फिरोज खान | भदोही (संत रविदास नगर)3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
भदोही में पूर्वांचल और दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के निजीकरण के विरोध में विद्युतकर्मियों का प्रदर्शन शनिवार को भी जारी रहा। कर्मचारियों ने कहा कि निजीकरण का फैसला वापस होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
राज्य जूनियर इंजीनियर संगठन के क्षेत्रीय सचिव इं. अभिषेक प्रजापति ने कहा कि पिछले 6 महीने से आंदोलन चल रहा है। प्रबंधन घाटे के भ्रामक आंकड़े दिखाकर निजीकरण का रास्ता खोज रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड और शासन के कुछ बड़े अधिकारियों की चुनिंदा निजी घरानों से मिलीभगत है।

प्रजापति के अनुसार, निजीकरण से बिजली महंगी होगी और उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि निजीकरण की टेंडर प्रक्रिया शुरू होते ही अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार किया जाएगा।
कर्मचारियों ने आश्वासन दिया कि आंदोलन के दौरान उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। प्रदर्शन में इं. विनोद प्रजापति, धीरेंद्र प्रताप कौशल, प्रमोद चौहान, कुंवर ज्योति प्रकाश, सुजीत पटेल, रविन्द्र प्रताप यादव, मनीष सिंह, शैलेश मौर्य, सत्यप्रकाश, आदित्य पांडेय, रविंद्र पाल समेत कई कर्मचारी मौजूद रहे।

