देहरादून. बरसात के दिनों में गरमागरम कुलचे खाना किसे नहीं पसंद. अमृतसरी छोले कुलचा, पनीर कुलचा, आलू कुलचा या मसाला कुलचे…इन्हें बड़े चाव से खाने वालों के लिए ये काम की खबर है. अगर आप दिल्ली गए होंगे तो सड़क किनारे लगे मटर कुलचे के ठेले जरूर दिखे होंगे. देहरादून में छोले कुलचे तो खाये जाते रहे हैं, लेकिन अमन मटर कुलचे भी परोस रहे हैं. बरसात के दिनों में चटपटे मटर की खुशबू आपको यहां खींच लाएगी. अगर ये कुलचे मक्खन में लिपटे हों और उस पर इमली की चटनी, मटर का मसालेदार मिक्स, बारीक कटी ताजी धनिया, हरी मिर्च, टमाटर के साथ नींबू का रस तो कोई भी दीवाना हो जाएगा.
काफी ढूंढा लेकिन मिला नहीं
अमन बक्शी बताते हैं कि वे देहरादून घूमने आए थे. उन्हें देहरादून का मौसम और यहां का माहौल बहुत पसंद आया इसीलिए उन्होंने यहीं रहने का मन बना लिया. अमन ने बताया कि उनकी मां भी यहां कई साल रहीं, इसलिए देहरादून से उनका बेहद खास रिश्ता है. अमन दिल्ली के रहने वाले है, जब वह पहली बार देहरादून आए तो उन्होंने यहां के छोले कुलचे खाये. उन्हें मटर कुलचे पसंद हैं इसलिए उन्होंने उसे यहां काफी ढूंढा लेकिन तलाश खत्म नहीं हुई. बस उनके दिमाग में यहीं से आइडिया क्लिक कर गया कि देहरादून में इसका भी स्वाद परोसा जाना चाहिए. उन्होंने अपना रेस्टोरेंट खोल लिया जिसका नाम उन्होंने श्री जी रेस्टोरेंट रखा.
दिल्ली वाला स्टाइल
अमन का कहना है कि देहरादून में दिल्ली ही नहीं दुनियाभर के पर्यटक घूमने के लिए आते हैं, इसलिए हमारी कोशिश ही रहती है कि हम देहरादून में उन्हें अच्छी क्वालिटी और स्वाद दे सकें ताकि वे यहां से अच्छी यादें लेकर जाएं. अमन मटर कुल्चे ही नहीं बल्कि मटर कचौड़ी भी बनाते हैं, जो देहरादून के लिए अलग है. सर्दी हो या बरसात उनके यहां ग्राहकों की लाइन लगी रहती है. अमन हेल्दी फूड देना चाहते हैं, इसलिए वह कम मैदा और अधिक सूजी का उपयोग करते हैं. अगर आप भी दिल्ली स्टाइल के मटर कुल्चे का स्वाद लेना चाहते हैं तो देहरादून के कैनाल रोड आ जाएं. यहां आपको 60 रुपये प्रति प्लेट के हिसाब से इसका लाजवाब स्वाद मिल जाएगा.