शिवपुरी जिले के कोलारस थाना अंतर्गत लुकवासा चौकी क्षेत्र के रामपुरी गांव में 23 वर्षीय युवक का शव गांव के बाहर एक नर्सरी में पेड़ से फंदे पर लटका मिला। पुलिस को सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान रामपुरी निवासी मर्दन सिंह आदिवासी (23) के रूप में हुई है। शुक्रवार रात उसका अपनी पत्नी से चरित्र शंका को लेकर विवाद हुआ था। मृतक के पिता गोविंद सिंह आदिवासी ने आरोप लगाया है कि शनिवार सुबह मर्दन की पत्नी ने अपने मायके वालों को बुला लिया था। इसके बाद मायके पक्ष के लोगों ने मर्दन के साथ मारपीट की और उसकी पत्नी को अपने साथ ले गए। परिजनों के मुताबिक, मारपीट के बाद ससुराल पक्ष और मर्दन की पत्नी लुकवासा पुलिस चौकी पहुंचे थे। पुलिस ने बाद में मर्दन को भी चौकी बुलाया। पिता गोविंद सिंह का आरोप है कि चौकी में भी उनके बेटे के साथ मारपीट की गई। हालांकि, मर्दन शाम को घर लौट आया था। रविवार सुबह वह घर से निकला और कुछ देर बाद उसका शव गांव के बाहर नर्सरी में पेड़ पर फंदे से लटका मिला। लुकवासा चौकी प्रभारी बैजनाथ मिश्रा ने बताया कि शनिवार को दोनों पक्ष चौकी पहुंचे थे, जहां आपसी सहमति से समझौता हो गया था। इसके बाद मृतक की पत्नी अपने मायके वालों के साथ चली गई थी, जबकि उनका तीन वर्षीय बेटा मर्दन अपने साथ घर ले गया था। चौकी प्रभारी ने बताया कि रविवार सुबह मर्दन द्वारा आत्महत्या किए जाने की सूचना मिली। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मर्ग कायम कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।
Source link
पेड़ पर लटका मिला युवक का शव: शिवपुरी में पत्नी के मायके वालों पर पति को मारने का आरोप – Shivpuri News
RELATED ARTICLES

