Tuesday, July 8, 2025
Homeराज्यउत्तरप्रदेशरास्ते में जानवर बांधने के विवाद में महिला की हत्या: मैनपुरी...

रास्ते में जानवर बांधने के विवाद में महिला की हत्या: मैनपुरी में दबंगों ने लाठी-डंडों से की पिटाई, पति-पुत्रवधू घायल; आरोपी फरार – Mainpuri News


ASHISH KUMAR | मैनपुरी2 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

मैनपुरी के बेवर थाना क्षेत्र के बागपुर गांव में रास्ते में जानवर बांधने को लेकर हुए विवाद में दबंगों ने एक वृद्ध महिला की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी। इस घटना में महिला का पति और पुत्रवधू भी घायल हो गए।

घटना की जानकारी मृतका के बेटे अरुण कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि गांव के बृजेश कुमार, सुनील कुमार, नीरज कुमार, संजीव कुमार, दीपक कुमार और श्रीमती रेखा लगातार गली में जानवर बांधते थे। बार-बार मना करने के बावजूद वे ऐसा करते रहे।

घटना उस समय हुई जब अरुण के पिता सुरेंद्र सिंह मोपेड से घर लौट रहे थे। गली में बंधे जानवरों से मोपेड टकरा गई। इस पर आरोपियों ने उनसे कहासुनी की। सुरेंद्र सिंह घर चले आए, लेकिन आरोपी उनके घर पहुंच गए। वहां उन्होंने सुरेंद्र सिंह, उनकी पत्नी और बहू पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

घायलों को बेवर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने सुरेंद्र सिंह की पत्नी को मृत घोषित कर दिया। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। सभी आरोपी गांव छोड़कर फरार हो गए हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।

मामले को लेकर बेवर थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि घटना की सूचना पर तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची थी। तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज करके महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार किया जाएगा।



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments