ईरान के संसद स्पीकर मोहम्मद बाकर गालिबाफ ने ट्रम्प पर 1 घंटे में 7 झूठे दावे करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि ऐसे दावों से न तो अमेरिका युद्ध जीत पाया और न ही बातचीत में उसे फायदा मिलेगा। हालांकि गालिबाफ ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में यह साफ नहीं किया कि वे किन बयानों की बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मीडिया के जरिए लोगों को प्रभावित करने की कोशिश हो रही है, लेकिन ईरान के लोग इससे प्रभावित नहीं होंगे। दरअसल, ट्रम्प ने मीडिया में कई बड़े दावे किए हैं। उन्होंने कहा कि ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट को कभी बंद न करने पर सहमति दे दी है और यह भी दावा किया कि ईरान अपना एनरिच यूरेनियम अमेरिका के साथ मिलकर बाहर भेजेगा। हालांकि, ईरान ने इसे खारिज कर दिया है। ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बकाई ने कहा, “ईरान का एनरिच्ड यूरेनियम कहीं भी ट्रांसफर नहीं किया जाएगा।” होर्मुज खोलने को लेकर स्थिति साफ नहीं ईरान की संसद के स्पीकर मोहम्मद बाघेर गालिबाफ ने सोशल मीडिया पोस्ट में चेतावनी दी कि अगर अमेरिका अपनी नाकेबंदी जारी रखता है, तो होर्मुज स्ट्रेट खुला नहीं रहेगा और वहां से गुजरने के लिए ईरान की इजाजत जरूरी होगी। गालिबाफ के अनुसार, इस रास्ते से जहाजों की आवाजाही सिर्फ तय किए गए रूट और ईरान की अनुमति के आधार पर ही होगी। उन्होंने कहा कि होर्मुज खुला रहेगा या बंद होगा और इसके नियम क्या होंगे, यह जमीनी हालात तय करेंगे, न कि सोशल मीडिया पर किए गए दावे। वहीं अमेरिकी सेंट्रल कमांड USCC ने कहा है कि नाकेबंदी तब तक जारी रहेगी, जब तक राष्ट्रपति ट्रम्प इसे हटाने का आदेश नहीं देते। ट्रम्प पहले ही साफ कर चुके हैं कि जब तक ईरान शांति समझौते पर हस्ताक्षर नहीं करता, तब तक नाकेबंदी नहीं हटेगी। पिछले 24 घंटे के 5 बड़े अपडेट्स… होर्मुज स्ट्रेट खुला: ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि होर्मुज स्ट्रेट फिलहाल सभी व्यापारिक जहाजों के लिए खुला है और आवाजाही सामान्य है। ईरान की धमकी: ईरान ने चेतावनी दी कि अगर अमेरिकी नाकेबंदी जारी रही तो होर्मुज स्ट्रेट खुला नहीं रहेगा। ईरान ने ट्रम्प के कई दावों को गलत बताया। अमेरिकी नाकेबंदी जारी: ट्रम्प ने कहा कि ईरान के साथ समझौते में अब कोई बड़ी अड़चन नहीं बची है, हालांकि डील पूरी होने तक नौसैनिक नाकेबंदी जारी रहेगी। घर वापसी: इजराइल और लेबनान के बीच सीजफायर लागू होने के बाद लेबनान में हजारों लोग अपने घरों की ओर लौटने लगे हैं। इजराइल पर दबाव: ट्रम्प ने कहा कि लेबनान में 10 दिन के सीजफायर के दौरान इजराइल को बमबारी करने की अनुमति नहीं है। ईरान जंग से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
Source link

