Wednesday, October 7, 2026
Homeफूडवाह पांडेय जी! ट्रंप-ओबामा भी इस 83 साल पुरानी दुकान से खा...

वाह पांडेय जी! ट्रंप-ओबामा भी इस 83 साल पुरानी दुकान से खा चुके हैं पान


दिल्ली: वैसे तो देश की राजधानी दिल्ली में पान खाने वालों की कमी नहीं है और न ही यहां पान की दुकानों की, लेकिन कुछ दुकानें सिर्फ अपने पान के स्वाद के लिए नहीं, बल्कि अपनी कहानी और सालों पुरानी पहचान के लिए जानी जाती हैं. ऐसी ही एक दुकान दिल्ली के नार्थ एवेन्यू पार्लियामेंट हाउस में पांडेय पान नाम से है, जो साल 1943 से लोगों को पान खिला रही है. करीब 83 साल पुरानी यह दुकान आज तीसरी पीढ़ी संभाल रही है. यहां आने वाले लोगों में आम ग्राहक से लेकर कई बड़े नाम भी शामिल रहे हैं.

आज तीसरी पीढ़ी संभाल रही है दुकान

पांडेय पान की शुरुआत 1943 में हुई थी. इस दुकान के संचालक देवी प्रसाद पांडे बताते हैं कि शुरुआत से ही कोशिश रही कि पान का स्वाद बाकी दुकानों से अलग हो. इसके लिए पान में इस्तेमाल होने वाली कई चीजों को लेकर खुद प्रयोग और तैयारी की गई. आज भी दुकान की पहचान इसी खास स्वाद से जुड़ी हुई है. दुकान की तीसरी पीढ़ी अब इस काम को आगे बढ़ा रही है. इस दुकान के संचालक के मुताबिक, इन 83 सालों में पान खाने का तरीका भी काफी बदला है. खासकर नई पीढ़ी में तंबाकू और सिगरेट से दूरी बढ़ी है. यही वजह है कि दुकान पर मीठे और सादे पान की मांग ज्यादा देखने को मिलती है.

यहां मिलते हैं 150 तरह के पान

पांडेय पान की सबसे खास बात यहां मिलने वाली पान की अलग-अलग किस्में हैं. दुकान पर करीब 150 तरह के मीठे और सादे पान मिलते हैं. यहां की सबसे खास बात यह है कि पान में कृत्रिम रंग, खुशबू या स्वाद डालने के बजाय प्राकृतिक चीजों का इस्तेमाल करने पर जोर दिया जाता है. गुलकंद के लिए गुलाब की पंखुड़ियों और चीनी का इस्तेमाल किया जाता है. आम वाला पान हो तो उसमें आम का टुकड़ा, ब्लूबेरी वाला पान हो तो असली ब्लूबेरी और बादाम वाला पान हो तो उसमें बादाम का इस्तेमाल किया जाता है. यानी पान को सिर्फ स्वाद देने के लिए नाम नहीं रखा गया, बल्कि उसमें उसी चीज का इस्तेमाल करने की कोशिश की जाती है.

माधुरी पान क्यों है इतना खास

दुकान के सबसे चर्चित पानों में एक नाम माधुरी पान का है. इसके पीछे भी एक दिलचस्प कहानी है. दुकान के संचालक के मुताबिक, हुसैन साहब अभिनेत्री माधुरी के लिए यहां से पान ले जाया करते थे. उन्हें यह पान काफी पसंद था. इसके बाद उनके कहने पर दुकान ने माधुरी के नाम से पान शुरू किया. दुकान पर कई दूसरे मशहूर नामों के साथ तस्वीरें और पहचान जुड़ी हुई हैं, लेकिन माधुरी पान के नाम के साथ कोई अलग तस्वीर या स्टिकर नहीं लगाया गया. उसका नाम सीधे मेन्यू में रखा गया है. दुकान के मुताबिक, माधुरी पान यहां के सबसे ज्यादा पसंद किए जाने वाले पानों में शामिल है.

ट्रंप और ओबामा के लिए भी बना है यहां का पान

पांडेय पान की चर्चा सिर्फ दिल्ली तक सीमित नहीं रही है. दुकान के संचालक बताते हैं कि कई बड़े नेता, अभिनेता और क्रिकेटर यहां का पान खा चुके हैं. इनमें डोनाल्ड ट्रंप और बराक ओबामा जैसे नाम भी शामिल हैं.डोनाल्ड ट्रंप के लिए खास तौर पर वॉफल पान तैयार किया गया था. दुकान के मुताबिक, यह बेहद नरम पान होता है और इसमें विदेशी पत्तों के साथ अलग तरह की सामग्री का इस्तेमाल किया जाता है. वहीं, राष्ट्रपति भवन में आयोजित रात्रिभोज के लिए भी यहां से पान भेजे जाने की बात दुकान संचालक बताते हैं.

बराक ओबामा के लिए 15 पान किए गए थे पैक

इस दुकान से जुड़ी एक और खास याद बराक ओबामा से जुड़ी है. देवी प्रसाद पांडे बताते हैं कि जब बराक ओबामा राष्ट्रपति भवन आए थे, तब उनके लिए पान तैयार करके भेजे गए थे. उनकी पत्नी ने भी पान के कई पैकेट साथ ले जाए थे. बताया जाता है कि उन्हें यहां का पान इतना पसंद आया कि उन्होंने इसे पहले कभी खाए पान से अलग बताया.

तीन साल के बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक खा सकते हैं पान

पांडेय पान की खासियत यह भी बताई जाती है कि यहां तंबाकू वाला पान नहीं मिलता. दुकान संचालक का कहना है कि वह चाहते हैं कि नई पीढ़ी तंबाकू के बजाय मीठे पान की तरफ आए. इसी वजह से दुकान पर अलग-अलग उम्र के लोगों के लिए मीठे और प्राकृतिक चीजों से तैयार पान उपलब्ध हैं. यहां के पान में इस्तेमाल होने वाला पानी भी दुकान की खास पहचान का हिस्सा बताया जाता है. संचालक के मुताबिक, इसे पीने से मुंह लाल नहीं होता. इसके अलावा ठंडे पान की भी कई किस्में हैं, जिनमें पुदीना, अदरक, इलायची और लौंग जैसी चीजों का इस्तेमाल किया जाता है.

बनारस से आते हैं पान के पत्ते

दुकान में इस्तेमाल होने वाले पान के पत्ते बनारस से मंगाए जाते हैं. दुकान संचालक बताते हैं कि जरूरत के हिसाब से वहां के विक्रेताओं को पत्तों का ऑर्डर दिया जाता है और फिर उन्हें दिल्ली पहुंचाया जाता है.दुकान पर काम करने वाले पांडे जी के साथ पिछले करीब आठ साल से जुड़े कर्मचारी सौरभ पाठक बताते हैं कि यहां इस्तेमाल होने वाला एक खास पत्ता जगन्नाथी कहलाता है. इसे बहुत अच्छी गुणवत्ता का पत्ता माना जाता है. उनके मुताबिक, यह पत्ता मुंह में रखने पर जल्दी घुल जाता है और इसे अलग से थूकने की जरूरत भी नहीं पड़ती.

15 रुपये से शुरू, 100 रुपये तक जाता है पान

अगर आप सोच रहे हैं कि इतनी पुरानी और खास दुकान का पान बहुत महंगा होगा, तो ऐसा नहीं है. यहां पान की कीमत करीब 15 रुपये से शुरू होती है और सबसे महंगा पान 100 रुपये तक का है. यानी अलग-अलग बजट और पसंद के हिसाब से ग्राहक यहां पान चुन सकते हैं. दुकान पर सबसे ज्यादा पसंद किए जाने वाले पानों में माधुरी पान, बटरस्कॉच स्वीट कॉर्न और फोर्थ इडियट स्वीट कॉर्न शामिल हैं. फोर्थ इडियट पान का नाम फिल्म थ्री इडियट्स से जुड़ी एक मजेदार कहानी के कारण रखा गया. दुकान संचालक के मुताबिक, उन्होंने प्राकृतिक बेरीज के स्वाद को पहचानने की चुनौती दी थी और जब स्वाद पहचानना मुश्किल हुआ तो इसी मजेदार नाम से पान को पहचान मिल गई.

दिल्ली में हैं चार दुकानें

आज पांडेय पान की दिल्ली में चार दुकानें हैं. इनमें मिंटो ब्रिज लाइन स्थित एनडीएमसी मार्केट, भापा रेस्टोरेंट के पास वाली दुकान, एम ब्लॉक और जी ब्लॉक की दुकान शामिल हैं. इतने सालों बाद भी दुकान का सबसे बड़ा दावा यही है कि पान का स्वाद और उसमें इस्तेमाल होने वाली चीजों की गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाता है.



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments