Thursday, November 19, 2026
Homeराज्यमध्यप्रदेशहथकड़ी समेत भागा बदमाश एक महीने बाद भी नहीं पकड़ाया: 10...

हथकड़ी समेत भागा बदमाश एक महीने बाद भी नहीं पकड़ाया: 10 से ज्यादा शहरों में दबिश, ग्वालियर के लोटस विला में सोते रह गए थे तीन आरक्षक – Gwalior News


पुलिस को चकमा देकर फ्लैट से नीचे आया बदमाश भागने से पहले लोटस विला के गेट पर खड़ा हुआ।

ग्वालियर के सिटी सेंटर स्थित लोटस विला से हथकड़ी समेत फरार हुआ उत्तराखंड का बदमाश सन्नी पाल एक महीने बाद भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। 17 अक्टूबर को छतरपुर पुलिस के तीन आरक्षक उसे इलाज के लिए ग्वालियर लेकर आए थे।

.

रात में उसे एक फ्लैट में हथकड़ी लगाकर सुलाया गया, लेकिन जवानों की लापरवाही का फायदा उठाकर वह सुबह फरार हो गया। घटना के बाद से ग्वालियर क्राइम ब्रांच और छतरपुर पुलिस उसकी तलाश में जुटी हैं।

ग्वालियर, छतरपुर, हरिद्वार और देहरादून समेत 10 से ज्यादा शहरों में उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा चुकी है, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिला है। फरार होते समय का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था।

इलाज के लिए लाए, फ्लैट में सोते रह गए जवान

चोरी के आरोप में पकड़े गए उत्तराखंड निवासी सन्नी पाल के हाथ में चोट लगने पर छतरपुर पुलिस के तीन आरक्षक विजय यादव, शुभम शर्मा और संदीप उसे इलाज के लिए ग्वालियर लेकर आए थे। तड़के करीब 4 बजे वे उसे ट्रॉमा सेंटर ले गए, लेकिन वहां डॉक्टर उपलब्ध नहीं होने के कारण सुबह आने के लिए कहा गया।

इसके बाद तीनों आरक्षक बंदी को लेकर विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र स्थित लोटस विला पहुंचे। यहां आरक्षक शुभम शर्मा के भाई गौरव शर्मा का फ्लैट है। जवानों ने सन्नी को हथकड़ी लगाई और खुद सो गए। सुबह करीब 7 बजे जब उनकी नींद खुली तो सन्नी हथकड़ी समेत गायब था। जवानों ने अपने स्तर पर उसकी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद विश्वविद्यालय थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई।

भागने से पहले होटल में पुलिस वालों के साथ खाना खाते हुए आरोपी।

होटल में खाना खाते दिखा था फरार बंदी

फरार होने के बाद पुलिस को इलाके का एक सीसीटीवी फुटेज मिला था। इसमें सन्नी एक होटल में खाना खाते हुए दिखाई दिया था। इसके बाद पुलिस ने ग्वालियर रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और आसपास के जिलों के रेलवे स्टेशनों के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरे खंगाले। उत्तराखंड में उसके रिश्तेदारों और परिचितों से भी पूछताछ की गई, लेकिन कोई ठोस जानकारी नहीं मिली।

10 से ज्यादा शहरों में तलाश, ठिकानों पर दबिश

सन्नी पाल की तलाश में ग्वालियर क्राइम ब्रांच और छतरपुर पुलिस की टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं। ग्वालियर, छतरपुर, हरिद्वार और देहरादून सहित 10 से ज्यादा शहरों में उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। पुलिस को आशंका है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए वह अपने परिचितों और पुराने ठिकानों पर नहीं पहुंच रहा है। एक महीने की तलाश के बाद भी पुलिस को उसकी लोकेशन का पता नहीं चल पाया है।

पुलिस का कहना : तकनीकी साक्ष्यों से तलाश जारी

विश्वविद्यालय थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार का कहना है कि छतरपुर पुलिस को चकमा देकर फरार हुए बंदी की तलाश के लिए पुलिस की दो विशेष टीमें लगातार काम कर रही हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। आरोपी अभी हाथ नहीं आया है, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसकी तलाश जारी है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

ये खबर भी पढ़िए…

ग्वालियर में हथकड़ी समेत फरार हुआ चोरी का आरोपी

ग्वालियर में ‘लोटस विला’ के एक फ्लैट से उत्तराखंड का एक आरोपी छतरपुर पुलिस को चकमा देकर हथकड़ी सहित फरार हो गया। घटना शनिवार सुबह 8 से 8:30 बजे के बीच की है। फरार होने से पहले वह परिसर में टहलता और गेट पर तैनात दो गार्ड से बातचीत करता नजर आया। पढ़ें पूरी खबर…



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments