भागलपुर मधुसुदनपुर थाना क्षेत्र के कंजिया बाईपास स्थित भतोरिया चौक पर अंडरपास निर्माण कार्य को लेकर तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। भतोरिया गांव के ग्रामीणों ने निर्माण कार्य रुकवा दिया, जिसके बाद प्रशासन की समझाइश से हालात शांत हुए। ग्रामीण अंडरपास निर्माण से आवागमन, व्यवसाय और सुरक्षा से जुड़ी परेशानियों की आशंका जता रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण से पहले उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं सुना गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया। निर्माण कार्य रुकने की सूचना मिलते ही जिला और पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। भागलपुर के एसडीएम विकास कुमार, डीएसपी-2 राकेश कुमार, नाथनगर थाना प्रभारी राजीव रंजन, मधुसुदनपुर थाना प्रभारी मोहम्मद सफदर अली और वज्र टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया और ग्रामीणों से बातचीत शुरू की। प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाया कि अंडरपास का निर्माण जनहित में किया जा रहा है। इससे भविष्य में यातायात व्यवस्था सुगम होगी और दुर्घटनाओं में कमी आएगी। एसडीएम विकास कुमार ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि उनकी सभी आपत्तियों और सुझावों को संबंधित विभाग तक पहुंचाया जाएगा और नियमों के तहत समाधान का प्रयास किया जाएगा। एसडीएम ने लोगों से शांति बनाए रखने और कानून व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की। डीएसपी-2 राकेश कुमार ने स्पष्ट किया कि किसी को कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जा सकती। प्रशासन की समझाइश के बावजूद कुछ लोग हंगामा करते रहे, जिसके बाद कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से दो से तीन लोगों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया। इसके बाद मौके पर स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो गई और भीड़ छंटने लगी। वज्र टीम की मौजूदगी के कारण किसी भी तरह की अप्रिय घटना नहीं हुई।
Source link

