उन्नाव के पुरवा ब्लॉक स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय गढ़ा कोला के सहायक शिक्षक विवेक पटेल की समाजवादी पार्टी के एक कार्यक्रम में मौजूदगी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गई हैं। इसके बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया है। एक स्थानीय निवासी ने बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) से शिकायत कर शिक्षक के खिलाफ जांच और कार्रवाई की मांग की है। इछौली निवासी अनूप सिंह ने बीएसए को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि शिक्षक विवेक पटेल बच्चों की पढ़ाई के प्रति गंभीर नहीं रहते और समाजवादी पार्टी के कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से शामिल होते हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार, हाल ही में एक कार्यक्रम में विवेक पटेल मंच संचालन करते दिखे थे। इस कार्यक्रम में पूर्व सांसद अनू टंडन और भगवंतनगर विधानसभा से सपा के पूर्व प्रत्याशी अंकित परिहार भी मौजूद थे। यह वीडियो तीन दिन पुराना बताया जा रहा है, लेकिन तस्वीरें बुधवार को वायरल हुईं, जिससे शिक्षा विभाग में चर्चा तेज हो गई है। शिकायत में यह भी बताया गया है कि शिक्षक विवेक पटेल की पत्नी लक्ष्मी पटेल बीघापुर प्रथम क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य हैं और समाजवादी पार्टी की सेक्टर प्रभारी भी हैं। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि शिक्षक की राजनीतिक गतिविधियां उनके शैक्षणिक दायित्वों को प्रभावित कर रही हैं। उन्होंने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। इन आरोपों पर सफाई देते हुए शिक्षक विवेक पटेल ने कहा कि उन्होंने सेवा नियमों का कोई उल्लंघन नहीं किया है। उन्होंने बताया कि वह संबंधित कार्यक्रम में विद्यालय समय के बाद पहुंचे थे। उनका कहना था कि जिस स्थान पर कार्यक्रम आयोजित हुआ था, वहां उनकी माताजी का समाधि स्थल भी है और वह निजी समय में वहां गए थे। इस संबंध में बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) शैलेंद्र पांडे ने दूरभाष पर बताया कि मामला अभी उनके संज्ञान में औपचारिक रूप से नहीं आया है। हालांकि, उन्होंने कहा कि यदि शिकायत प्राप्त हुई है, तो उसकी जांच कराई जाएगी और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। उसी के आधार पर विभागीय नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
सपा के कार्यक्रम में शिक्षक की मौजूदगी का विरोध: उन्नाव में मंच से संचालन किया, बीएसए से शिकायत, जांच के निर्देश – Unnao News
RELATED ARTICLES

