उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को प्रयागराज में प्रेरणा स्थल के लोकार्पण समारोह के मंच से राजनीतिक संदेश देते हुए वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में हुई “चूक” को स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि उस चूक का सभी को पछतावा है, लेकिन अब लक्ष्य वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव है। इसके लिए प्रयागराज की सभी 12 विधानसभा सीटों पर भाजपा को जीत दिलाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि 2027 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में लगातार तीसरी बार भाजपा सरकार बनानी है।
डॉ. मुखर्जी के बलिदान को किया याद
अपने संबोधन में मौर्य ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती का उल्लेख करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि जिस धारा 370 को हटाने के लिए डॉ. मुखर्जी ने बलिदान दिया था, वह अब समाप्त हो चुकी है। साथ ही अटल बिहारी वाजपेयी और अशोक सिंघल के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके सपने आज साकार हो रहे हैं।
मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं
उन्होंने कहा कि कभी किसी ने नहीं सोचा था कि भाजपा अपने दम पर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी, लेकिन प्रयागराज की जनता ने कमल का बटन दबाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने दावा किया कि आज पूरी दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ा है और इसका श्रेय देश की जनता को जाता है।
सपा सरकार और कानून व्यवस्था पर हमला
डिप्टी सीएम ने उत्तर प्रदेश की पूर्ववर्ती समाजवादी पार्टी सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रयागराज में विकास और कानून व्यवस्था की स्थिति खराब थी। अतीक अहमद और उसके गिरोह का आतंक था, लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अपराधियों को “मिट्टी में मिलाने” का काम किया गया।
2027 में 12 की 12 सीटें जीतने का आह्वान
भाषण के अंत में मौर्य ने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से संकल्प दिलाते हुए कहा कि 2027 में प्रयागराज की 12 की 12 विधानसभा सीटों पर कमल खिलाना होगा। उन्होंने कहा कि 2017 का इतिहास दोहराते हुए समाजवादी पार्टी का “सूपड़ा साफ” करना है। उन्होंने यह भी कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में हुई चूक से सबक लेकर भाजपा को और अधिक मजबूती के साथ मैदान में उतरना होगा। उनके अनुसार उत्तर प्रदेश में तीसरी बार भाजपा सरकार बनने से 2029 के लोकसभा चुनाव का रास्ता भी और मजबूत होगा।
बूथ स्तर से संगठन मजबूत करने का आह्वान
अपने पूरे संबोधन में डिप्टी सीएम का फोकस आगामी विधानसभा चुनाव पर रहा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक जुटने, संगठन को मजबूत करने और भाजपा को लगातार तीसरी बार सत्ता में लाने के लिए अभी से जुट जाने का आह्वान किया।
Source link
Dy. CM ने चूक मानने के साथ दिया चुनावी संदेश: प्रयागराज में केशव बोले- लोकसभा चुनाव की चूक का हम सभी को पछतावा – Prayagraj (Allahabad) News
RELATED ARTICLES

