं हुआ, तो फिर से गोलीबारी शुरू होगी, जो पहले से ज्यादा बड़ी, ताकतवर और विनाशकारी होगी। हालांकि उन्होंने कहा कि इसकी संभावना बेहद कम है, लेकिन अमेरिका पूरी तरह तैयार है।
12:08 PM9 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
युद्धविराम के बाद भी होर्मुज से जहाजों की आवाजाही ठप
अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम होने के बावजूद होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों की आवाजाही अभी भी लगभग रुकी हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में सिर्फ 1 ऑयल टैंकर और 5 मालवाहक जहाज ही यहां से गुजरे हैं।
पहले इस रास्ते से रोज करीब 140 जहाज गुजरते थे, लेकिन फरवरी के आखिर में संघर्ष शुरू होने के बाद से यह संख्या बहुत कम हो गई है।
12:02 PM9 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
EU की मांग- ईरान का सीजफायर लेबनान तक बढ़ाया जाए
यूरोपियन यूनियन (EU) की विदेश नीति प्रमुख काजा कालास ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच हुआ युद्धविराम सिर्फ वहीं तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे लेबनान तक भी बढ़ाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि लेबनान के समूह हिजबुल्लाह को हथियार छोड़ने चाहिए। काजा कालास ने यह भी कहा कि इजराइल की हाल की कार्रवाइयों से यह युद्धविराम कमजोर पड़ रहा है।
उनके मुताबिक, इजराइल के हमलों में सैकड़ों लोगों की मौत हुई है, जिससे यह कहना मुश्किल हो जाता है कि यह सिर्फ आत्मरक्षा के लिए किया गया था।

EU की विदेश नीति प्रमुख काजा कालास की तस्वीर।
11:44 AM9 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान ने होर्मुज में बिछी माइंस से बचने के लिए नया मैप जारी किया
ईरान की इस्लामिक रेवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों के लिए एक नया नक्शा जारी किया है। इसका मकसद जहाजों को समुद्र में बिछी बारूदी सुरंगों से बचाना है।
इस नए नक्शे में साफ तौर पर एक खतरनाक इलाका दिखाया गया है, जहां जहाजों को जाने से मना किया गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, पहले जहाज आमतौर पर ओमान के किनारे के पास से गुजरते थे, लेकिन अब उन्हें सलाह दी गई है कि वे ईरान के किनारे के पास से गुजरें। इससे वे संभावित माइन वाले इलाकों से बच सकेंगे।
साथ ही जहाजों को यह भी कहा गया है कि वे सीधे ईरान के अधिकारियों से संपर्क में रहें, ताकि सुरक्षित तरीके से रास्ता तय किया जा सके।

11:37 AM9 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
सड़कों पर घूमे ईरानी राष्ट्रपति, लोगों के साथ सेल्फी खिंचाई
ईरान के राष्ट्रपति मसूज पजशकियान सीजफायर के बाद पहली बार सड़कों पर घूमने निकले। यहां उन्होंने लोगों के साथ सेल्फी खिंचाई।
11:20 AM9 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान पर हमले के लिए कैसे माने थे ट्रम्प, नेतन्याहू ने व्हाइट हाउस आकर प्लान बताया
इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू 11 फरवरी की सुबह व्हाइट हाउस पहुंच चुके थे। वह कई महीनों से अमेरिका पर दबाव डाल रहे थे कि ईरान पर बड़ा हमला किया जाए। हालांकि इस बार की मुलाकात बेहद सीक्रेट थी। उन्हें बिना किसी औपचारिक स्वागत के सीधे अंदर ले जाया गया ताकि मीडिया को कुछ पता न चले।
पहले कैबिनेट रूम में बातचीत हुई और फिर उन्हें व्हाइट हाउस के सिचुएशन रूम में ले जाया गया, जहां असली बैठक हुई। यह वही जगह है जहां अमेरिका युद्ध और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े बड़े फैसले करता है, लेकिन आमतौर पर यहां विदेशी नेताओं को नहीं लाया जाता।
आमतौर पर जब कोई बड़ी मीटिंग होती है, तो ट्रम्प वह टेबल के सबसे आगे यानी ‘हेड’ वाली कुर्सी पर बैठते हैं। वहां से वह सबको देखते हैं और बैठक को लीड करते हैं। लेकिन इस मीटिंग में ट्रम्प टेबल के किनारे (साइड) पर जाकर बैठे, और उनका चेहरा दीवार पर लगी बड़ी स्क्रीन की तरफ था। पढ़ें पूरी खबर…

10:49 AM9 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान बोला- यूरेनियम प्रोग्राम बंद नहीं करेंगे
ईरान के परमाणु ऊर्जा प्रमुख मोहम्मद इस्लामी ने साफ कहा है कि उनका देश यूरेनियम एनरिचमेंट प्रोग्राम बंद नहीं करेगा। दुश्मन ईरान के इस प्रोग्राम को रोकने में सफल नहीं होगा।

10:35 AM9 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
इजराइल अपना समुद्री गैस प्लांट फिर शुरू करेगा
इजराइल ने मेडिटेरेनियन सागर में मौजूद अपने समुद्री गैस प्लेटफॉर्म ‘करिश’ को फिर से चालू करने का फैसला लिया है। यहां जमीन के नीचे की प्राकृतिक गैस निकालकर उसे इस्तेमाल के लिए तैयार किया जाता है।
28 फरवरी को ईरान जंग शुरू होने के बाद सुरक्षा खतरे को देखते हुए इस प्लांट को बंद कर दिया गया था। इस प्लेटफॉर्म को चलाने वाली कंपनी एनरजियन ने कहा है कि उनका सबसे बड़ा ध्यान सुरक्षित कामकाज पर है और कोई खतरा न हो।
10:14 AM9 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
