सहरसा सदर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक किशोर पर तेज धारदार हथियार से हमला किया गया। घटना में पीड़ित के सिर पर गंभीर चोट आई है। साथ ही उसके बाएं हाथ की एक उंगली भी काट दी गई। वारदात के पीछे दो साल से चल रहे रास्ता विवाद को कारण बताया जा रहा है।
.
घायल किशोर की पहचान सहरसा नगर निगम वार्ड संख्या 4, संतनगर सत्संग भवन निवासी रतन कुमार दास का बेटा सोनू कुमार (16) के रूप में हुई है। सोनू का पिता राजमिस्त्री का काम करता है।
घटना के बाद रोते परिजन।
फरसा से सिर पर हमला
रतन कुमार ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 6 बजे उसका बेटा रोज की तरह लक्ष्मीनिया चौक स्थित कोचिंग के लिए घर से निकला था। इसी दौरान रास्ते में घात लगाए बैठे पड़ोसी मनोज सिंह और उसके सहयोगियों ने फरसा से सिर पर हमला किया। फिर गाल पर चोट पहुंचाई और बाएं हाथ की एक उंगली काट दी।
पिछले 2 सालों से चल रहा रास्ता विवाद
पीड़ित पिता के अनुसार, हमलावरों से उसका रास्ता विवाद पिछले 2 सालों से चला आ रहा है। इस दौरान कई बार आपसी समझौते भी हुए, लेकिन तनाव खत्म नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के बाद आरोपी रातों-रात अपने घर पर ताला लगाकर फरार हो गए।
हमले के बाद सोनू को गंभीर अवस्था में स्थानीय लोगों की मदद से सदर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां उसका इलाज चल रहा है।
हमले से इलाके में दहशत
घटना की जानकारी मिलते ही सहरसा सदर थाना पुलिस सक्रिय हो गई। थाना अध्यक्ष सुबोध कुमार ने बताया कि पीड़ित पक्ष से लिखित आवेदन नहीं मिला है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इस हमले से इलाके में दहशत का माहौल है। लोग कह रहे हैं कि पुराने विवादों को समय रहते सुलझा लेना ही बेहतर होता है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

