सहरसा के वार्ड नंबर 39 में बारिश के मौसम में जलजमाव ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। स्थिति इतनी खराब है कि लोगों को अपने खर्च से बांस का चचरी पुल बनाना पड़ा है। गांधी पथ मंदिर के पास का रास्ता गंदे पानी से भर गया है।
.
उत्तर की ओर जाने वाली सड़क पर भी गहरा जलजमाव है। स्थानीय लोगों ने 15 हजार रुपए जुटाकर 50 बांस खरीदे और 6 मजदूरों की मदद से एक अस्थायी पुल बनवाया है। इसी पुल से लोग अपने घरों तक पहुंच पा रहे हैं।
स्थानीय निवासी मनोज रजक ने बताया कि यह समस्या हर बरसात में आती है। चारों तरफ बदबूदार पानी भरा है, जिससे संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। सड़क टूट चुकी है और राहगीर अक्सर गिरकर चोटिल हो जाते हैं।
जलजमाव से लोग परेशान।
डंपिंग जोन होने के कारण परेशानी
मोहल्ले के बुजुर्ग गुरुदेव प्रसाद ने बताया कि नगर निगम इस समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं निकाल रहा है। बदबू और गंदगी से रहना मुश्किल हो गया है। वार्ड 39 के पार्षद प्रतिनिधि विजय दास ने माना कि डंपिंग जोन होने के कारण यहां जल निकासी की गंभीर समस्या है।
उन्होंने जलजमाव से राहत के लिए निकासी की व्यवस्था करने का आश्वासन दिया है।स्थानीय निवासियों का कहना है कि अगर नगर निगम समय पर नाले और सड़क की मरम्मत करवाता तो उन्हें खुद पुल नहीं बनाना पड़ता। निगम की लापरवाही से नाराज लोगों ने आंदोलन की चेतावनी दी है।