लेबनान बोला- इजराइली हमलों में 200 से ज्यादा मौतें हुईं
लेबनान के स्वास्थ्य मंत्री राकन नासरुद्दीन के मुताबिक, बुधवार को इजराइल के हमलों में 203 लोगों की मौत हो गई और 1000 से ज्यादा लोग घायल हो गए। इससे पहले आंकड़ा 182 मौतों और 890 घायलों का था, लेकिन बाद में यह संख्या बढ़ गई।
हालांकि कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में मरने वालों की संख्या 250 से ज्यादा बताई गई है। जबकि 1100 से ज्यादा घायल बताए गए हैं।
10:04 AM9 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
चीन बोला- युद्ध खत्म करने की कोशिशें जारी रखेंगे
चीन ने मिडिल ईस्ट में स्थिरता लाने की जरूरत पर जोर दिया है। चीनी विदेश मंत्रालय ने कहा कि सभी पक्षों को इस मौके का फायदा उठाकर शांति लानी चाहिए। चीन ने यह भी कहा कि वह तनाव कम करने और युद्ध को पूरी तरह खत्म करने के लिए अपनी कोशिशें जारी रखेगा।
09:50 AM9 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
इटली ने सीजफायर के उल्लंघन की निंदा की
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने युद्धविराम के किसी भी उल्लंघन की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि दुनिया एक खतरनाक मोड़ के करीब पहुंच चुकी थी, लेकिन अब शांति का एक नाजुक मौका मिला है जिसे मजबूत करना जरूरी है।
उन्होंने यह भी जोर दिया कि होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों की सुरक्षित आवाजाही बहाल करना यूरोप के लिए बहुत जरूरी है।
09:39 AM9 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान और सऊदी अरब के विदेशमंत्री ने फोन पर बात की
जंग शुरू होने के बाद पहली बार सऊदी अरब और ईरान के विदेश मंत्री ने फोन पर बात की। दोनों पक्षों ने हालात का जायजा लिया और क्षेत्र में तनाव कम करने तथा स्थिरता बहाल करने के उपायों पर चर्चा की।
09:26 AM9 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
इजराइली मंत्री बोले- ईरान के साथ सीजफायर एक गलती है
इजराइल के मंत्री अमीचाई चिकली ने कहा कि ईरान के साथ युद्धविराम करना गलती है। ऐसे देशों के खिलाफ सख्ती जरूरी होती है। उन्होंने यह भी कहा कि यह युद्धविराम ज्यादा दिन चलेगा या नहीं, इसकी संभावना सिर्फ 50% है।
उन्होंने ईरान की तुलना जापानी साम्राज्य और नाजी जर्मनी से करते हुए कहा कि ऐसे देशों को पूरी तरह हराना जरूरी होता है।

इजराइल के मंत्री अमीचाई चिकली की तस्वीर।
09:12 AM9 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
एक्सपर्ट बोले- होर्मुज में अभी भी हालात तनावपूर्ण
अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम होने के बाद भी मिडिल ईस्ट में हालात पूरी तरह ठीक नहीं हुए हैं। इलाके में अभी भी तनाव बना हुआ है।
समुद्री मामलों के जानकार सी उदय भास्कर ने अल जजीरा से कहा कि होर्मुज स्ट्रेट के हालात अस्थिर हैं। ईरान क्या नए नियम लागू करेगा, यह साफ नहीं है इससे बाजार में भी डर का माहौल है।
पहले इस रास्ते से रोज करीब 135 जहाज गुजरते थे, लेकिन अब बहुत कम जहाज जा रहे हैं। ईरान ने यह भी कहा है कि उसने समुद्र में बारूदी सुरंगें बिछाई हैं, इसलिए जहाजों को बहुत संभलकर चलना पड़ रहा है।
08:45 AM9 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
फ्रांस समेत यूरोपीय देशों ने लेबनान में इजराइली हमलों की आलोचना की
लेबनान में इजराइल के हमलों को लेकर यूरोप में तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। फ्रांस के विदेश मंत्री जीन-नोएल बैरो ने कहा कि लेबनान पर हमले मंजूर नहीं हैं। उन्होंने कहा है कि इससे अमेरिका-ईरान के बीच हुआ अस्थायी सीजफायर कमजोर पड़ रहा है।
ब्रिटेन की विदेश मंत्री यवेट कूपर पहले ही इजराइल के हमलों को पूरी तरह गलत बता चुकी हैं और लेबनान को सीजफायर में शामिल करने की मांग कर चुकी हैं।
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने कहा कि हालात “नो पॉइंट ऑफ रिटर्न” के करीब पहुंच चुके हैं, लेकिन अब जो शांति की संभावना है, उसे दृढ़ता से आगे बढ़ाना जरूरी है।
वहीं, स्पेन के विदेश मंत्री जोसे मैनुअल अल्बारेस ने कहा कि उनका देश तेहरान में अपना दूतावास फिर से खोल रहा है। उन्होंने इजराइल पर सीजफायर का उल्लंघन करने और अंतरराष्ट्रीय कानून तोड़ने का आरोप लगाया।
08:15 AM9 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान में फिर से दूतावास खोलेगा स्पेन
स्पेन अपने तेहरान स्थित दूतावास को फिर से खोलेगा। विदेश मंत्री जोस मैनुअल अल्बारेस ने गुरुवार को यह जानकारी दी। उन्होंने इसे अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध में शांति की कोशिशों का हिस्सा बताया।
अल्बारेस ने कहा कि उन्होंने स्पेन के राजदूत को निर्देश दिया है कि वे तेहरान वापस जाएं, अपना काम फिर से संभालें और दूतावास को दोबारा खोलें, ताकि स्पेन हर संभव स्तर पर शांति की कोशिशों में हिस्सा ले सके यहां तक कि सीधे ईरान की राजधानी से भी।
08:09 AM9 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
