18 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
देश में मानसून की एंट्री का आज पाचवां दिन है। 13 राज्यों में मानसून की बारिश जारी है। केरल के सभी जिलों में 24 मई से ही मूसलाधार बारिश हो रही है। आंधी-बारिश से 607 घरों को नुकसान पहुंचा है। 27-30 मई तक राज्य में गरज, बिजली के साथ बारिश का अलर्ट है।
जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में मंगलवार को तेज बारिश हुई। कई इलाकों में ओले भी गिरे। ओडिशा में मानसून आज एंट्री कर सकता है। सरकार ने सभी जिलों के प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखा है। पूरे राज्य में भारी बारिश का अलर्ट है।
मध्यप्रदेश के 15 से ज्यादा जिलों में बीते दिन बारिश हुई। आज भी भोपाल, इंदौर-उज्जैन समेत 40 जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश की चेतावनी है। कुछ जिलों में आंधी की रफ्तार 50Km प्रतिघंटा तक रह सकती है।
इधर, बिहार के 12 जिलों में आज बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, राजस्थान के 7 जिलों में हीट वेव का यलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि, 15 जिलों में दोपहर बाद आंधी-बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। मंगलवार को बाड़मेर, जैसलमेर और फलोदी में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा दर्ज हुआ।

देश में इस मानसून सीजन औसत 106% बारिश की संभावना
देश में इस बार मानसून सीजन (जून से सितंबर) में सामान्य से ज्यादा बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने कहा ये 106% रह सकती है। पिछले महीने इसे 105% बताया गया था। वहीं, जून महीने में भी बारिश सामान्य से ज्यादा होगी।
मौसम विभाग (IMD) ने 27 मई को बताया, ‘देश में जून के महीने में सामान्य से ज्यादा बारिश होने की संभावना है, जो 108% हो सकती है। यानी इस दौरान 87 सेमी से ज्यादा बारिश का अनुमान है। इसे लॉन्ग पीरियड एवरेज यानी LPA कहा जाता है।
एमपी, महाराष्ट्र में ज्यादा बारिश, बिहार-झारखंड में कम बारिश होने का अनुमान
- मौसम विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने बताया कि मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, ओडिशा और आस-पास के क्षेत्रों में इस बार सामान्य से ज्यादा बारिश हो सकती है। वहीं, पंजाब, हरियाणा, केरल और तमिलनाडु के कुछ इलाकों में सामान्य से कम बारिश होने का अनुमान है।
- मध्य और दक्षिण भारत में सामान्य से ज्यादा बारिश होने की उम्मीद है। उत्तर-पश्चिम भारत में सामान्य, जबकि पूर्वोत्तर में सामान्य से कम बारिश हो सकती है।
- मानसून के कोर जोन में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, ओडिशा और आसपास के क्षेत्र शामिल हैं। इनमें अधिकांश बारिश साउथ वेस्ट मानसून के दौरान होती है और यह रीजन खेती के लिए मानसूनी बारिश पर बहुत ज्यादा निर्भर करता है। पूरी खबर पढ़ें…

राज्यों से मौसम की तस्वीरें…


राज्यों के मौसम की हाल…
मध्य प्रदेश: भोपाल-इंदौर समेत 40 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, 31 मई तक ऐसा ही मौसम

नौतपा के तीसरे दिन भी मध्यप्रदेश में भीषण गर्मी की बजाय आंधी-बारिश वाला मौसम रहा। भोपाल, उज्जैन, राजगढ़, मंडला, छिंदवाड़ा, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, गुना, देवास समेत 15 से ज्यादा जिलों में बारिश हुई। बुधवार को भी भोपाल, इंदौर-उज्जैन समेत 40 जिलों में तेज आंधी चलने और बारिश होने का अलर्ट है। कुछ जिलों में आंधी की रफ्तार 50Km प्रतिघंटा तक रह सकती है। पूरी खबर पढ़ें…
राजस्थान: 15 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, बाड़मेर में पारा 46°C के पार, तेज गर्मी से 2 दिन बाद मिल सकती है राहत

राजस्थान में आंधी-बारिश का दौर धीमा पड़ने के बाद अब गर्मी तेज हो गई है। मौसम विभाग ने बुधवार को 7 जिलों में तेज गर्मी का यलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि, 15 जिलों में दोपहर बाद आंधी-बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इससे पहले मंगलवार को बाड़मेर, जैसलमेर और फलोदी में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा दर्ज हुआ। इन शहरों में दिन के साथ रात में भी तेज गर्मी रही। पूरी खबर पढ़ें…
बिहार: 12 जिलों में आज बारिश का अलर्ट, 30-40KM प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी हवा; बाकी जिलों में उमस भरी गर्मी से होगी परेशानी

बिहार के 12 जिलों में आज यानी मंगलवार को बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में मेघ गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। पूरी खबर पढ़ें…
हरियाणा: 14 जिलों में आज बारिश, कल से पूरे प्रदेश में बरसेंगे बादल, तापमान में आएगी गिरावट

हरियाणा में लगातार 4 दिनों तक बरसात होगी। जिसके चलते तापमान में भी गिरावट होगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से बुधवार को 14 जिलों और गुरुवार-शुक्रवार को पूरे हरियाणा में बरसात की संभावना है। प्रदेश में पिछले कई दिनों से मौसम परिवर्तनशील चल रहा है। पूरी खबर पढ़ें…

