पटना के राजीव नगर से पकड़ी गई नीतू कुमारी, 40 लाख की धोखाधड़ी का आरोप,धोखाधड़ी मामले में मड़रा पैक्स अध्यक्ष गिरफ्तार
.
नवादा के रोह थाना क्षेत्र की मड़रा पैक्स की अध्यक्ष नीतू कुमारी को नगर थाने की पुलिस ने पटना से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उन्हें पटना के राजीव नगर थाना क्षेत्र के महावीर कॉलोनी स्थित रोड नंबर-5 बी से बुधवार की देर रात हिरासत में लिया।
नीतू कुमारी रोह थाना क्षेत्र के रतोई गांव निवासी राहुल कुमार की पत्नी हैं। उन पर नगर थाने में धोखाधड़ी का एक मामला दर्ज है। इस मामले में नीतू के पति राहुल कुमार मुख्य आरोपित हैं। नवादा के सदर एसडीपीओ-01 हुलाश कुमार ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है।
मामला 16 मई 2022 का है जब नरहट थाना क्षेत्र के बदलपुर गांव की एक महिला ने नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। कांड संख्या-461/22 में वादिनी स्व. बीरेन्द्र कुमार की पत्नी मिन्ता देवी ने आरोप लगाया था कि उनके चचेरे दामाद राहुल कुमार ने उनके बैंक खाते से 40 लाख रुपये की धोखाधड़ी की है।
मिन्ता देवी के अनुसार, यह राशि उन्हें पति की मृत्यु के बाद मृत्यु लाभ के रूप में मिली थी। इस मामले में एसबीआई का एक तत्कालीन एरिया फील्ड मैनेजर जितेन्द्र कुमार भी आरोपित है।
जांच में पता चला है कि धोखाधड़ी की गई राशि का अधिकांश हिस्सा नीतू कुमारी के बैंक खाते में जमा कराया गया था। बाद में नीतू कुमारी ने इस राशि को अपने खाते से निकाल लिया।
एसडीपीओ ने बताया कि छापेमारी के दौरान मुख्य आरोपित राहुल कुमार फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

