विशाल मौर्य | उन्नावकुछ ही क्षण पहले
- कॉपी लिंक
उन्नाव के बेसिक शिक्षा विभाग में एक बार फिर गौरव का क्षण आया है। जिले की महिला प्रधानाध्यापक सेविना दीक्षित को राज्य अध्यापक पुरस्कार 2024 के लिए चयनित किया गया है। उन्होंने अपने नवाचार, कड़ी मेहनत और उत्कृष्ट शैक्षिक कार्यों से यह उपलब्धि हासिल की है।
यह पुरस्कार सेविना दीक्षित के व्यक्तिगत संघर्ष और लगन का परिणाम है। साथ ही यह उपलब्धि जिले के सभी शिक्षकों और छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है। उनके इस प्रयास से जिले का नाम शिक्षा के क्षेत्र में एक बार फिर रोशन हुआ है।
सेविना दीक्षित वर्तमान में प्राथमिक विद्यालय बांगरमऊ में प्रधानाध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नवाचार, प्रयोगों और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए की गई उनकी मेहनत ने उन्हें यह मुकाम दिलाया है। राज्य स्तर पर आयोजित प्रस्तुतिकरण और साक्षात्कार में उन्होंने अपने कामों का ऐसा प्रभावशाली प्रदर्शन किया कि राज्य स्तरीय टीम ने उनके नाम को राज्य अध्यापक पुरस्कार 2024 के लिए चयनित कर लिया। यह सम्मान उन्हें 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर लखनऊ में राज्यपाल या मुख्यमंत्री के हाथों प्राप्त होगा।

जिले से चार शिक्षकों ने किया था आवेदन राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए इस साल जिले से कुल चार शिक्षक-शिक्षिकाओं ने आवेदन किया था। इनमें से तीन नाम प्राथमिक विद्यालय बांगरमऊ की प्रधानाध्यापक सेविना दीक्षित, उच्च प्राथमिक विद्यालय अजैयाखेड़ा नवाबगंज के सहायक अध्यापक भरत चित्रांशी और उच्च प्राथमिक विद्यालय नेवलगंज हसनगंज की सहायक अध्यापक प्रीति भारती को राज्य स्तर पर प्रस्तुतिकरण और साक्षात्कार के लिए भेजा गया।
इन तीनों शिक्षकों ने शिक्षा के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में भी उल्लेखनीय योगदान दिया। लेकिन जब राज्य स्तरीय टीम के सामने प्रस्तुतिकरण और साक्षात्कार हुआ तो सेविना दीक्षित ने अपने कार्यों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करते हुए साक्षात्कार में पूछे गए सवालों का सटीक और आत्मविश्वास से भरा उत्तर दिया। परिणामस्वरूप उनका नाम राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए चयनित हो गया।

सेविना के कार्यों ने बनाया उन्हें खास सेविना दीक्षित ने शिक्षा के क्षेत्र में कई नवाचार किए हैं। उनके प्रयासों ने विद्यालय के साथ-साथ विद्यार्थियों को भी नई दिशा प्रदान की। उनकी प्रमुख उपलब्धियां इस प्रकार हैं ● उन्हें दो बार टीचर इनोवेटर, एक बार टीचर चेंज मेकर और एक बार लीड टीचर चेंज मेकर प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। ● बालिका शिक्षा और सुरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने पर उन्हें जिलाधिकारी उन्नाव से सम्मान प्राप्त हुआ। ● मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत वर्ष 2021 में उन्हें जिला प्रोबेशन अधिकारी और खंड विकास अधिकारी से प्रशस्ति पत्र मिला। ● 5 सितंबर 2021 को उन्हें डीएम द्वारा शिक्षक सम्मान प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। ● 15 नवंबर 2021 को बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) द्वारा उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र मिला। ● आज़ादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम के दौरान उन्हें बीएसए द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। ● वर्ष 2023 में राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए जिला स्तर पर प्रथम वरीयता में उनका चयन किया गया था। ● बच्चों के अधिकार और कर्तव्यों पर उनके लेख विभिन्न दैनिक अखबारों में प्रकाशित हुए। उन्होंने विद्यांजलि पोर्टल के माध्यम से स्वयंसेवकों की मदद से विद्यालय और छात्रों के लिए उपयोगी सामग्री प्राप्त की।

राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय उपलब्धियां सेविना दीक्षित ने केवल जिले में ही नहीं बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उन्हें एससीईआरटी, यूनिवर्सिटी ऑफ रोहिम्प्टन और स्टिर एजुकेशन द्वारा तीन प्रतिष्ठित अवॉर्ड मिले हैं –
1. टीचर इनोवेटर अवार्ड 2. टीचर चेंज मेकर अवार्ड 3. लीड टीचर चेंज मेकर अवार्ड ये उपलब्धियां उनकी शिक्षण पद्धति में निरंतर नवाचार और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए किए गए प्रयासों का प्रमाण हैं
जिले में अब तक मिले राज्य अध्यापक पुरस्कार उन्नाव जिले से पूर्व में भी कई शिक्षिकाएं यह गौरव प्राप्त कर चुकी हैं। डॉ. रचना सिंह – 2018 रश्मि तिवारी – 2019 सविता सैनी – 2021 प्रज्ञा त्रिवेदी – 2022 और अब सेविना दीक्षित – 2024 इस सूची में सेविना का नाम जुड़ने से न केवल जिले की शैक्षिक उपलब्धियों की श्रृंखला और मजबूत हुई है, बल्कि आने वाली पीढ़ी के शिक्षकों को भी प्रेरणा मिली है।

सेविना की सोच और प्रेरणा- सेविना दीक्षित हमेशा से मानती रही हैं कि शिक्षक केवल पढ़ाने तक सीमित नहीं होता, बल्कि वह समाज को सही दिशा देने वाला पथप्रदर्शक होता है। उन्होंने बालिका शिक्षा और सुरक्षा पर विशेष ध्यान देते हुए बच्चों को शिक्षा के साथ आत्मनिर्भर बनाने पर काम किया। उनका मानना है कि यदि बच्चियों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी, तो समाज और राष्ट्र का भविष्य उज्ज्वल होगा। उन्होंने अपने विद्यालय में इनोवेटिव टीचिंग मेथड्स लागू किए, जिससे बच्चों को पढ़ाई में रुचि आने लगी। बच्चों को रचनात्मक गतिविधियों और खेल-खेल में पढ़ाने की उनकी शैली ने उन्हें अन्य शिक्षकों से अलग बना दिया।
बीएसए ने दी बधाई सेविना दीक्षित के चयन पर पूरे जिले के बेसिक शिक्षा विभाग में खुशी की लहर दौड़ गई है। बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) संगीता सिंह ने कहा “पूरे बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से सेविना दीक्षित को राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए चयनित होने पर ढेरों बधाई और शुभकामनाएं। उन्होंने अपने परिश्रम और नवाचार से जिले का नाम पूरे राज्य में रोशन किया है। जिले के अन्य शिक्षकों को भी उनके कार्यों से प्रेरणा लेनी चाहिए ताकि वे भी विभाग और जिले का नाम गौरवान्वित कर सकें।

जिले के लिए गर्व का क्षण सेविना दीक्षित का यह चयन न केवल उनके लिए बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व का क्षण है। शिक्षक दिवस पर उन्हें राज्यपाल या मुख्यमंत्री के हाथों सम्मानित किया जाना जनपद के लिए ऐतिहासिक पल होगा। सेविना की यह उपलब्धि साबित करती है कि यदि शिक्षक दृढ़ संकल्प और समर्पण के साथ कार्य करे तो वह किसी भी स्तर पर सम्मान और पहचान प्राप्त कर सकता है। उनका यह सफर जिले के हजारों शिक्षकों और छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा। सेविना ने साबित किया है कि समर्पित और नवाचारी प्रयासों से शिक्षा की गुणवत्ता को नई ऊंचाई दी जा सकती है।

