Sunday, April 12, 2026
Homeविदेशरूस की तरफ से जंग लड़ रहे भारतीय-छात्र का सरेंडर​​​​​​​: यूक्रेन...

रूस की तरफ से जंग लड़ रहे भारतीय-छात्र का सरेंडर​​​​​​​: यूक्रेन ने वीडियो जारी किया; जेल से बचने के लिए सेना में शामिल हुआ था


कीव3 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

छात्र गुजरात के मोरबी शहर का रहने वाला है। उसे सिर्फ 16 दिन की मिलिट्री ट्रेनिंग दी गई थी।

रूस की तरफ से जंग लड़ रहे 22 साल के एक भारतीय छात्र माजोती साहिल मोहम्मद हुसैन ने यूक्रेन के सामने सरेंडर कर दिया। माजोती गुजरात के मोरबी शहर का रहने वाला है। वो पढ़ाई करने रूस गया था।

कीव इंडिपेन्डेंट के मुताबिक, यूक्रेन की 63वीं मैकेनाइज्ड ब्रिगेड ने मंगलवार को वीडियो जारी कर बताया कि माजोती को ड्रग्स केस में 7 साल जेल हुई थी। जेल से बचने के लिए उसे रूसी सेना में शामिल होने का ऑफर मिला था।

माजोती ने वीडियो में कहा कि वह जेल नहीं जाना चाहता था, इसलिए उसने रूसी सेना का कॉन्ट्रैक्ट साइन कर लिया। उसे सिर्फ 16 दिन की ट्रेनिंग दी गई और 1 अक्टूबर को पहली बार युद्ध में भेजा गया।

तीन दिन बाद अपने कमांडर से झगड़े के बाद उसने यूक्रेनी सेना के सामने सरेंडर कर दिया। छात्र ने बताया- मैंने हथियार डाल दिए और कहा कि मुझे लड़ना नहीं है, मुझे मदद चाहिए। उसने ये सभी बातें रूसी भाषा में कही।

छात्र बोला- रूस वापस नहीं जाना चाहता

माजोती ने कहा कि वह रूस वापस नहीं जाना चाहता। उसने यह भी बताया कि उसे सेना में शामिल होने का पैसा देने का वादा किया गया था, लेकिन उसे कुछ नहीं मिला।

यूक्रेन ने कई विदेशी सैनिकों को रूस के लिए लड़ते पकड़ा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रूस ने भारत जैसे देशों के लोगों को नौकरी या पढ़ाई का लालच देकर सेना में भर्ती किया।

न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, कीव स्थित भारतीय दूतावास मामले की जांच कर रहा है। अभी यूक्रेन की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है।

भारत ने रूस से भारतीयों की भर्ती रोकने की मांग की थी

भारत सरकार ने पिछले महीने रूस से मांग की थी कि वो अपनी सेना में भारतीयों को भर्ती बंद कर दे। साथ ही यह भी कहा था कि पहले से सेना में शामिल हुए भारतीय नागरिकों को भी छोड़ दिया जाए।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने जनता को सलाह दी थी कि वे रूस की सेना में भर्ती होने के किसी भी प्रस्ताव पर ध्यान ना दें क्योंकि इसमें खतरा है।

  • रूसी सेना में शामिल होने वाले प्रस्ताव से दूर रहें: रणधीर जायसवाल ने कहा कि, हम अपने नागरिकों से अनुरोध करते हैं कि वे सतर्क रहें। भारतीय नागरिकों से अपील है कि वे रूसी सेना में शामिल होने के किसी भी प्रस्ताव से दूर रहें।
  • हमने रिपोर्ट देखी है: मीडिया के सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने ने कहा कि हमने हाल ही में रूसी सेना में भारतीय नागरिकों की भर्ती के बारे में रिपोर्ट देखी हैं। सरकार ने पिछले एक साल में कई मौकों पर इस तरह के मामलों से जुड़े खतरों को हाई लाइट किया है।
  • नागरिकों को वापस भेजने की मांग की: उन्होंने आगे कहा- हमने दिल्ली और मॉस्को दोनों जगहों पर रूसी अधिकारियों के सामने भी यह मामला उठाया है। हमने अपील की है कि इस प्रथा को खत्म किया जाए। हमारे नागरिक वापस भेजे जाएं।

विदेश मंत्रालय ने बताया था- यूक्रेन जंग में 12 भारतीयों की मौत

रूस की तरफ से जंग लड़ रहे 12 भारतीयों की यूक्रेन में मौत हो चुकी है। विदेश मंत्रालय ने जनवरी में ये जानकारी दी थी। अब तक 126 भारतीय नागरिकों के रूसी सेना में शामिल होने के मामले सामने आए हैं।

इनमें से 96 लोग भारत लौट आए। रूस में अभी भी 18 भारतीय नागरिक फंसे होने की खबर है, जिनमें से 16 की कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।

———————————————

यह खबर भी पढ़ें…

पुतिन बोले- भारत अमेरिका के आगे नहीं झुकेगा:मैं PM मोदी को जानता हूं, भारतीय लोग अपमान बर्दाश्त नहीं करते

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने तेल खरीद के मुद्दे पर अमेरिकी दबाव की आलोचना की और कहा कि भारत झुकने वाला नहीं है। उन्होंने सोची शहर में गुरुवार को आयोजित वाल्दाई पॉलिसी फोरम को संबोधित करते हुए यह कहा कि PM मोदी कभी भी ऐसा फैसला नहीं करेंगे, जो भारत की संप्रभुता के खिलाफ हो। यहां पढ़ें पूरी खबर…

खबरें और भी हैं…



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments