गया शहर में दिनदहाड़े बाइक चोरी हो गई। घटना केएल गुप्ता शोरूम के पास हुई, जहां एक हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक चुरा ली गई। चोरी की पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है। कोतवाली थाना क्षेत्र के रामशिला मोड़ निवासी मुकेश प्रसाद सोमवार शाम अपनी बाइक (BR02CA 6206) शोरूम के बाहर खड़ी कर किसी काम से अंदर गए थे। जब वे वापस लौटे, तो उनकी बाइक गायब मिली। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करने पर एक युवक बाइक चोरी करते हुए दिखाई दिया। फुटेज में चोर बड़ी आसानी से मौके पर पहुंचा और कुछ ही मिनटों में बाइक लेकर फरार हो गया। चोरी की बाइक तलाशने में जुटी पुलिस घटना के बाद बाइक मालिक मुकेश प्रसाद ने सिविल लाइन थाना पहुंचकर लिखित आवेदन दिया और बाइक बरामद करने और चोर को गिरफ्तार करने की मांग की। सिविल लाइन थाना अध्यक्ष ने बताया कि बाइक चोरी का आवेदन मिला है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है। फुटेज में दिख रहे युवक की पहचान की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। चोरी गई बाइक को भी बरामद करने का प्रयास जारी है।
Source link