इजराइली हमलों के बाद बेरूत के बारबूर इलाके में तबाही
08:01 AM9 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
इजराइल का दावा- हिजबुल्लाह चीफ के भतीजे को ढेर किया
इजराइल ने दावा किया कि उसने बेरूत में हिजबुल्लाह प्रमुख नईम कासिम के भतीजे अली यूसुफ खारशी को मार गिराया। इजराइली सेना (IDF) के मुताबिक खारशी, नईम कासिम के निजी सचिव और करीबी सलाहकार थे। साथ ही दफ्तर के संचालन और सुरक्षा में अहम भूमिका निभाते थे।
IDF ने बताया कि यह कार्रवाई बेरूत क्षेत्र में टारगेटेड स्ट्राइक के जरिए की गई। रातभर दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्लाह के खिलाफ बड़े स्तर पर सैन्य कार्रवाई की गई। इजराइल ने दो अहम क्रॉसिंग पॉइंट्स को निशाना बनाया। इनका इस्तेमाल उत्तरी से दक्षिणी लितानी क्षेत्र में हथियारों की आवाजाही के लिए किया जाता था।
इसके अलावा, करीब 10 हथियार भंडार, लॉन्चर और हिजबुल्लाह के ठिकानों पर हमले किए गए।
07:41 AM9 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
15,400 टन LPG लेकर भारत पहुंचा जहाज ग्रीन आशा
भारतीय झंडे वाला LPG टैंकर ‘ग्रीन आशा’ 15,400 टन गैस लेकर भारत पहुंचा है। होर्मुज स्ट्रेट पार कर यह जहाज गुरुवार को नवी मुंबई के JNP (जवाहरलाल नेहरू पोर्ट) पर डॉक किया।
इससे पहले ‘ग्रीन सांवी’ नाम का एक और भारतीय टैंकर भी होर्मुज पार कर चुका है। केंद्र सरकार ने कहा कि देश में LPG सप्लाई सामान्य और नियंत्रण में है। पेट्रोलियम मंत्रालय ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को 5 किलो के फ्री ट्रेड LPG सिलेंडरों की सप्लाई दोगुनी करने के निर्देश दिए हैं। इससे प्रवासी मजदूरों को आसानी से गैस मिल सकेगी।
पेट्रोलियम सचिव पंकज मित्तल ने कहा कि अतिरिक्त सिलेंडर खास तौर पर प्रवासी मजदूरों को वितरित किए जाएंगे। इसमें ऑयल मार्केटिंग कंपनियां सहयोग करेंगी।
पेट्रोलियम मंत्रालय की जॉइंट सेक्रेटरी सुजाता शर्मा ने कहा कि देश में कहीं भी LPG या पेट्रोल की कमी नहीं है। सभी पेट्रोल पंप सामान्य रूप से काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि एक दिन में 6500 टन कमर्शियल LPG की बिक्री हुई। पिछले चार दिनों में 1300 जागरूकता कैंप लगाए गए, जिनमें 10,005 सिलेंडर बेचे गए।
संघर्ष की शुरुआत में होर्मुज क्षेत्र में भारत के 28 जहाज मौजूद थे। इनमें से अब तक 10 जहाज सुरक्षित रूप से पार कर चुके हैं।
07:32 AM9 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
पाकिस्तान में लोगों ने ईरान के शहीदों को श्रद्धांजलि दी
पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में ईरान के शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। प्रेस टीवी रिपोर्ट के मुताबिक, इस कार्यक्रम में कई लोगों ने हिस्सा लिया। इन कार्यक्रमों में ईरान के शहीदों के योगदान को याद किया गया और उनके सम्मान में सभाएं की गईं।
07:26 AM9 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान में खामेनेई की मौत के 40 दिन पूरे होने पर लोग सड़कों पर उतरे
ईरान में पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के 40 दिन पूरे होने पर देशभर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, तेहरान समेत कई शहरों में मस्जिदों से मुख्य चौकों तक जुलूस निकाले गए। लोगों ने सड़कों पर उतरकर ‘चहलुम’ मनाया।
राजधानी तेहरान में जुलूस प्रमुख चौकों से होते हुए उस जगह तक पहुंचे, जहां खामेनेई की मौत हुई थी। शिया परंपरा में मौत के 40वें दिन का विशेष महत्व होता है। इसी के तहत ये कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इन आयोजनों में सरकार की ओर से बड़ी तैयारियां की गईं। बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी देखी गई। खामेनेई की मौत जंग के पहले दिन 28 फरवरी को अमेरिका-इजराइल के हमले में हुई थी।
07:17 AM9 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
इजराइल का लेबनान के कई शहरों पर हमला
इजराइल ने लेबनान के कई शहरों पर ताजा हमले किए हैं। अल जजीरा के मुताबिक, पूर्वी लेबनान के अल-शेख और मेइफादौन के साथ-साथ दक्षिण के कुनिन और अली अल-ताहिर हाइट्स को निशाना बनाया गया।
इन हमलों में फिलहाल किसी के हताहत होने की शुरुआती जानकारी सामने नहीं आई है। इससे पहले दक्षिण बेरूत के चियाह इलाके और दक्षिण के अल-दुवैर शहर में भी इजराइली हमले हुए थे।
वीडियो में कई इमारतें पूरी तरह मलबे में तब्दील होती दिखीं, जबकि कई जगह दीवारें और खिड़कियां उड़ गईं और आग लग गई।
07:01 AM9 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान बोला- अमेरिका ने सीजफायर की 3 शर्तें तोड़ी, अब बातचीत बेकार
ईरान ने अमेरिका पर सीजफायर से जुड़ी तीन अहम शर्तों के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए कहा कि अब बातचीत का कोई मतलब नहीं रह गया।
संसद के स्पीकर मोहम्मद बाकेर गालिबाफ ने कहा कि अमेरिका पर उनका अविश्वास उसकी बार-बार प्रतिबद्धताएं तोड़ने की वजह से है। इस बार भी वही पैटर्न दोहराया गया है।
उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति ने खुद ईरान के 10-पॉइंट प्रस्ताव को बातचीत के लिए आधार माना था। लेकिन वार्ता शुरू होने से पहले ही इसकी शर्तों का उल्लंघन कर दिया गया।
गालिबाफ के मुताबिक, पहली शर्त लेबनान में सीजफायर लागू करने की थी, लेकिन वहां इजराइल के हमले जारी हैं। उन्होंने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के उस बयान का जिक्र किया, जिसमें हर जगह, खासकर लेबनान में तुरंत सीजफायर की बात कही गई थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि दूसरी शर्त के तहत ईरान के एयरस्पेस का उल्लंघन नहीं होना था, लेकिन फार्स प्रांत के लार शहर में एक घुसपैठ करने वाला ड्रोन भेजा गया, जिसे मार गिराया गया।
तीसरी शर्त में ईरान के यूरेनियम संवर्धन के अधिकार को मान्यता दी गई थी, लेकिन अब अमेरिका इस अधिकार को नकार रहा है। गालिबाफ ने कहा कि जिस आधार पर बातचीत होनी थी, वही पहले ही टूट चुका है। ऐसे में अब द्विपक्षीय सीजफायर या वार्ता करना तर्कसंगत नहीं रह गया।
06:52 AM9 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान बोला- सीजफायर और लेबनान में हमले साथ नहीं चल सकते
ईरान ने कहा कलेबनान में हमले जारी रहते हुए सीजफायर की बात मंजूर नहीं है। ईरान के उप विदेश मंत्री सईद खातिबजादेह ने कहा कि अगर सीजफायर में लेबनान शामिल है, तो वहां इजराइल के हमले नहीं होने चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका का सहयोगी इजराइल लेबनान में बड़े पैमाने पर हिंसा कर रहा है।
खातिबजादेह ने इन हमलों को जनसंहार बताया और कहा कि यह सीजफायर की भावना के खिलाफ है। हालांकि इजराइल का कहना है कि वह लेबनान में हिजबुल्लाह को निशाना बना रहा है।
06:40 AM9 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प ने NYT और CNN पर फेक ईरान प्लान छापने का आरोप लगाया
ट्रम्प ने न्यूयॉर्क टाइम्स और CNN पर ईरान वार्ता से जुड़े फेक 10-पॉइंट प्लान छापने का आरोप लगाया है।
बुधवार को ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए ट्रम्प ने कहा कि दोनों मीडिया संस्थानों ने एक ऐसा 10-पॉइंट प्लान रिपोर्ट किया, जो पूरी तरह मनगढ़ंत है और इसका मकसद शांति प्रक्रिया में शामिल लोगों को बदनाम करना है। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि ये सभी पॉइंट्स गढ़े हुए हैं।
ट्रम्प ने मीडिया पर तीखा हमला करते हुए कहा कि इस तरह की खबरें शांति प्रक्रिया को नुकसान पहुंचाने के लिए फैलाई जा रही हैं। उन्होंने दोनों संस्थानों को फेलिंग और फेक न्यूज करार दिया।
06:29 AM9 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
सीजफायर को लेकर अमेरिका-पाकिस्तान में मतभेद

अमेरिका के उप-राष्ट्रपति जेडी वेंस (फाइल फोटो)
अमेरिका के नेता जेडी वेंस और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के बीच सीजफायर (युद्धविराम) को लेकर बड़ा मतभेद सामने आया है। इससे यह सवाल उठने लगे हैं कि आखिर इस समझौते में क्या-क्या शामिल है।
जेडी वेंस ने साफ कहा कि सीजफायर में लेबनान शामिल नहीं था। उन्होंने कहा कि शायद ईरान ने समझौते को गलत समझ लिया। वेंस के मुताबिक, “यह एक गलतफहमी है। हमने कभी यह वादा नहीं किया कि लेबनान भी इसमें शामिल होगा।”
दूसरी तरफ, शहबाज शरीफ ने पहले एक सार्वजनिक बयान में कहा था कि इस सीजफायर में लेबनान और अमेरिका के सहयोगी देश भी शामिल हैं। उन्होंने अपने बयान में वेंस को टैग भी किया था।
06:13 AM9 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
अमेरिकी उपराष्ट्रपति बोले-ईरान ने 3 प्रस्ताव भेजे, एक ChatGPT से लिखा
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने दावा किया कि ईरान ने वार्ता से पहले तीन अलग-अलग 10-पॉइंट प्रस्ताव भेजे। इनमें से एक ChatGPT से लिखा गया था।
वेंस के मुताबिक, इन तीनों प्रस्तावों के कारण यह साफ नहीं है कि आगामी बातचीत किस आधार पर होगी। यह वार्ता 11 अप्रैल से इस्लामाबाद में शुरू होने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि पहला प्रस्ताव इतना कमजोर था कि इसे अमेरिकी टीम के स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर ने खारिज कर दिया। वेंस के अनुसार, यह प्रस्ताव “शायद ChatGPT से लिखा गया था।”
वेंस ने बताया कि दूसरा प्रस्ताव ज्यादा व्यावहारिक था। इसे पाकिस्तान और ईरान के बीच विचार-विमर्श के बाद तैयार किया गया। डोनाल्ड ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में इसी प्रस्ताव का जिक्र किया था। तीसरे प्रस्ताव को उन्होंने पहले से ज्यादा सख्त बताया।
06:09 AM9 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
US-ईरान वार्ता से पहले इस्लामाबाद में दो दिन की छुट्टी
पाकिस्तान ने अमेरिका और ईरान के बीच होने वाली अहम वार्ता से पहले इस्लामाबाद में दो दिन की छुट्टी घोषित की। जिला प्रशासन ने देर रात नोटिफिकेशन जारी कर आज और कल के लिए यह फैसला लागू किया। छुट्टी की वजह साफ नहीं बताई गई। इसे सुरक्षा तैयारियों से जोड़ा जा रहा है।
इस शुक्रवार को इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के बीच हाई-लेवल बातचीत होनी है। व्हाइट हाउस के मुताबिक, अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस इस वार्ता में अमेरिकी टीम का नेतृत्व करेंगे।
इस्लामाबाद में पहले भी बड़े कूटनीतिक आयोजनों से पहले सुरक्षा कारणों से ऐसे कदम उठाए जाते रहे हैं। प्रशासन ने कहा कि यह अवकाश केवल इस्लामाबाद कैपिटल टेरिटरी में लागू होगा। पुलिस, अस्पताल, बिजली और गैस जैसी जरूरी सेवाएं सामान्य रूप से चालू रहेंगी।
05:44 AM9 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान का प्रतिनिधिमंडल आज रात पाकिस्तान जाएगा
ईरान का एक प्रतिनिधिमंडल आज रात पाकिस्तान के इस्लामाबाद के लिए रवाना होगा। यह दौरा 10-पॉइंट शांति प्रस्ताव पर बातचीत के लिए किया जा रहा है।
पाकिस्तान में ईरान के राजदूत रेजा अमीरी मोगद्दम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रतिनिधिमंडल इस्लामाबाद पहुंचकर प्रस्तावित शांति योजना पर चर्चा करेगा।
मोगद्दम ने कहा कि ईरान के भीतर इस कूटनीतिक पहल को लेकर कुछ संदेह हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इजराइली सरकार इस पहल को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रही है।
इसके बावजूद ईरान ने बातचीत की प्रक्रिया जारी रखने का फैसला किया और प्रतिनिधिमंडल को पाकिस्तान भेजा जा रहा है।
05:36 AM9 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ब्रिटेन ने लेबनान में भी सीजफायर की मांग की
ब्रिटेन ने अमेरिका और ईरान के बीच हुए सीजफायर को लेबनान तक बढ़ाने की मांग की है। विदेश मंत्री इवेट कूपर ने कहा कि लेबनान में जारी इजराइली हमलों को देखते हुए यह जरूरी है कि सीजफायर वहां भी लागू हो।
उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात में लेबनान को सीजफायर से बाहर रखना क्षेत्रीय शांति के लिए सही नहीं होगा। लेबनान में जारी हिंसा से पूरे इलाके में तनाव बढ़ रहा है।
कूपर ने इसके साथ ही होर्मुज स्ट्रेट को लेकर भी अपना रुख साफ किया। उन्होंने कहा कि इस अंतरराष्ट्रीय मार्ग से गुजरने वाले जहाजों पर किसी तरह का शुल्क नहीं लगाया जाना चाहिए और यहां मुक्त आवाजाही सुनिश्चित होनी चाहिए।
05:27 AM9 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प के ईरान के साथ सीजफायर पर भ्रम
अमेरिका और ईरान के बीच प्रस्तावित सीजफायर समझौते को लेकर भ्रम बना हुआ है। ट्रम्प और अमेरिकी प्रशासन के दावों में अंतर सामने आया है, जिससे समझौते की शर्तें स्पष्ट नहीं हो पा रही हैं
अमेरिकी प्रशासन का कहना है कि ईरान की ओर से दो अलग-अलग 10-पॉइंट प्लान दिए गए थे, जिनमें से एक को खारिज कर दिया गया और दूसरे को स्वीकार किया गया। हालांकि रिपोर्ट्स के मुताबिक, वास्तव में केवल एक ही प्लान था, जिस पर ट्रम्प ने अपनी प्रतिक्रिया दी थी।
ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में 2 हफ्ते के सीजफायर को स्वीकार करने की बात कही थी, ताकि बातचीत शुरू हो सके। उन्होंने यह भी कहा था कि अमेरिका और ईरान के बीच ज्यादातर मतभेद लगभग सुलझने के करीब हैं।
लेकिन इसके 24 घंटे बाद ही प्रशासन की ओर से अलग बयान सामने आया, जिसमें कहा गया कि यह वह समझौता नहीं था जिस पर सहमति बनी थी।
इस पूरे विवाद का केंद्र लेबनान बना हुआ है। अमेरिकी प्रशासन और उपराष्ट्रपति ने साफ किया है कि लेबनान में इजराइल की सैन्य कार्रवाई इस सीजफायर समझौते का हिस्सा नहीं है। इस विरोधाभास के चलते यह साफ नहीं हो पा रहा है कि आखिर ट्रम्प ने किस समझौते को स्वीकार किया था।
05:07 AM9 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
इजराइल ने दक्षिणी लेबनान में फिर हमला किया
दक्षिण लेबनान में इजराइल की सैन्य कार्रवाई तेज हो गई है। हारूफ शहर पर हमले के बाद अब इजराइली सेना ने अल-दुवैर (खेरबेट एल-दुवैर) को भी निशाना बनाया है।
अल जजीरा अरबी की रिपोर्ट के मुताबिक, यह ताजा हमला दक्षिण लेबनान में बढ़ते संघर्ष के बीच हुआ है। इससे पहले भी इलाके में कई हमले हो चुके हैं।
04:50 AM9 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ऑस्ट्रेलिया बोला- US-ईरान सीजफायर लेबनान पर भी लागू हो
ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने अमेरिका और ईरान के बीच हुए सीजफायर को लेबनान तक लागू करने की मांग की है। ब्रिस्बेन में मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि यह समझौता एक सकारात्मक कदम जरूर है, लेकिन इसे स्थायी समाधान में बदलना जरूरी है।
अल्बनीज ने कहा कि उनकी सरकार का मानना है कि यह सीजफायर केवल सीमित क्षेत्रों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि लेबनान में भी लागू होना चाहिए।

अल्बनीज ने कहा कि लेबनान में हो रही घटनाओं को लेकर ऑस्ट्रेलिया के लोग भी चिंतित हैं। यह सिर्फ एक क्षेत्रीय मुद्दा नहीं है, बल्कि इसका असर पूरी दुनिया पर पड़ रहा है। (फाइल फोटो)
04:43 AM9 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
IMF-वर्ल्ड बैंक की चेतावनी- ईरान युद्ध से दुनिया में खाद्य संकट गहराएगा
ईरान युद्ध का असर अब वैश्विक स्तर पर खाद्य सुरक्षा पर पड़ने लगा है। वर्ल्ड बैंक, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) और संयुक्त राष्ट्र के वर्ल्ड फूड प्रोग्राम (WFP) ने संयुक्त बयान जारी कर चेतावनी दी है कि तेल, प्राकृतिक गैस और उर्वरकों की कीमतों में तेज बढ़ोतरी से खाद्य पदार्थ महंगे होंगे और लोगों की पहुंच भोजन तक और मुश्किल हो जाएगी।
इन वैश्विक संस्थाओं ने कहा कि मिडिल ईस्ट का युद्ध सिर्फ क्षेत्र ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में लोगों की जिंदगी और आजीविका को प्रभावित कर रहा है।
बयान में कहा गया कि खाद्य, ईंधन और उर्वरक आपूर्ति में आई बाधाओं का सबसे ज्यादा असर दुनिया के कमजोर तबकों पर पड़ेगा, खासकर उन देशों में जो कम आय वाले हैं और आयात पर निर्भर हैं।
संस्थाओं ने आगाह किया कि अगर हालात ऐसे ही बने रहे, तो वैश्विक स्तर पर खाद्य संकट और गहराएगा और महंगाई का दबाव बढ़ता जाएगा।
04:34 AM9 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
UN चीफ ने लेबनान में इजराइल के हमलों की निंदा की
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने लेबनान में इजराइल के हमलों की निंदा की है। उन्होंने कहा कि बुधवार को हुए इन हमलों में सैकड़ों नागरिकों की मौत हुई और कई लोग घायल हुए हैं, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं।
UN महासचिव के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने बयान जारी कर कहा कि गुटेरेस नागरिकों की मौत पर कड़ी आपत्ति जताते हैं और बढ़ते नागरिक हताहतों को लेकर गहरी चिंता में हैं।
गुटेरेस ने चेतावनी दी कि लेबनान में जारी सैन्य गतिविधियां अमेरिका और ईरान के बीच हुए सीजफायर के लिए गंभीर खतरा बन सकती हैं। उन्होंने सभी पक्षों से तुरंत संघर्ष रोकने की अपील दोहराई।
संयुक्त राष्ट्र ने कहा कि इस पूरे संघर्ष का कोई सैन्य समाधान नहीं है और हालात को काबू में लाने के लिए बातचीत और कूटनीति ही एकमात्र रास्ता है।
04:21 AM9 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- समझौते तक ईरान के आसपास तैनात रहेगी अमेरिकी सेना
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि जब तक ईरान के साथ अंतिम समझौते का पूरी तरह पालन नहीं होता, तब तक अमेरिका अपने जहाज, विमान, सेना और हथियार ईरान के आसपास तैनात रखेगा। उन्होंने यह बयान अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर दिया।
ट्रम्प ने चेतावनी दी कि अगर किसी भी वजह से समझौते का पालन नहीं हुआ, तो फिर से गोलीबारी शुरू होगी। यह पहले से ज्यादा बड़ी, ताकतवर और विनाशकारी होगी। उन्होंने कहा कि इसकी बेहद कम संभावना है, लेकिन अमेरिका पूरी तरह तैयार है।
ट्रम्प ने दोहराया कि एक बात पहले ही तय हो चुकी है कि ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं होंगे और होर्मुज स्ट्रेट खुला और सुरक्षित रहेगा।
04:00 AM9 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
यरुशलम में 40 दिन बाद खुली अल-अक्सा मस्जिद, नमाजियों की उमड़ी भीड़
यरुशलम में अल-अक्सा मस्जिद को 40 दिनों तक बंद रखने के बाद आखिरकार इजराइली प्रशासन ने पाबंदियां हटा दी हैं। गुरुवार तड़के बड़ी संख्या में नमाजी इस पवित्र स्थल पर पहुंचे और इबादत की।
इजराइल की ओर से लगाए गए प्रतिबंध कई हफ्तों से लागू थे, जिनके चलते लोगों की आवाजाही और नमाज पर रोक लगी हुई थी। पाबंदियां हटते ही सुबह के समय मस्जिद परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई।
अल-अक्सा मस्जिद इस्लाम के सबसे पवित्र स्थलों में से एक है और यहां पहुंचने पर लगी रोक को लेकर क्षेत्र में लंबे समय से तनाव बना हुआ था।
03:41 AM9 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान और सऊदी अरब के विदेश मंत्रियों ने फोन पर बात की
ईरान और सऊदी अरब के विदेश मंत्रियों के बीच फोन पर बातचीत हुई है। तेहरान के विदेश मंत्रालय के मुताबिक, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने सऊदी अरब के विदेश मंत्री प्रिंस फैसल बिन फरहान से बातचीत की। इसमें द्विपक्षीय संबंधों और क्षेत्रीय घटनाक्रमों पर चर्चा की गई।
तेहरान ने यह नहीं बताया कि यह बातचीत कब हुई। सऊदी अरब के सरकारी मीडिया के अनुसार, प्रिंस फैसल बिन फरहान को बुधवार शाम कतर, संयुक्त अरब अमीरात, जॉर्डन और तुर्किये के विदेश मंत्रियों के फोन आए। इस बयान में ईरान का जिक्र नहीं किया गया।
ईरान और सऊदी अरब लंबे समय से क्षेत्रीय ताकत के तौर पर राजनीतिक और आर्थिक प्रभाव के लिए प्रतिस्पर्धा करते रहे हैं। इस प्रतिस्पर्धा के पीछे सुन्नी और शिया इस्लाम के बीच गहरे मतभेद भी अहम वजह हैं। सऊदी अरब में सुन्नी और ईरान में शिया बहुसंख्यक हैं।
दोनों देशों के बीच 2023 में सात साल बाद कूटनीतिक संबंध बहाल हुए थे। इससे पहले रियाद द्वारा प्रमुख शिया धर्मगुरु शेख निमर अल-निमर को फांसी दिए जाने के बाद रिश्ते टूट गए थे।
