मंदसौर जिले के मल्हारगढ़ के नजदीक देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। उज्जैन जिले के चार युवक दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर राजस्थान स्थित सांवलिया सेठ मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे, इसी दौरान एक अज्ञात कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दो बाइक पर सवार थे चारों युवक जानकारी के अनुसार, विशाल (पिता बलराम नरवरे) निवासी गनावा, सावन (पिता रूप सिंह, उम्र 17 वर्ष) निवासी गनावा, गोपाल (पिता तेजाराम, उम्र 22 वर्ष) और गौतम (पिता तेजाराम, उम्र 22 वर्ष) निवासी उज्जैन, शाम करीब 6 बजे उज्जैन से निकले थे। गोपाल और सावन एक बाइक पर जबकि विशाल और गौतम दूसरी बाइक पर सवार थे। रात 12 बजे हुआ हादसा रात करीब 12 बजे जैसे ही वे मल्हारगढ़ के पास पहुंचे, पीछे आ रही बाइक को एक अज्ञात कार ने टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में गोपाल और सावन गंभीर रूप से घायल हो गए। आगे चल रहे विशाल और गौतम को जब साथी नजर नहीं आए तो वे लौटकर आए, तब हादसे की जानकारी मिली। एम्बुलेंस नहीं पहुंची, नगर पालिका वाहन से अस्पताल पहुंचाया घटना के बाद 108 एंबुलेंस को सूचना दी गई, लेकिन समय पर नहीं पहुंच सकी। इसके बाद नगर पालिका की एंबुलेंस से घायलों को मल्हारगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर मंदसौर जिला अस्पताल रेफर किया गया। सावन की हालत नाजुक, इंदौर ले गए परिजन जिला अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद डॉ. मोइन नियारगर ने बताया कि सावन की गंभीर हालत को देखते हुए उसे रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर करने की सलाह दी गई थी, लेकिन परिजन उसे इंदौर ले गए। सावन के सिर में करीब 15 टांके और होंठ पर 5 टांके लगाए गए हैं, उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं गोपाल को सिर और चेहरे पर चोट आई है, हालांकि डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत खतरे से बाहर है। नई बाइक लेकर निकले थे दर्शन के लिए बताया जा रहा है कि गौतम ने हाल ही में नई बाइक खरीदी थी और उसी से सभी युवक सांवलिया सेठ के दर्शन के लिए जा रहे थे। फिलहाल पुलिस अज्ञात कार चालक की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है।
Source link
मल्हारगढ़ के पास कार ने बाइक को मारी टक्कर: दो युवक घायल, एक इंदौर रेफर; नई बाइक लेकर सांवलिया सेठ जा रहे थे – Mandsaur News
RELATED ARTICLES

