मैहर जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग-30 (NH-30) पर रविवार सुबह सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। वाहन की जोरदार टक्कर से हादसा इतना भीषण था कि शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया।
.
यह घटना रविवार सुबह करीब 5 बजे ग्राम नरौरा के पास हुई। मृतक की पहचान 75 वर्षीय रामस्वरूप मिश्रा (पिता चिंतामणि मिश्रा), निवासी ग्राम नरौरा के रूप में हुई है। वे सड़क किनारे पैदल जा रहे थे, तभी हादसा हो गया, घटना के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस जांच में जुटी, आरोपी चालक की तलाश जारी
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने डायल-112 और हाईवे पेट्रोलिंग टीम को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल मैहर पहुंचाया।
कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और मामले की जांच में जुटी है।

