पनवाड़ जीएसएस के पास चौथ माता मंदिर के पीछे एक खेत में गुरुवार को बड़ा हादसा टल गया। खेत में धान की रोपाई कर रहे 21 मजदूर उस समय बाल-बाल बच गए, जब चालू बिजली लाइन का तार सुबह 11 बजे अचानक टूटकर खेत में गिर गया। तार गिरते ही तेज स्पार्किंग शुरू हो गई। मजदूरों ने तुरंत खेत से बाहर भागकर जान बचाई। ग्रामीणों ने जयपुर डिस्कॉम को बताया और संबंधित फीडर की सप्लाई तुरंत बंद करवाई। समय रहते बिजली बंद होने से कोई जनहानि नहीं हुई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कुछ पल की देरी होती तो करंट लग सकता था। खेत में पानी भरा होने से खतरा ज्यादा था। मजदूरों की सतर्कता से सभी सुरक्षित रहे। घटना के बाद ग्रामीणों में जर्जर लाइनों को लेकर नाराजगी दिखी। ग्रामीणों ने लाइनों की नियमित जांच, मरम्मत, समय पर बदलाव की मांग की। हादसे के समय खेत में जगदीश नाथ, मुकेश, धनी बाई, माया बाई, लक्ष्मण बाई, सुगनी बाई, रवीना बाई, राजाराम, मनीष, विनोद, भोजराज, राम, जोतिया बाई, महावीर, आरती बाई, प्रहलाद, हुकमचंद सहित कुल 21 मजदूर काम कर रहे थे। तार गिरते ही सभी सुरक्षित जगह पहुंच गए। जयपुर डिस्कॉम के पनवाड़ जेईएन यशवंत सिहगवार ने कहा कि चालू लाइन का तार टूटने की जानकारी नहीं है। जल्द ही लाइनों के मेंटिनेंस का प्रपोजल तैयार किया जाएगा।
Source link

