Last Updated:
DDA Flat Sale : दिल्ली विकास प्राधिकरण ने चालू वित्तवर्ष की पहली तिमाही में करीब 1300 फ्लैट की बिक्री की है. इस दौरान डीडीए को 1,020 करोड़ रुपये का राजस्व भी जुटाया है. सबसे खास बात ये है कि डीडीए के ज्यादातर फ्लैट नरेला इलाके में बने हैं, जहां मेट्रो की अच्छी कनेक्टिविटी है.
डीडीए के फ्लैट की डिमांड हर साल तेजी से बढ़ रही है.
नई दिल्ली. दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने राजधानी में सस्ते फ्लैट बेचने का मौका क्या दिया, लोग खरीदने के लिए टूट पड़े. डीडीए ने महज 3 महीने के भीतर ही दिल्ली में करीब 1300 मकान बेच डाले और 1,020 करोड़ रुपये की कमाई भी हुई है. राजधानी दिल्ली में नरेला अब सबसे हब बनकर उभरा है. इस इलाके में डीडीए ने अपना सबसे बड़ा प्रोजेक्ट शुरू किया था और चालू वित्तवर्ष की पहली तिमाही में बंपर बिक्री कर डाली.
डीडीए की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने वित् वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में आवासीय फ्लैटों की बिक्री में बड़ी सफलता हासिल की है. DDA ने इस दौरान 1,284 फ्लैट बेचकर ₹1,020 करोड़ का राजस्व कमाया है, जो पिछले वित्तवर्ष की समान अवधि के ₹462 करोड़ की तुलना में करीब 120% अधिक है. दिल्ली में अब नरेला सबसे बड़ा हाउसिंग हब बनकर उभरा है. कुल 1,284 में से 1,153 फ्लैट (करीब 90%) अकेले नरेला में बिके हैं.
नरेला क्यों है सबका पसंदीदा
DDA के अनुसार, UER-II और रिठाला-नरेला-कुंडली मेट्रो कॉरिडोर जैसी परियोजनाओं से नरेला की कनेक्टिविटी बेहतर होने के कारण लोगों का रुझान बढ़ा है. यही वजह रही कि इस इलाके में डीडीए सबसे ज्यादा फ्लैट बना रहा है. खरीदारों ने भी बेहतर कनेक्टिवटी को देखते हुए इस इलाके में निवेश करना और अपना आशियाना बनाना पसंद किया है.
किस कैटेगरी के हैं ज्यादा फ्लैट
- डीडीए के प्रोजेक्ट में EWS (आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग) के 336 फ्लैट बने हैं.
- LIG (लो इनकम ग्रुप) के भी 322 फ्लैट बनाए गए हैं.
- MIG (मिडिल इनकम ग्रुप) में डीडीए ने सबसे ज्यादा 435 फ्लैट (सबसे अधिक बिक्री) बेचे हैं.
- HIG (हाई इनकम ग्रुप) में भी डीडीए ने बीते तीन महीने में ही 191 फ्लैट बेच दिए हैं.
अब भी है खरीदने का मौका
डीडीए ने बताया कि नरेला में EWS फ्लैट लगभग पूरी तरह बिक गए, जिससे किफायती आवास की मजबूत मांग सामने आई. इन सभी फलैट को DDA की कर्मयोगी आवास योजना, नागरिक आवास योजना और टावरिंग हाइट्स, ईस्ट दिल्ली हब (कड़कड़डूमा) के तहत बनाया और बेचा है. हालांकि, DDA ने इन हाउसिंग योजनाओं की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 तक बढ़ा दी है. इसका मतलब है कि अब भी इसमें निवेश का मौका है.
पिछले साल बेचे थे रिकॉर्ड फ्लैट
डीडीए ने अपनी सभी आवास योजनाओं को पहले आओ, पहले पाओ (FCFS) आधार पर बेचा है. इसकी पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन है और खरीदार घर बैठे आवेदन कर सकते हैं. सभी फ्लैट फ्रीहोल्ड और रेडी-टू-मूव हैं. इसके अलावा खरीदारों के लिए सैंपल फ्लैट देखने की भी सुविधा उपलब्ध है. DDA ने बताया कि वित्तवर्ष 2025-26 में रिकॉर्ड 11,764 फ्लैटों की बिक्री हुई थी, जिनमें 90% से अधिक किफायती आवास श्रेणी के थे.
DDA का कहना है कि डिजिटल प्रक्रिया, आसान होम लोन विकल्प, हेल्पडेस्क, व्हाट्सएप चैटबॉट और पारदर्शी व्यवस्था के कारण लोगों का भरोसा बढ़ा है.
About the Author

आज तक से टीवी पत्रकारिता शुरू करने वाली प्रियंका कांडपाल को अब तक तकरीबन 11 साल का अनुभव है. तकरीबन चार साल आज तक में रिपोर्टिंग के साथ एंकरिंग भी कर चुकी हैं. उसके बाद इंडिया टीवी में पांच साल तक काम किया. 201…और पढ़ें

