फलोदी पुलिस ने झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर जबरन वसूली करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थाना प्रभारी भंवराराम के नेतृत्व में की गई।
.
मामला 10 नवंबर 2025 को दर्ज किया गया था, जब होपारडी निवासी रामचंद्र ने फलोदी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। रामचंद्र ने बताया कि वह कुंडल में एक जनरल स्टोर चलाते हैं। पूजा भील उर्फ हवा नामक महिला पिछले एक साल से उनकी दुकान पर ग्राहक के तौर पर आती-जाती थी। उसने कई बार उधार सामान लिया और बाद में पैसे चुकाकर विश्वास जीता।
पीड़ित रामचंद्र ने बताया कि, 22 अगस्त 2025 को जब वह फलोदी सामान लेने जा रहे थे, तो पूजा भील उन्हें कुंडल-फलोदी तिराहे पर मिली। महिला ने उनसे अपने ‘धर्म भाई’ के घर छोड़ने का अनुरोध किया। जान-पहचान होने के कारण रामचंद्र उसे अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर बताए गए स्थान पर ले गए। वहां बाबू कसाई उर्फ अजरुद्दीन पहले से मौजूद था।
गाड़ी रुकते ही अजरुद्दीन ने रामचंद्र की मोटरसाइकिल छीन ली और उसे बबूल की झाड़ियों में ले गया। इसके बाद, आरोपियों ने रामचंद्र को महिला के साथ उनके वीडियो और तस्वीरें वायरल करने की धमकी दी। उन्होंने छेड़छाड़ और बलात्कार के झूठे मामले में फंसाकर समाज में बदनाम करने की धमकी देते हुए पैसे की मांग की। डरकर रामचंद्र ने उस समय 3000 रुपए महिला को और 2500 रुपए अजरुद्दीन को दिए। आरोपियों ने रामचंद्र के पास मौजूद 7000 रुपए भी छीन लिए।
लगभग तीन महीने बाद, आरोपियों ने फिर से रामचंद्र से 1.50 लाख रुपए की मांग की और पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी दी। प्रार्थी की शिकायत के आधार पर फलोदी पुलिस थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एएसआई पदमाराम के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने कार्रवाई करते हुए भाखरिया निवासी अजहरुद्दीन उर्फ बाबू कसाई को गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

