सहरसा सदर थाना क्षेत्र में गुरुवार को शादी के नाम पर ठगी का एक अनोखा मामला सामने आया है। उत्तर प्रदेश के कानपुर से आए एक परिवार को शादी का झांसा देकर एक युवक ने 50 हजार रुपए ठग लिए और सहरसा जंक्शन पर छोड़कर फरार हो गया। इस घटना ने पुलिस और आम लोगों क
.
पीड़ित परिवार कानपुर के कल्याणपुर गांव का निवासी है। परिवार के सदस्य शोभित कश्यप (22) ने पुलिस को बताया कि उनके पड़ोस में रहने वाले मो. जाकिर हुसैन नामक युवक ने खुद दावा किया कि उसकी ससुराल सहरसा में है और वहां एक संपन्न परिवार की लड़की से शोभित की शादी कराई जा सकती है।
गुरुवार सुबह करीब साढ़े दस बजे सहरसा जंक्शन पहुंचे
सोभित के छोटे भाई राजकुमार के अनुसार, जाकिर ने शादी से पहले लड़की की तस्वीर भी दिखाई और सभी इंतजाम करने का भरोसा दिलाया। इसके बाद कानपुर से सहरसा चलने से पहले उसने परिवार से 50 हजार रुपए ले लिए। तय योजना के तहत, परिवार के पांच सदस्य वैशाली एक्सप्रेस से गुरुवार सुबह करीब साढ़े दस बजे सहरसा जंक्शन पहुंचे। जंहा मो जाकिर हुसैन भी उनके साथ ही था।
परिवार के सदस्यों ने काफी देर तक उसकी तलाश की
स्टेशन पर उतरने के कुछ ही देर बाद जाकिर अचानक गायब हो गया। परिवार के सदस्यों ने काफी देर तक उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। जब उसके मोबाइल नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो फोन स्विच ऑफ मिला। खुद को ठगा महसूस कर पीड़ित परिवार दोपहर बाद सहरसा सदर थाना पहुंचा।
परिवार को कानपुर के स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी
पुलिस अधिकारियों ने मामले को सुनकर हैरानी जताई। उन्होंने पीड़ित परिवार को बताया कि यह ठगी की घटना कानपुर से संबंधित है, क्योंकि रुपये वहीं लिए गए थे और योजना भी वहीं बनी थी। इसलिए, सहरसा सदर थाना क्षेत्र में यह मामला दर्ज नहीं किया जा सकता। थानाध्यक्ष सुबोध कुमार ने परिवार को कानपुर के स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी है। फिलहाल, पीड़ित परिवार न्याय की उम्मीद में गुरुवार को दोपहर 3 बजे कानपुर लौट गया है।