03:30 AM9 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
सैटेलाइट तस्वीर में सऊदी की तेल पाइपलाइन में लगी आग दिखी
अमेरिका-ईरान के बीच सीजफायर ऐलान के कुछ ही घंटों बाद बुधवार को सऊदी अरब की एक अहम तेल पाइपलाइन पर हमला हुआ। अब यूरोपियन स्पेस एजेंसी ने हमले के बाद की सैटेलाइट तस्वीरें जारी की हैं। इनमें सऊदी अरामको की अबकैक प्रोसेसिंग फैसिलिटी से घना काला धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं।
अबकैक प्रोसेसिंग फैसिलिटी दुनिया का सबसे बड़ा क्रूड स्टेबलाइजेशन प्लांट है। सऊदी अरामको के मुताबिक यह वैश्विक तेल सप्लाई का लगभग 5% हिस्सा देता है। इस प्लांट में सॉर क्रूड ऑयल को प्रोसेस कर स्वीट क्रूड में बदला जाता है। इसे बाद में ईस्ट-वेस्ट पाइपलाइन के जरिए देश के पूर्वी और पश्चिमी तटों तक पहुंचाया जाता है।
यह पाइपलाइन क्षेत्र की उन दो प्रमुख लाइनों में शामिल है जो होर्मुज स्ट्रेट को बायपास करती हैं। वहां ईरान युद्ध के कारण बड़े स्तर पर व्यापार प्रभावित हुआ है। अबकैक से रेड सी के यनबू पोर्ट तक तेल पहुंचाने वाली यह लाइन होर्मुज के प्रभावी रूप से बंद होने के बाद सऊदी अरब के तेल निर्यात के लिए बेहद अहम बन गई है।

03:14 AM9 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
इराक में फ्रांसीसी सैनिक की मौत के आरोपी गिरफ्तार
इराक ने एरबिल में हुए ड्रोन हमले के आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस हमले में एक फ्रांसीसी सैनिक की मौत हो गई थी और छह अन्य घायल हुए थे।
इराक के प्रधानमंत्री मोहम्मद शिया अल-सुदानी ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों को इस बारे में जानकारी दी। प्रधानमंत्री कार्यालय के बयान के मुताबिक, हमले के जिम्मेदार लोगों को पकड़ लिया गया है।
मार्च में उत्तरी इराक के एरबिल में यह ड्रोन हमला हुआ था। उस समय फ्रांसीसी सैनिक वहां काउंटर-टेररिज्म ट्रेनिंग मिशन के तहत तैनात थे।
02:54 AM9 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
सीजफायर के बाद ईरान में 24 घंटे में कोई नई मौत नहीं
अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर लागू होने के बाद पहले 24 घंटों में ईरान में किसी भी नई मौत की जानकारी नहीं मिली है। यह जानकारी अमेरिका स्थित ह्यूमन राइट्स एक्टिविस्ट्स न्यूज एजेंसी (HRANA) ने दी है।
HRANA के मुताबिक, इस दौरान कम से कम 20 हमले दर्ज किए गए, जिनमें से कई सीजफायर लागू होने से पहले या उसके तुरंत बाद हुए थे।
रिपोर्ट के अनुसार, 28 फरवरी से शुरू हुई जंग में अब तक ईरान में कम से कम 1701 नागरिकों की मौत हो चुकी है, जिनमें 254 बच्चे शामिल हैं।
02:29 AM9 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान के निर्वासित प्रिंस बोले- कोई सत्ता परिवर्तन नहीं हुआ
ईरान के निर्वासित प्रिंस रजा पहलवी ने ईरान में अमेरिका के ‘सत्ता परिवर्तन’ के दावे को खारिज किया। फ्रेंच मीडिया को दिए इंटरव्यू में पहलवी ने कहा, “कौन सा सत्ता परिवर्तन? वही लोग हैं, शायद कमजोर हुए हैं।” उन्होंने कहा कि ईरान में सत्ता में कोई वास्तविक बदलाव नहीं आया।
उन्होंने मौजूदा शासन को ‘जख्मी जानवर’ बताते हुए इसे खत्म करने की बात कही। रजा पहलवी फिलहाल अमेरिका में रह रहे हैं और वहां राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय हैं। उन्होंने पहले “मेक ईरान ग्रेट अगेन” का नारा दिया है।
गौरतलब है कि उनके पिता मोहम्मद रजा पहलवी को 1979 की इस्लामिक क्रांति के दौरान सत्ता से हटा दिया गया था। इसके बाद ईरान में मौजूदा शासन स्थापित हुआ।
02:17 AM9 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
बेरूत में इजराइली हमलों से तबाही की तस्वीरें…

लेबनान के राहतकर्मियों ने इजराइली हमलों के बाद तबाह इमारतों के मलबे से एक महिला का रेस्क्यू किया।



02:10 AM9 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
NATO चीफ बोले- ट्रम्प सहयोगियों से निराश
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प NATO सहयोगियों से ईरान मुद्दे पर पर्याप्त समर्थन न मिलने से निराश हैं। NATO प्रमुख मार्क रुट ने मुलाकात के बाद यह जानकारी दी।
रुट ने कहा कि यह बैठक ‘दो अच्छे दोस्तों’ के बीच खुली चर्चा थी। उन्होंने ट्रम्प को बताया कि कई यूरोपीय देशों ने लॉजिस्टिक्स, ओवरफ्लाइट और बेसिंग जैसे तरीकों से सहयोग दिया। वे सीधे सैन्य कार्रवाई में शामिल नहीं हुए थे।
इसके बावजूद ट्रम्प ने NATO सहयोगियों पर निशाना साधते हुए कहा कि “NATO हमारे साथ तब नहीं था जब हमें जरूरत थी और भविष्य में भी नहीं होगा।”
व्हाइट हाउस ने संकेत दिया था कि ट्रम्प NATO से बाहर निकलने के मुद्दे पर चर्चा कर सकते हैं। इस पर कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
रुट ने कहा कि यूरोप के कई देश ईरान की अराजक गतिविधियों को रोकने के अमेरिकी प्रयासों का समर्थन करते हैं।
इस बीच यूरोपीय देशों ने अमेरिका-ईरान सीजफायर का स्वागत किया और होर्मुज स्ट्रेट में समुद्री आवाजाही सुनिश्चित करने में सहयोग देने की बात कही।
02:04 AM9 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
जंग में अमेरिका-ईरान को हुए नुकसान पर नजर
अमेरिका: 15 सैनिक शहीद, 300 घायल, अरबों के विमान खाक
- F-15E स्ट्राइक ईगल: 750–915 करोड़
- F-35: 660-910 करोड़ (दुनिया का सबसे महंगा लड़ाकू विमान)
- A-10 थंडरबोल्ट II: 150–210 करोड़
- E-3 अवाक्स: 2,200–2,500 करोड़
- MQ-9 रीपर (17+ ड्रोन): 4,250–5,000 करोड़
- 15 सैनिक शहीद
- पेंटागन के मुताबिक, युद्ध के शुरुआती दिनों में अमेरिका रोजाना करीब 15,666 करोड़ रु. खर्च कर रहा था।
- पांच लाख करोड़ रु. से ज्यादा खर्च।
ईरान: 13 लाख करोड़ रु. बर्बाद, 10 साल तक लग सकते पुनर्निर्माण में
- ईरान की जीडीपी में करीब 20% तक गिरावट संभव।
- तेल निर्यात बंद होने से 33000 करोड़ रुपए का नुकसान।
- करीब 4 करोड़ लोग ईरान में गरीबी रेखा के नीचे जा सकते हैं।
- एक माह में ईरान को 13 लाख करोड़ रुपए का नुकसान आंका गया है।
- ईरान को पुनर्निर्माण में लगभग 10 साल तक लग सकते हैं।
01:53 AM9 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
होर्मुज स्ट्रेट में लापता तीन थाई नाविकों की मौत की पुष्टि
होर्मुज स्ट्रेट में पिछले महीने हुए हमले में लापता तीन थाई नाविकों की मौत की पुष्टि हो गई है। थाईलैंड के उपप्रधानमंत्री और विदेश मंत्री सिहासक फुआंगकेतकेओ ने बुधवार को यह जानकारी दी।
11 मार्च को होर्मुज स्ट्रेट से गुजरते वक्त थाई झंडे वाले 180 मीटर लंबे बल्क कैरियर ‘मयूरी नारी’ पर हमला हुआ था। जहाज पर 23 क्रू मेंबर सवार थे।
हमले के बाद ओमान की अथॉरिटीज ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर 20 लोगों को बचा लिया था। तीन लोग लापता थे। अब उनकी मौत की पुष्टि हो गई।
मंत्री ने कहा कि वह इस महीने के अंत में ओमान का दौरा करेंगे। वहां वह बचाव अभियान के लिए अधिकारियों का धन्यवाद करेंगे और होर्मुज में फंसे 9 थाई जहाजों के लिए सुरक्षित रास्ता सुनिश्चित करने में मदद मांगेंगे।
मयूरी नारी पर हमले के बाद का वीडियो…
01:42 AM9 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
बेरूत में इजराइली हमले के बाद पूरी इमारत ढही
लेबनान की राजधानी बेरूत के दक्षिणी इलाके में इजराइल के ताजा हवाई हमले में एक इमारत ढह गई। चियाह इलाके में हुए इस हमले के बाद तबाही का मंजर सामने आया।
वीडियो फुटेज में इमारत मलबे में तब्दील नजर आ रही है। स्थानीय लोग और राहतकर्मी टॉर्च की रोशनी में फंसे लोगों को निकालने की कोशिश कर रहे हैं।
घटना में कई लोगों के दबे होने की आशंका है। अभी तक किसी आधिकारिक मौत या घायल का आंकड़ा जारी नहीं किया गया है।
अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर लागू होने के बावजूद लेबनान को इसमें शामिल नहीं किया गया है। इसके चलते वहां इजराइली हमले जारी हैं।
01:29 AM9 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
अमेरिका-ब्रिटेन में जंग के खिलाफ प्रदर्शन
अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर के बावजूद युद्ध पूरी तरह खत्म करने की मांग को लेकर अमेरिका और ब्रिटेन में प्रदर्शन हुए।
न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर में सैकड़ों लोग जुटे। उन्होंने अमेरिका-इजराइल और ईरान युद्ध को स्थायी रूप से खत्म करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने “स्टॉप द वॉर ऑन ईरान” और “स्टॉप बॉम्बिंग लेबनान नाउ” जैसे पोस्टर लहराए।
लंदन में इजराइल के दूतावास के बाहर दर्जनों लोग प्रदर्शन के लिए इकट्ठा हुए। उन्होंने लेबनान पर जारी हमलों को तुरंत बंद करने की मांग की।
01:17 AM9 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
इजराइल ने लेबनान से दागे रॉकेट को इंटरसेप्ट किया
लेबनान से उत्तरी इजराइल की ओर दागे गए रॉकेट को इजराइली सेना ने इंटरसेप्ट कर लिया है। सेना के मुताबिक, प्रोजेक्टाइल को हवा में ही मार गिराया गया।
हमले के बाद उत्तरी इजराइल के गैलीली क्षेत्र में एयर रेड सायरन बजाए गए। लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा गया।
इजराइल ने लेबनान में अब तक के सबसे भारी हमले किए। इनमें 254 लोगों की मौत हुई और कई लोग घायल हुए। सीजफायर के बावजूद क्षेत्र में तनाव बना हुआ है। दोनों तरफ से हमले जारी हैं।
01:09 AM9 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प ने NATO की आलोचना की, बोले- जरूरत के समय साथ नहीं दिया
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने NATO की आलोचना करते हुए कहा है कि यह गठबंधन जरूरत के समय अमेरिका के साथ नहीं खड़ा होता।
ट्रम्प ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर लिखा कि NATO न पहले साथ था और न भविष्य में होगा। उन्होंने ग्रीनलैंड को लेकर भी टिप्पणी की और उसे बर्फ का टुकड़ा बताया।
ट्रम्प पहले भी डेनमार्क के नियंत्रण वाले ग्रीनलैंड पर कब्जा करने की इच्छा जता चुके हैं, जिसपर यूरोपीय देशों ने चिंता जाहिर की थी।


