हरदा के शासकीय महाविद्यालय में शुक्रवार को राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें स्वास्थ्य और आयुष विभाग के विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को विभिन्न विषयों पर महत्वपूर्ण जानकारी दी।
.
कार्यशाला के पहले सत्र में प्राचार्य डॉ. संगीता बिले ने वर्तमान खानपान और अनियमित दिनचर्या से होने वाली शारीरिक व मानसिक समस्याओं से बचने के उपाय बताए।
फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. पूजा मुकाती ने व्यायाम के माध्यम से शारीरिक समस्याओं, खेल के दौरान होने वाली चोटों और दर्द को ठीक करने की जानकारी दी।
आयुष मेडिकल ऑफिसर डॉ. मंजू वर्मा ने एनीमिया से बचाव और हीमोग्लोबिन का स्तर बनाए रखने के बारे में बताया। उमंग परामर्शदाता पारुल काशिव ने संतुलित आहार और पोषण के महत्व पर प्रकाश डाला, जिसमें शरीर के वृद्धि, विकास और स्वस्थ रहने के लिए पोषण की अनिवार्यता समझाई गई।
नशे से दूर रहने की सलाह दी जिला तंबाकू नियंत्रण अधिकारी डॉ. पीयूष दोगने ने नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया। उन्होंने सक्रिय और निष्क्रिय धूम्रपान (एक्टिव व पैसिव स्मोकिंग) के बारे में बताते हुए कहा कि धूम्रपान करने वाले न केवल अपना नुकसान करते हैं, बल्कि अपने आसपास के लोगों को भी निष्क्रिय धूम्रपान से बीमार करते हैं।
मनकक्ष के अंकित सिंह ने तनाव प्रबंधन और मनकक्ष द्वारा प्रदान की जाने वाली सेवाओं की जानकारी दी। आयुष विभाग के डॉ. अदनान खान ने बताया कि विभाग आयुर्वेद, योग, यूनानी, सिद्ध और होम्योपैथी पद्धतियों से उपचार प्रदान करता है।
डॉ. खान ने योग के महत्व पर जोर दिया, वहीं योग प्रशिक्षक लक्ष्मी नारायण विश्वकर्मा ने योग प्राणायाम को सूर्योदय से पहले करने का तरीका और इसके लाभ बताए।
इस अवसर पर रासेयो कार्यक्रम अधिकारी आशा गायकवाड़, राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के जिला समन्वयक आशीष साकल्ले, डॉ. परिधि सिंह और मनीषा चौहान सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।



