कोलायत में बरसाती पानी में डूबने से दो बहनों की मौत हो गई जबकि तीसरी बहन ने बचाने की कोशिश की लेकिन बचा नहीं सकी। घटना गुरुवार रात की है और शुक्रवार सुबह कोलायत अस्पताल में शवों का पोस्टमार्टम हुआ। दोनों सगी बहन थी, जिनका नाम सरला (9) और अवनी (6) था।
.
एएसआई जय सिंह के अनुसार चक कन्या बंधा निवासी भंवरदान चारण की तीन बेटियां गुरुवार शाम बरसात के बाद गांव के पास पानी में खेलते हुए नहा रही थीं। खेलते-खेलते सरला व अवनी गहरे पानी में फिसल गई। गड्ढा इतना गहरा था कि दोनों डूबने लगी। तीसरी बहन ने बचाने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। उसी ने दौड़कर गांववालों को सूचना दी।
ग्रामीणों व परिजनों ने मौके पर पहुंच कर दोनों को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थी। देर शाम दोनों बच्चों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। जहां से दोनों के शव मोर्चरी में रख दिए गए। शुक्रवार सुबह दोनों के शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिए गए। घटना की सूचना पर तहसीलदार पूनम कंवर, जिला परिषद सदस्य मोहनदान चारण, मंडल सरपंच प्रतिनिधि शिव मेघवाल, छैलूदान, जेठूदान, लखनदान सहित कई लोग मुख्यालय के मोर्चरी रूम के बाहर पहुंचे। मर्ग दर्ज होने के बाद मामले की जांच की जा रही है।
भाटी ने जताया शोक
इस दर्दनाक हादसे की पूर्व मंत्री देवी सिंह भाटी को सूचना मिली, तो उन्होंने पुलिस से बातचीत की। परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। विधायक अंशुमान सिंह भाटी और पूर्व प्रधान जयवीरसिंह भाटी ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए परिजनों को ढांढस बंधाया। साथ ही प्रशासन से आवश्यक मदद व दिशा-निर्देश दिए है।
कंटेंट : विजय, कोलायत