जोधपुर के एक बिजनेसमैन को खुद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताने वाले बदमाश ने जान से मारने की धमकी दी है। बदमाश ने दो करोड़ रुपए की फिरौती की डिमांड की है, जिसके लिए केवल 2 दिन का समय दिया है। मामला रातानाडा थाना क्षेत्र का है। रातानाडा थानाधिकारी दिनेश लखावत ने बताया कि परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर संगठित अपराध, जबरन वसूली, गंभीर आपराधिक धमकी देने से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि धमकी देने वाला वाकई विदेश में बैठकर धमकी दे रहा है या देश में ही रहते हुए वर्चुअल नंबरों की तकनीक का उपयोग किया गया है। लॉरेंस गैंग का बदमाश बताकर मांगे रुपए रातानाडा थाने में दर्ज एफआईआर के अनुसार- बिजनेसमैन के मोबाइल पर गुरुवार सुबह करीब 11 बजे एक अज्ञात नंबर से कॉल आया था। मोबाइल स्क्रीन पर +1 (826) 529-4325 नंबर फ्लैश हो रहा था। कॉल उठाने पर सामने वाले व्यक्ति ने खुद का नाम टाइसन बिश्नोई बताया। उसने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए सीधे दो करोड़ रुपए की रंगदारी मांग ली। बदमाश ने बोला- तेरी पल-पल की खबर, मार देंगे परिवादी के अनुसार- फोन करने वाले बदमाश ने न केवल फिरौती मांगी, बल्कि ये भी कहा कि उसे मेरी दिनचर्या की पल-पल की जानकारी है। आरोपी ने धमकी दी कि यदि दो दिन के अंदर पैसे नहीं दिए गए, तो वह उसे कभी भी जान से मार देगा। बिजनेसमैन ने इस पूरी बातचीत को अपने दूसरे फोन से रिकॉर्डिंग कर लिया था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी और कॉल रिकॉर्डिंग सौंपी। जोधपुर में रंगदारी मांगने के कई मामले केस-1 – दो कारोबारियों से 2 करोड़ की रंगदारी (फरवरी 2026) 6-7 फरवरी 2026 की रात जोधपुर के विजयनगर निवासी दो कारोबारियों दीपक और मनीष को इंटरनेट कॉल के जरिए धमकी मिली। कॉल करने वाले ने खुद को लॉरेंस का भाई बताया आरजू बिश्नोई बताया और कहा – “जीना है तो 48 घंटे में 2 करोड़ भेजो।” दोनों कारोबारी चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाने पहुंचे, FIR दर्ज कराई और ऑडियो रिकॉर्डिंग पुलिस को सौंपी। इस मामले में पुलिस का प्रारंभिक संदेह था कि यह किसी असली गैंग की कॉल नहीं, बल्कि गैंग के नाम का फर्जी इस्तेमाल हो सकता है। केस-2 – आर्टिफिशियल ज्वेलरी व्यापारी से 5 लाख की रंगदारी, ‘लादेन’ गिरफ्तार (फरवरी 2026) सरदारपुरा थाना क्षेत्र के आर्टिफिशियल ज्वेलरी व्यापारी को इंटरनेट कॉल से 5 लाख रुपए की रंगदारी मांगी गई और गोली मारकर हत्या की धमकी दी गई। घबराए व्यापारी ने तुरंत पुलिस में शिकायत की। आरोपी ने अपना क्यूआर कोड भेजा था – यही उसकी गलती साबित हुई। पुलिस ने बैंक डिटेल खंगाली और झंवर थाना पुलिस ने लादूराम उर्फ लादेन को उसके घर से गिरफ्तार किया। आरोपी दिहाड़ी मजदूर था और किसी भी गैंग से सीधा संबंध नहीं था। नशे की लत के लिए पैसों की जरूरत थी इसलिए लॉरेंस का नाम लिया था। उस समय जांच में सामने आया कि उसने कई लोगों को फोन किए थे। केस-3 – पूर्व पार्षद मनीष लोढ़ा को रोहित गोदारा के नाम से धमकी (16 फरवरी 2026) 16 फरवरी की दोपहर करीब 3:30 बजे जोधपुर के उद्यमी और कांग्रेस के पूर्व पार्षद मनीष लोढ़ा के फोन पर एक विदेशी नंबर से बार-बार कॉल आया। कॉल उठाते ही धमकी शुरू हो गई। कॉलर ने खुद को रोहित गोदारा बताया। कॉल काटने के बाद उसी नंबर से वॉट्सएप वॉइस मैसेज आया जिसमें पोखरण (जैसलमेर) की एक जमीन के विवाद का हवाला देते हुए जान से मारने की धमकी थी। मनीष लोढ़ा की रिपोर्ट पर सदर बाजार थाने में मामला दर्ज हुआ। थानाधिकारी मानकराम बिश्नोई के निर्देशन में हुई प्रारंभिक जांच में सामने आया था कि जमीन विवाद जैसलमेर के पोखरण से जुड़ा है जो कोर्ट में विचाराधीन है, उसी रंजिश में धमकी दी गई।
Source link

