मधुबनी जिले में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता मिली है। विभाग ने बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के बसैठा गांव के पास से 630 लीटर नेपाली देसी शराब से लदे एक स्कॉर्पियो वाहन को जब्त किया है। हालांकि, छापेमारी के दौरान वाहन चालक और तस्कर मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए। उत्पाद अधीक्षक विजयकांत ठाकुर ने रविवार दोपहर 12 बजे जानकारी देते हुए बताया कि विभाग को जिले में बड़ी मात्रा में नेपाली देसी शराब की खेप पहुंचने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन के बाद उत्पाद विभाग की टीम ने अहले सुबह बसैठा के पास घेराबंदी कर छापेमारी की। टीम को देखते ही शराब तस्कर वाहन छोड़कर भाग गए। तलाशी के दौरान स्कॉर्पियो से 70 कार्टन में पैक कुल 630 लीटर नेपाली देसी शराब बरामद की गई। जब्त वाहन और शराब को उत्पाद विभाग के कार्यालय लाया गया है, जहां आवश्यक कागजी और कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि फरार अज्ञात तस्कर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। उसकी पहचान कर गिरफ्तारी के लिए विभिन्न संभावित ठिकानों पर छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। विजयकांत ठाकुर ने यह भी कहा कि प्रारंभिक जांच में यह मामला किसी बड़े शराब तस्करी नेटवर्क से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। विभाग को ऐसी सूचनाएं मिल रही हैं कि इस नेटवर्क में जिले के कई बड़े नाम भी सामने आ सकते हैं। इसे लेकर गहन जांच की जा रही है। उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई को जिले में शराब तस्करी के खिलाफ एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link

