दानिश,हापुड़।3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
हापुड़। स्टांप एवं रजिस्ट्री विभाग की सभी ऑनलाइन सेवाएं 8 से 11 नवंबर तक बंद रहेंगी। विभाग का सर्वर अपग्रेड होने के कारण यह निर्णय लिया गया है। इस अवधि में ऑनलाइन लेखपत्र (बैनामा) पंजीकरण समेत अन्य सभी रजिस्ट्रेशन संबंधी कार्य अस्थायी रूप से रोक दिए गए हैं। महानिरीक्षक निबंधन नेहा शर्मा ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, इन चार दिनों के दौरान विभाग का पोर्टल एनआईसी के मेघराज क्लाउड सर्वर से हटाकर नेशनल गवर्नमेंट क्लाउड पर स्थानांतरित किया जाएगा। इस सर्वर अपग्रेड के कारण सभी उप निबंधक कार्यालयों में बैनामा पंजीकरण का कार्य पूरी तरह ठप रहेगा।
4 दिन में डेढ़ करोड़ का होगा नुकसान
अनुमान है कि चार दिनों तक चलने वाली इस प्रक्रिया से विभाग को लगभग डेढ़ करोड़ रुपए के राजस्व का नुकसान हो सकता है। एआईजी स्टांप सुनील कुमार ने बताया कि सर्वर अपग्रेड का यह कार्य आवश्यक तकनीकी सुधार और डेटा सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए किया जा रहा है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इन चारों दिनों में अधिकारी और कर्मचारी कार्यालय में उपस्थित रहेंगे और सर्वर टेस्टिंग तथा अन्य तकनीकी कार्यों में सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि अपग्रेड प्रक्रिया पूरी होने के बाद ऑनलाइन सेवाओं की गति और स्थिरता में सुधार होगा। इससे आम नागरिकों को बैनामा और अन्य पंजीकरण कार्यों में बेहतर सुविधा मिल सकेगी। हालांकि, वर्तमान में पंजीकरण कार्य रुकने से लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ेगा।

