Friday, November 20, 2026
Homeफूडलकड़ी के चूल्हे पर बनती है मछली की ये रेसिपी, होटल- रेस्टोरेंट...

लकड़ी के चूल्हे पर बनती है मछली की ये रेसिपी, होटल- रेस्टोरेंट तक जाएंगे भूल


देवघर: मछली खाने के शौकीन हैं, तो आज हम आपको बताने जा रहे हैं एक ऐसी देसी रेसिपी, जिसका स्वाद चखने के बाद आप भी बार-बार इसे खाना पसंद करेंगे. न कोई आधुनिक किचन, न गैस पर खाना बनाने का झंझट, बल्कि गांव-घर के पुराने अंदाज में लकड़ी के चूल्हे पर लोहे की कड़ाही में तैयार होती है यह स्वादिष्ट मछली. इसमें शुद्ध सरसों का तेल और घर में रखे कुछ खास देसी मसाले का इस्तेमाल होता है. सबसे खास बात यह है कि इसे बनाने का तरीका भी बिल्कुल पारंपरिक है. लकड़ी के चूल्हे की धीमी आंच और सरसों के तेल में पकते मसालों की खुशबू पूरे घर में फैल जाती है.अगर आप भी घर पर कुछ अलग और देसी स्वाद वाली मछली बनाना चाहते हैं, तो इस रेसिपी को जरूर ट्राई कर सकते हैं.

जानें बनाने की ये आसान रेसिपी

इस देसी मछली को बनाने की शुरुआत सफाई से होती है. सबसे पहले मछली को अच्छी तरह धोकर उसमें हल्दी और नमक मिलाकर कुछ देर के लिए रख दिया जाता है, ताकि मसाला मछली के अंदर तक पहुंच सके. इसके बाद चूल्हे पर लोहे की कड़ाही चढ़ाई जाती है और उसमें सरसों का तेल गर्म किया जाता है. जब तेल अच्छी तरह गर्म हो जाता है, तो उसमें एक-एक करके मछली के टुकड़े डाले जाते हैं. अब इन्हें धीमी और मध्यम आंच पर तब तक फ्राई किया जाता है, जब तक मछली का रंग सुनहरा न हो जाए और ऊपर से अच्छी तरह कड़क न हो जाए.

जानें मछली को कैसे करें फ्राई

अब मछली को दोनों तरफ से पलटकर अच्छी तरह पकाया जाता है. जब सारे टुकड़े फ्राई हो जाते हैं, तो उन्हें एक बर्तन में निकालकर रख दिया जाता है. अब बारी आती है इस रेसिपी के सबसे खास हिस्से की, यानी चटपटे देसी मसाले की. जहां सरसों के तेल में मछली को फ्राई किया गया है, उसी तेल में बारीक कटे प्याज डालकर अच्छी तरह भुना जाता है. जब प्याज हल्का सुनहरा होने लगता है, तो उसमें पतले-पतले कटे टमाटर डाल दिए जाते हैं. इसके बाद बारी आती है घर के खास मसालों की.

इन मसालों से तैयार होती है मछली

इसमें हल्दी, धनिया, जीरा, लाल मिर्च और जरूरत के अनुसार गरम मसाला मिलाकर अच्छी तरह भुना जाता है. मसाले को तब तक पकाया जाता है, जब तक प्याज और टमाटर पूरी तरह गल न जाएं और तेल मसाले से अलग दिखाई देने न लगे. यही वह समय होता है, जब कड़ाही से उठती खुशबू किसी को भी भूख लगा सकती है. जब मसाला पूरी तरह तैयार हो जाता है, तो उसमें जरूरत के अनुसार पानी डालकर बढ़िया चटपटा रस तैयार किया जाता है.

अब इसे कुछ देर तक उबलने दिया जाता है, ताकि मसालों का स्वाद पानी में अच्छी तरह घुल जाए. जब ग्रेवी में उबाल आने लगता है, तो पहले से फ्राई करके रखी गई मछली के टुकड़ों को धीरे-धीरे इसमें डाल दिया जाता है. इसके बाद कुछ देर तक धीमी आंच पर पकाया जाता है, ताकि मछली के अंदर तक मसाले और ग्रेवी का स्वाद पहुंच जाए. ध्यान रखना होता है कि मछली के टुकड़े टूटें नहीं, इसलिए इसे बार-बार चलाने के बजाय कड़ाही को हल्के हाथ से हिलाया जाता है.

लकड़ी के चूल्हे पर पारम्परिक अंदाज बनती है ये रेसिपी

बस तैयार है गांव-घर के अंदाज वाली स्वादिष्ट देसी मछली. इसे गरमा-गरम चावल के साथ परोसा जाए, तो खाने का मजा ही कुछ और हो जाता है. एक तरफ सरसों के तेल का तीखापन, दूसरी तरफ प्याज-टमाटर और देसी मसालों की चटपटी ग्रेवी और ऊपर से लकड़ी के चूल्हे पर पकने का पारंपरिक अंदाज. आज भले ही लोग आधुनिक किचन और नए-नए उपकरणों का इस्तेमाल कर रहे हों, लेकिन गांव-घर में आज भी इस तरह बनने वाले खाने का अपना अलग ही मजा है.



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments